नई दिल्ली। Weather Alart : मॉनसून अभी पूरी तरह से भारत के विभिन्न हिसों में फैला भी नहीं है, लेकिन भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सावधान करने वाली चेतावनी जारी की है। आईएमडी का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे बेहद संवेदनशील होने जा रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की उत्तरी सीमा मजबूती से आगे बढ़ रही है और अगले 2-3 दिनों में इसके अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत में भयंकर चक्रवाती आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसकी वजह से आने वाले कुछ दिनों तक लोगों तो उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। ऐसा इसलिए होगा क्योंकि अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट देखी जाएगी।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लिए अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि राज्य के लिए आज का दिन काफी संवेदनशील होने जा रहा है। पश्चिमी यूपी में 80 से 100 किमी/घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तूफान की प्रबल संभावना है।
इस दौरान ओलावृष्टि और भारी बारिश की आशंका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश की बात करें तो आज यहां 70 से 80 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज तूफान और ओले गिरने की आशंका है। 30 मई को भी पूरे यूपी में 50-60 किमी/घंटे की हवाएं चलेंगी। 31 मई को पूर्वी यूपी में भारी बारिश का अनुमान है।
आईएमडी का कहना है कि आज दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा में 70 से 80 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफान आने, ओले गिरने और भारी बारिश का अलर्ट है। 30 मई को भी तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहेगी।
ओले गिरने और भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने कहा है कि आज आज पूर्वी मध्य प्रदेश में लू का आखिरी असर रहेगा। मौसम विभाग ने आज और कल पूरे मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि और 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफान का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 31 मई को पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है। आज से लेकर 31 मई के दौरान छत्तीसगढ़ में 50 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान आने की आशंका है, जिससे गर्मी का असर कम होगा। 1 जून को भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

