Kota Dussehra: लंका दहन पर दर्शक हुए रोमांचित, शबरी ने मांगी नवधा भक्ति

0
8

कोटा। Kota Dussehra 2024: 131वें राष्ट्रीय मेला दशहरा 2024 के तहत श्रीराम रंगमंच पर रामलीला का मंचन किया जा रहा है। गुरुवार की रात कलाकारों द्वारा शबरी मिलन, सुग्रीव मिलन, बाली का वध, सुग्रीव राज तिलक, हनुमान द्वारा सीता की खोज, अक्षय कुमार वध, सीताजी का मिलन और लंका दहन के प्रसंगों की लीला की गई।

इस अवसर पर मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी, भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष योगेंद्र नंदवाना अलकू, महिला मोर्चा सदस्य अनुसुइया गोस्वामी, एक्सईएन प्रकाशचंद शर्मा ने श्रीराम लक्ष्मण के प्रतिरुपों का पूजन किया। वहीं रामायण का पूजन कर मंचन का शुभारंभ किया।

दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पर श्री श्यामा श्याम लीला संस्थान द्वारा रामलीला का मंचन किया गया। लीला मंचन के दौरान श्रीराम और लक्ष्मण सीता की खोज करते हुए जंगल में बढ़ते हैं। वहां सुग्रीव उन्हें देख लेते हैं और हनुमान जी को ब्राह्मण वेष धारण कर श्रीराम के सम्मुख भेजते हैं।

इस पर श्रीराम हनुमान जी को पूरी घटना बताते हैं। इसके बाद हनुमान सुग्रीव की श्रीराम और लक्ष्मण से मित्रता कराते हैं। सुग्रीव अपने दुख का कारण श्रीराम को बताते हैं। तब योजनाबद्ध तरीके से सुग्रीव से बाली को ललकार कर युद्ध करने के लिए कहते हैं। इसके बाद श्रीराम एक ही बाण से बालि का वध कर देते हैं।

इसके अलावा रावण दरबार का भी मंचन होता है। लंका में हनुमान के पहुंचने की सूचना पर रावण मेघनाथ से उन्हें बंदी बनाकर लाने को कहता है। मेघनाथ ब्रह्मास्त्र फेंकते हुए हनुमान को बंदी बना लेता है और रावण के दरबार में ले जाता है। हनुमान जी की पूंछ में आग लगा दी जाती है। इसके बाद हनुमान जी पूरी लंका को जला डालते हैं।

रामचरितमानस की पूर्णाहुति
कोटा। 131वें राष्ट्रीय दशहरा मेला- 2024 के अन्तर्गत निगम भवन में स्थित श्री हनुमान मन्दिर पर चल रहे श्रीरामचरितमानस के पाठ की गुरुवार को पूर्णाहुति हुई। इस दौरान हवन किया गया। जिसमें मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी के साथ अन्य सदस्यों ने आहुतियां दीं। उल्लेखनीय है कि मेले के उद्घाटन के दिन 3 अक्टूबर को मंदिर में श्री रामायण पाठ प्रारंभ हुआ था। जिसके नौ पाठ पूरे होने के उपरांत पूर्णाहुति पर हवन किया गया है। वहीं रात्रि को भव्य सुंदरकांड का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में हनुमान जी महाराज के जयकारे गूंजते रहे।

आशापुरा माता जी मंदिर पर आज होगा मां दुर्गा का गुणगान
कोटा। राष्ट्रीय मेला दशहरा 2024 के अंतर्गत शुक्रवार को दुर्गा अष्टमी पर रात्रि 8:30 बजे आशापुरा माता मंदिर परिसर पर भजन संध्या आयोजित की जाएगी। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि प्रसिद्ध गायक कलाकार प्रकाश माली द्वारा माताजी के भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।