Wednesday, July 22, 2026
Home Blog Page 260

JEE Main 2026 की अंतिम उत्तर कुंजी जारी, बीई और बीटेक के हटाए नौ प्रश्न

0

नई दिल्ली। JEE Main Final Answer Key : राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE) मेन 2026 के बीई/बीटेक (पेपर-1) की अंतिम उत्तर कुंजी जारी कर दी है। सत्र-1 की फाइनल आंसर-की से 9 प्रश्न हटा दिए गए हैं।

परीक्षा में शामिल हुए 13 लाख से अधिक उम्मीदवार अब अपनी उत्तर पुस्तिका का मिलान अंतिम उत्तर कुंजी से कर सकते हैं और अपने संभावित स्कोर का अनुमान लगा सकते हैं।

एनटीए ने 21 से 29 जनवरी तक प्रतिदिन दो शिफ्टों में जेईई मेन सेशन-1 की परीक्षा आयोजित की थी। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रवेश परीक्षा की अनंतिम उत्तर कुंजी 4 फरवरी को जारी की गई। उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in के माध्यम से 6 फरवरी तक प्रति प्रश्न 200 रुपये शुल्क देकर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया था।

आज जारी होगा रिजल्ट
जेईई मेन 2026 की अंतिम उत्तर कुंजी के अनुसार कुल 9 प्रश्न हटा दिए गए हैं। एनटीए सत्र-1 के उम्मीदवारों के लिए परिणाम 16 फरवरी तक घोषित करेगा। जो अभ्यर्थी अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे सेशन-2 परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिसके लिए पंजीकरण 25 फरवरी को बंद होगा।

स्पष्ट किया गया है कि अंतिम रैंक सूची तैयार करते समय दोनों सत्रों में प्राप्त अंकों में से बेहतर स्कोर को माना जाएगा। जिन उम्मीदवारों ने पहले से आवेदन किया है, वे अपने पुराने लॉगिन क्रेडेंशियल का उपयोग करके केवल शुल्क का भुगतान कर सकते हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, एनटीए 2 से 9 अप्रैल तक सेशन-2 परीक्षा आयोजित करेगा।

WPI: थोक महंगाई दर जनवरी में बढ़कर 1.81 प्रतिशत पर पहुंची

नई दिल्ली। Wholesale Inflation Rate: थोक मूल्य सूचकांक (WPI) आधारित महंगाई दर जनवरी में लगातार तीसरे महीने बढ़ते हुए 1.81 प्रतिशत पर पहुंच गई।

इसकी वजह खाने-पीने की वस्तुओं, गैर-खाद्य वस्तुओं और मैन्युफैक्चर्ड उत्पादों के दाम बढ़ना रहा। पिछले साल जनवरी में डब्ल्यूपीआई महंगाई 2.51 प्रतिशत थी, जबकि पिछले महीने (दिसंबर 2025) में यह 0.83 प्रतिशत रही थी।

उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा, जनवरी 2026 में महंगाई की सकारात्मक दर मुख्य रूप से बेसिक मेटल्स, अन्य विनिर्माण, गैर-खाद्य वस्तुएं, खाद्य वस्तुएं और टेक्सटाइल आदि के दाम बढ़ने के कारण रही।

WPI के आंकड़ों के अनुसार, खाने-पीने के वस्तुओं में महंगाई जनवरी में 1.55 प्रतिशत रही, जबकि दिसंबर में इसमें 0.43 प्रतिशत की गिरावट (डिफ्लेशन) दर्ज की गई थी। सब्जियों के मामले में, जनवरी में महंगाई 6.78 प्रतिशत रही, जबकि दिसंबर में इसमें 3.50 प्रतिशत की गिरावट थी।

मैन्युफैक्चर्ड उत्पादों में थोक महंगाई बढ़कर 2.86 प्रतिशत हो गई, जो दिसंबर में 1.82 प्रतिशत थी। गैर-खाद्य वस्तुओं की श्रेणी में महंगाई जनवरी में बढ़कर 7.58 प्रतिशत हो गई, जो दिसंबर में 2.95 प्रतिशत थी।

फ्यूल एंड पावर में डिफ्लेशन
ईंधन और बिजली (फ्यूल एंड पावर) क्षेत्र में नकारात्मक महंगाई यानी डिफ्लेशन जारी रहा। जनवरी में यह 4.01 प्रतिशत रहा, जबकि दिसंबर में यह 2.31 प्रतिशत था। पिछले सप्ताह जारी आंकड़ों के अनुसार, देश की खुदरा महंगाई (सीपीआई) जनवरी में बढ़कर 2.75 प्रतिशत हो गई।

