स्पार्टाथलॉन 2024: ग्रीस में कोटा के शक्ति ने दिखाया दम, लहराया देश का परचम

0
9

एथेंस/कोटा। विश्व की सबसे कठिन अल्ट्रा मैराथनों में से एक, 42वीं स्पार्टाथलॉन को कोटा के धावक शक्ति सिंह हाड़ा ने सफलतापूर्वक पूरा कर कोटा सहित देश का नाम स्वर्ण अक्षरों में शामिल करवाया है। 246 किलोमीटर (153 मील) लंबी दौड़ एथेंस से स्पार्टा में विश्व के 395 धावको ने हिस्सा लिया था और महज 193 धावक ही इस दौड़ को पूरी कर सके थे।

35 घण्टों में किया सफर पूरा
हाड़ा ने बताया कि विश्व की सबसे कठिन अल्ट्रा मैराथनों में से एक, 42वीं स्पार्टाथलॉन 28 सितंबर को सुबह 7 बजे एथेंस से स्पार्टा, ग्रीस से प्रारंभ हुई। 246 किलोमीटर की दूरी 36 घंटे में पूरी करने की चुनौती थी। परन्तु उन्होंने पूरी दौड 35 घण्टो में पूरी कर ली। इस दौरान उन्हें कई कठिनाईयों का सामना करना पड़ा। शक्ति ने यह दौड़ 29 सितम्बर को सांय 7 बजे पूरी की।

चुनौतियां पूर्ण मार्ग
शक्ति सिंह ने बताया कि स्पार्टाथलॉन केवल एक लंबी दौड़ नहीं है, बल्कि यह धावकों की शारीरिक और मानसिक क्षमता की एक कठोर परीक्षा है। 246 किलोमीटर के मार्ग में विभिन्न भौगोलिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। जिसमें पहाड़ी इलाके, तेज धूप और रात की ठंड शामिल हैं। जहां दिन में तापमान लगभग 40 डिग्री तक पहुंच जाता था, तो वहीं रात में 10 डिग्री की ठंड में उन्हें दौडना होता था। उन्होंने कहा कि पहाड़ी दुगर्म रास्तों पर दौड पूरी करना और सही रास्ते का चयन करना अपने आप में एक चुनौती था।

स्पार्टाथलॉन क्या है?
स्पार्टाथलॉन विश्व की सबसे कठिन अल्ट्रा मैराथनों में से एक है। यह 246 किलोमीटर (153 मील) लंबी दौड़ एथेंस से स्पार्टा तक के प्राचीन मार्ग पर आयोजित की जाती है। स्पार्टाथलॉन का आयोजन प्राचीन यूनानी योद्धा फिडिप्पिडेस की स्मृति में किया जाता है।