2024 से पहले अमेरिका जैसी कर देंगे देश की सड़कें: नितिन गडकरी

0
220

नई दिल्ली। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को संसद में देश की सड़कों का रोडमैप सामने रखा। गडकरी ने कहा कि 2024 से पहले देश की सड़कों को अमेरिका जैसा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस साल दिसंबर तक दिल्ली से कई शहर 2 घंटे की दूरी पर होंगे। इसके साथ ही श्रीनगर से मुंबई की सड़क से दूर महज 20 घंटे रह जाएगी।

गडकरी ने कहा, ‘अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन कैनेडी का एक वाक्य मैं हर समय याद रखता हूं- अमेरिका की सड़कें इसलिए अच्छी नहीं हैं क्योंकि अमेरिका अमीर देश है। अमेरिका इसलिए अमीर है, क्योंकि यहां की सड़कें बहुत अच्छी हैं। 2024 खत्म होने से पहले हिन्दुस्तान का रोड इंफ्रास्ट्रक्चर अमेरिका के बराबर होगा, यह मैं विश्वास दिलाना चाहता हूं।’

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, ‘दिल्ली से मेरठ चालीस मिनट में आते हैं। मेरठ के लोगों ने बताया कि हम कनॉट प्लेस जाते हैं और आइसक्रीम खाते हैं और वापस आते हैं। यह बताइए साढ़े 4 घंटे अगर गाड़ी चलेगी, जो जितना पेट्रोल डीजल जलेगा, वह 40 मिनट में बजट हो जाएगा, वह हम टोल लेते हैं।’

गडकरी ने कहा, ‘मेरे साथ तमिलनाडु का एक अच्छा लड़का काम कर रहा है। वर्ल्ड बैंक में काम कर रहा था। बहुत होशियार है। मेरा ही स्टूडेंट था। उसने एक दिन मुझे गूगल पर सड़कें दिखाई और दिल्ली से चेन्नै रेस मार दी। और बताया कि कैसे घूमते घूमते सड़कें जाती हैं। उसके आइडिया के बाद ग्रीन हाइवे पर काम शुरू किया।’

हम 8 लेन बनाते हैं, तो भी 1 किमी काउंट करते हैं। हम 6 लेन बनाते हैं, तब भी 1 ही किमी काउंट करते हैं। हम 4 लेन बनाते हैं, तब भी 1 किमी काउंट करते हैं। उसी के आधार पर हमने पिछले साल 38 किमी प्रति दिन सड़कें बनाईं।
नितिन गडकरी

जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला से मुखातिब होते हुए गडकरी ने कहा कि केवल जम्मू कश्मीर में हम 60 हजार करोड़ का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि जोजीला टनल पर करीब एक हजार लोग शून्य से नीचे तापमान पर लगातार काम कर रहे हैं। 2026 के काम को 2024 से पहले पूरा करने का टारगेट है। उन्होंने कहा कि मनाली में अटल टनल बनी है। पहले साढ़े 3 घंटे लगते थे अब आठ मिनट में जा रहे हैं। लद्दाख लेह से सीधे करगिल, करगिल से झेरमोर और झेरमर से श्रीनगर और श्रीनगर से फिर जम्मू के बीच हम बड़ा हाइवे बना रहे हैं। इसमें पांच टनल बन रही हैं। यह साल खत्म होने से पहले श्रीनगर से 20 घंटे के अंदर मुंबई पहुंच सकेंगे।