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने महंगाई कम रहने के कारण चालू वित्त वर्ष में नीतिगत ब्याज दरों में कुल 1.25 प्रतिशत की कटौती की है। आरबीआई ब्याज दरों पर फैसले के लिए मुख्य रूप से खुदरा महंगाई को ट्रैक करता है। इस महीने की शुरुआत में आरबीआई ने प्रमुख नीतिगत ब्याज दर को 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखा था।

अमरीका एवं चीन के बीच व्यापार वार्ता की खबर से सोयाबीन का भाव तेज

शिकागो। अमरीका और चीन के राष्ट्रपति की एक मीटिंग होने वाली है जिसमें सोयाबीन की बिक्री के बारे में चर्चा की जाएगी। समझा जाता है कि अमरीकी राष्ट्रपति के ज्यादा दबाव डालने पर चीन सोयाबीन का आयात बढ़ाने पर सहमत हो सकता है।

इस उम्मीद के मनोवैज्ञानिक असर से शिकागो बोर्ड ऑफ ट्रेड (सीबोट) में सोयाबीन का वायदा भाव उछलकर 12 नवम्बर- 2025 के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। जानकार सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति के बीच होने वाली बैठक के बाद दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिवधियों के अगले कम से कम एक साल की अवधि तक बहाल करने पर सहमति बन सकती है।

उल्लेखनीय है कि अमरीका और चीन के राष्ट्रपति के बीच पिछले साल भी बैठक हुई थी और उसमें अमरीकी सोयाबीन के आयात-निर्यात पर सहमति बनी थी लेकिन इसका कोई सार्थक परिणाम सामने नहीं आया। चीन के खरीदारों ने अमरीका से सोयाबीन आयात के कुछ अनुबंध किए थे लेकिन इसकी डिलीवरी पर संशय बना रहा।

लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील में इस बार सोयाबीन का उत्पादन तेजी से बढ़कर सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है और वहां नई फसल की जोरदार कटाई-तैयारी तथा मंडियों में आवक भी शुरू हो चुकी है जिससे उसके निर्यात की रफ्तार काफी बढ़ गई है। लेकिन अमरीकी किसानों को उम्मीद है कि राष्ट्रपति की मीटिंग के बाद चीन अमरीका से सोयाबीन की खरीद कर सकता है।

अमरीकी कृषि विभाग ने सोयाबीन के निर्यात के अनुमान में कोई बदलाव नहीं किया है जिससे संकेत मिलता है कि उसे चीन में इसके शिपमेंट में भारी इजाफा होने का भरोसा नहीं हैं। चीन की सोयाबीन मांग को ब्राजील पूरा करने में सक्षम है।

यदि अमरीका को वहां अपने उत्पाद का निर्यात बढ़ाना है तो अपने सोयाबीन के दाम को ब्राजील से कुछ नीचे रखना पड़ेगा। लेकिन इसके विपरीत हो रहा है। सोयाबीन का भाव ब्राजील में स्थिर मगर अमरीका में तेज हो गया है।

पाकिस्तान ने आईएसआई के जरिये रूस में बनाई सीक्रेट सेल, जानिए इसके पीछे वजह

मॉस्को। दुनिया में बदलते वर्ल्ड ऑर्डर के बीच भारत के दोस्त रूस के भीतर एक बहुत ही गहरा खेल चल रहा है। द्विपक्षीय सहयोग की आड़ में दो विदेशी खुफिया एजेंसियों ने मॉस्को में अपना सीक्रेट सेल शुरू किया है।

रिपोर्ट से पता चलता है कि तुर्की और पाकिस्तान ने रूस में अपने राजनयिक मिशनों के अंदर चुपके से खुफिया यूनिट्स को शामिल कर लिया है। ब्लिट्ज की रिपोर्ट के अनुसार, तुर्की ने मॉस्को स्थित अपने दूतावास के अंदर एक खुफिया सेल बनाया है। इसके साथ ही पाकिस्तान की कुख्यात खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) ने कथित तौर पर मैट्रियोश्का डेस्क नाम की स्पेशल ऑपरेशनल यूनिट बनाई है।

पाकिस्तान हाल के दिनों में रूस से करीबी बढ़ा रहा है। दोनों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में तेजी आई है। हालांकि, आकलन से पता चलता है कि इस बार पाकिस्तानी यूनिट के इरादे कहीं ज्यादा खतरनाक हैं। इसके मकसद में रूसी खुफिया सिस्टम में घुसने से लेकर विदेशों में मौजूद रूसी खुफिया एसेट्स के बारे में जानकारी जुटाना शामिल है।

