संवाद कार्यक्रम में केडीए आयुक्त अग्रवाल ने दिए जीवन में कामयाबी के मंत्र

0
9
  • कोटा विकास प्राधिकरण के आयुक्त ने किया एमपीएस में प्ले स्टेशन का लोकार्पण
  • खेल और शिक्षा का संतुलन ही सर्वांगीण विकास का आधार: राजेश बिरला

कोटा। माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, श्रीनाथपुरम में गुरुवार को ‘संवाद एन इंस्पायरिंग डायलॉग टु वर्ड्स ए बेटर फ्यूचर’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) के आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के उपसभापति एवं विद्यालय अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विद्यालय परिसर में नव विकसित ‘एमपीएस प्ले स्टेशन’ का लोकार्पण भी किया। विद्यालय प्रशासक आरके जैन ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रशासन, करियर, व्यक्तित्व विकास और जीवन मूल्यों के संबंध में प्रेरित करना था।

संवाद सत्र में विद्यार्थियों ने करियर, सफलता, नेतृत्व और चुनौतियों से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य अतिथि ने सहज और प्रेरणादायक ढंग से उत्तर दिया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में राजेश कृष्ण बिरला ने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार, खेल और नवाचार का समृद्ध वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी अकादमिक और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने नव स्थापित ‘एमपीएस प्ले स्टेशन’ का उपयोग सुरक्षा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि बचनेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि सफलता निरंतर प्रयास, अनुशासन और सकारात्मक सोच का प्रतिफल होती है। यदि व्यक्ति अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे और विपरीत परिस्थितियों में भी हिम्मत न छोड़े तो वह अपने सपनों को अवश्य साकार कर सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि करियर का चयन दूसरों की प्रसिद्धि या सफलता देखकर नहीं, बल्कि अपनी रुचि, क्षमता और आत्मविश्वास के आधार पर करें।

उन्होंने कहा कि हर चुनौती का समाधान सही दृष्टिकोण और सकारात्मक सोच में छिपा होता है। विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

विद्यालय के मंत्री बिट्ठलदास मूंदड़ा ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल उच्च पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि श्रेष्ठ चरित्र का निर्माण करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से नैतिक मूल्यों को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्राचार्य अमित कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि का परिचय प्रस्तुत किया, जबकि उपप्राचार्या भक्ति निगम ने आभार व्यक्त किया। समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नृत्य के माध्यम से कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के उपाध्यक्ष नंदकिशोर काल्या, सहमंत्री घनश्याम मूंदड़ा, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार शारदा, सुरेश काबरा, पंचायत अध्यक्ष केजी जाखेटिया, प्रमोद कुमार भण्डारी समेत समाज के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।