5 हजार करोड़ रुपए लेकर एक और कारोबारी भागा विदेश

1340

नई दिल्ली।नीरव मोदी, मेहुल चोकसी और विजय माल्या के बाद 5 हजार करोड़ रुपए लेकर एक और कारोबारी देश से भाग गया है। गुजराती कंपनी स्टर्लिंग बायोटेक के ओनर नितिन संदेसरा के दुबई में होने की बात कही जा रही थी लेकिन वह दुबई में नहीं मिला। ऐसा माना जा रहा है कि वह नाइजीरिया भाग गया है। स्टर्लिंग बायोटेक के ओनर नितिन संदेसरा पर 5 हजार करोड़ रुपए के बैंक घोटाले का आरोप है।

5 हजार करोड़ लेकर भागा कारोबारी
नीरव मोदी, मेहुल चोकसी और विजय माल्या के बाद गुजरात के कारोबारी नितिन संदेसरा के देश छोड़कर भागने की खबरें आ रही है। उन पर 5 हजार करोड़ रुपए के बैंक घोटाले का आरोप है। कुछ समय पहले यह खबर आई थी कि कारोबारी नितिन संदेसरा दुबई में हैं, लेकिन ईडी और सीबीआई के मुताबिक वह नाइजीरिया भाग गए हैं।

परिवार संग भागा नितिन संदेसरा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नितिन संदेसरा आपने भाई चेतन संदेसरा, भाभी दीप्ति बेन संदेसरा और परिवार के अन्य सदस्यों की भी नाइजीरिया में होने की बात कही जा रही है। हालांकि, अभी आधिकारिक तौर पर कुछ भी पता नहीं चला है।

कुछ समय पहले यह खबर आई थी कि नितिन को दुबई में यूएई अथॉरिटी ने हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में यह खबर गलत निकली। फिर यह सामने आया कि नितिन संदेसरा और उसका परिवार काफी समय पहले ही नाइजीरिया भाग गया है।

नाइजीरिया के साथ नहीं हैं प्रत्यर्पण समझौता
भारत का नाइजीरिया के साथ कोई प्रत्यर्पण समझौता नहीं है जिसके कारण नितिन को वहां से वापस लाना काफी मुश्किल काम होगा। उन्हें अफ्रीकी देश से वापस लाना सरकारी एजेंसियों के लिए कठिन होगा। हालांकि, जांच एजेंसियों ने यूएआई अथॉरिटी को संदेसरा की गिरफ्तारी का आवेदन देने का फैसला किया है। सरकारी एजेंसियां संदेसरा परिवार के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर सकती है।

विदेश में भी है नितिन का कारोबार
नितिन संदेसरा ने कभी दवा बेचने के काम से कारोबार की शुरुआत की थी। उन्होंने बाद में तेल, रियल एस्टेट, समेत कई बिजनेस में कदम रखा। संदेसरा का कारोबार भारत के अलावा नाइजीरिया, संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड, अमेरिका, सेशल्स और मॉरीशस में फैला हुआ है।

नाइजीरिया में उनके तेल के कुएं होने की बात भी कही गई है। कुछ समय पहले ईडी ने स्टर्लिंग बायोटेक के दिल्ली, मुंबई, वडोदरा, अहमदाबाद और सूरत समेत देश में 50 ठिकानों पर छापेमारी की थी।