स्पीकर बिरला और मंत्री दिलावर ने किया जिला अस्पताल का शिलान्यास
कोटा। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला और शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने शुक्रवार को रामगंजमंडी में जिला अस्पताल का भूमि पूजन व शिलान्यास किया। बिरला ने कहा कि यह अस्पताल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा और लंबे समय से बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की जो आवश्यकता महसूस की जा रही थी, उसे पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अब तक गंभीर इलाज के लिए लोगों को कोटा या झालावाड़ जाना पड़ता था, लेकिन 200 बेड के आधुनिक अस्पताल के बनने के बाद क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
अस्पताल में इमरजेंसी सहित विभिन्न आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि मोबाइल मेडिकल सेवाओं और मेडिकल कैंपों के माध्यम से गांव-गांव तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, जहां लोगों को जांच और दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
बिरला ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में रामगंजमंडी क्षेत्र में विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया गया है, जिससे आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि रामगंजमंडी उपखंड को विकास के सभी मानकों पर राजस्थान के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। जनता के विश्वास और सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
शिक्षा और तकनीकी संस्थानों का विस्तार
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि रामगंजमंडी में शिक्षा के क्षेत्र में भी लगातार विस्तार किया जा रहा है। यहां सैनिक कन्या विद्यालय, कन्या महाविद्यालय, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, वेद विद्यालय और संस्कृत महाविद्यालय जैसे संस्थानों का विकास किया जा रहा है, ताकि युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण मिल सके। सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर काम हो रहा दिल्ली-मुंबई रेल लाइन और कोटा एयर कनेक्टिविटी का लाभ भी क्षेत्र को मिलेगा, जिससे आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
हर वर्ग कल्याण के लिए प्रतिबद्ध
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि रामगंजमंडी में जिला अस्पताल भवन का शिलान्यास क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सतत प्रयासों और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सहयोग से यह महत्वपूर्ण परियोजना संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल डेढ़ वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है और इसे आधुनिक चिकित्सा उपकरणों एवं सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं, जिनका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।
दिलावर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक विकास की योजनाओं से समाज के हर वर्ग को लाभ मिल रहा है।

