नई दिल्ली। सोने और चांदी के बारे में कहा जाता है कि जब दुनिया में कोई आफत आती है तो इन बहुमूल्य धातुओं की चमक बढ़ जाती है। लेकिन आज इसका उल्टा देखने को मिला। ईरान और अमेरिका/इजरायल के बीच लड़ाई और तेज हो गई है।
इससे कच्चे तेल की कीमत में भारी उछाल देखने को मिला जबकि शेयर बाजार में भारी गिरावट आई। लेकिन इस बीच अमेरिका में फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों को यथावत रखने के फैसले ने सोने और चांदी में भारी गिरावट ला दी।
एमसीएक्स पर सोना करीब 9,000 रुपये सस्ता हुआ है जबकि चांदी की कीमत में करीब 27,000 रुपये की गिरावट आई है। 5 मई की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,48,194 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी लेकिन आज यह 2,45,000 रुपये पर खुली।
दिन चढ़ने के साथ इसकी गिरावट भी बढ़ती गई। शाम 6.07 बजे यह 26,735 रुपये यानी 10 फीसदी गिरावट के साथ 2,21,459 रुपये पर ट्रेड कर रही थी। यह इसका दिन का न्यूनतम स्तर है। 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी में 27,688 रुपये की गिरावट आई है।
इसी तरह 2 अप्रैल की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,53,025 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। आज यह 1,51,941 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान यह 1,43,901 रुपये तक गिरा। शाम 6.10 बजे यह 8,872 रुपये यानी 5.8 फीसदी गिरावट के साथ 1,44,153 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। 5 जून की डिलीवरी वाले सोने में 10,000 रुपये से ज्यादा की गिरावट आई है।

