नई दिल्ली। Stock Market 2 February 2026: वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच सोमवार (2 फरवरी) को भारतीय शेयर बाजार की कमजोर शुरुआत हुई। हालांकि, थोड़ी देर बाद बाजार गिरावट से उबरकर हरे निशान में आ गया।
सुबह 9:30 बजे सेंसेक्स 250 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी 24,830 के ऊपर है। शुरुआती कारोबार में मेटल, ऑटो, रियल्टी और PSU व प्राइवेट बैंक में अच्छी खरीदारी देखने को मिली।
इससे पहले, बाजार ने कमजोर शुरुआत की। सेंसेक्स 167 अंक गिरकर 80,555.68 पर खुला। वहीं, निफ्टी- 50 ने करीब 30 अंक की कमजोरी के साथ 24,796.50 पर कारोबार शुरू किया।
रविवार, 1 फरवरी को बजट 2026 के स्पेशल सेशन के दौरान सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) में दो साल बाद बढ़ोतरी के ऐलान के चलते भारतीय बाजारों में जोरदार बिकवाली देखने को मिली थी, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी 1.8 फीसदी से ज्यादा टूट गए थे।
टॉप गेनर, टॉप लूजर
सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के टॉप गेनर में L&T, एशियन पेंट्स, अदाणी पावर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावरग्रिड, BEL शामिल रहे। L&T और रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1 फीसदी से ज्यादा का उछाल देखा गया। वहीं दूसरी ओर, टॉप लूजर में ITC, इंफोसिस, ट्रेंड, टाइटन और हिंदुस्तान यूनिलीवर शामिल रहे। ट्रेंट, इंफोसिस, ITC के शेयरों में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही।
एशियाई बाजारों के संकेत
वैश्विक बाजारों की बात करें तो एशियाई बाजारों में सोमवार सुबह शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख देखने को मिला। निवेशक चीन की फैक्ट्री एक्टिविटी से जुड़े जनवरी के निजी आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं। इस दौरान सोने की कीमतों में गिरावट जारी रही और शुक्रवार की कमजोरी आगे बढ़ती दिखी।
अंतिम अपडेट तक चीन का CSI 300 इंडेक्स 0.01 प्रतिशत की बढ़त पर था, जापान का निक्केई 0.75 प्रतिशत चढ़ा हुआ था, जबकि हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग 1.34 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.63 प्रतिशत टूट चुका था।