सूत्र बताते हैं कि ISI की खुफिया डेस्क मेट्रियोश्का को इसी साल जनवरी में आर्मी चीफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर के निर्देश के बाद शुरू किया गया था। कथित तौर पर ये निर्देश वॉशिंगटन में CIA से जुड़े अधिकारियों बातचीत के बाद दिए गए थे। इस यूनिट का संचालन ब्रिगेडियर आसिफ खान और दो अन्य अधिकारी कर रहे हैं। इस यूनिट का एक खतरनाक मकसद रूसी मिलिट्री, इंटेलिजेंस, मीडिया और एलीट सर्कल से लोगों को भर्ती करना है। कुछ रिपोर्ट्स तो यहां तक कहती हैं कि इसके निशाने पर राष्ट्रपति पुतिन भी हैं।

पाकिस्तान की यह यूनिट अचानक नहीं बनी है, बल्कि इसके पीछे लंबी तैयारी शामिल है। ISI के पास ऑपरेटिव्स का एक नेटवर्क तैयार है, जिन्हें भर्ती और रैडिकलाइजेशन ऑपरेशन के लिए रूस में तैनात किया जा सकता है। इनमें से कुछ ऑपरेटिव अच्छी रूसी बोलते हैं, जो आसानी से स्थानीय समाज में मिल सकते हैं।

एमसीएक्स पर चांदी 3.3% टूटी, सोना भी हुआ सस्ता, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। एमसीएक्स पर सोमवार 16 फरवरी को सुबह के कारोबार में सोने की कीमतों में करीब 1% की गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली किए जाने के कारण आई, क्योंकि पिछले सत्र में सोने की कीमतों में 2% का उछाल आया था।

इस दौरान अमेरिकी डॉलर में भी मजबूती देखी गई, जिससे कीमती धातुओं पर दबाव बना। एमसीएक्स पर गोल्ड अप्रैल फ्यूचर कांट्रैक्ट 1,54,743 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि सिल्वर मार्च वायदा भाव 3% से अधिक टूटकर 2,36,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया।

चांदी की कीमतों में सोमवार को तेज गिरावट देखी गई। एमसीएक्स पर चांदी 3.3% लुढ़ककर 2,36,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट सिल्वर 0.6% गिरकर 76.92 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि शुक्रवार को इसमें 3% की तेजी आई थी।

अमेरिकी श्रम विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक 0.2% बढ़ा, जो अर्थशास्त्रियों के 0.3% के अनुमान से कम था। महंगाई के नरम आंकड़े आमतौर पर ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को बढ़ावा देते हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की चमक हुई कम
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत में भी गिरावट दर्ज की गई। स्पॉट गोल्ड 0.4% गिरकर 5,020.10 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि पिछले सत्र में इसमें 2.5% का उछाल आया था। अमेरिकी गोल्ड वायदा (अप्रैल डिलीवरी) में 0.1% की गिरावट आई और यह 5,039.50 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अन्य कीमती धातुओं में भी गिरावट का रुख रहा। स्पॉट प्लैटिनम 0.4% फिसलकर 2,054.35 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि पैलेडियम में 0.4% की मामूली बढ़त देखी गई और यह 1,692.23 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

Stock Market: सेंसेक्स 146 अंक गिरकर 82480 और निफ्टी 25423 पर खुला

नई दिल्ली। Stock Market Opened: सप्ताह के पहले दिन सोमवार को शेयर मार्केट की शुरुआत लाल निशान के साथ हुई। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 146 अंक नीचे 82480 के लेवल पर खुला। एनएसई का 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 47 अंकों के नुकसान के साथ आज के कारोबार की शुरुआत 25423 के स्तर से की।

ग्लोबल मार्केट के संकेत संकेत

एशियाई बाजार
आज एशियाई बाजार स्थिर रहे, जिससे हाल ही में भारी तेजी मजबूत हुई। पिछले सप्ताह 5 प्रतिशत की वृद्धि के बाद जापान का निक्केई महज 0.2 प्रतिशत बढ़ा। जापान के बाहर एशिया-प्रशांत शेयरों के एमएससीआई के व्यापक सूचकांक में 0.1 प्रतिशत चढ़ा। चीन, दक्षिण कोरिया और ताइवान के बाजार नव वर्ष की छुट्टियों के लिए बंद हैं।

गिफ्ट निफ्टी टुडे
गिफ्ट निफ्टी 25,465 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 54 अंकों की छूट है। यह भारतीय शेयर बाजार के के लिए कमजोर शुरुआत का संकेत देता है।

वॉल स्ट्रीट का हाल
अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को मिश्रित बंद हुए। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 48.95 अंक या 0.10 प्रतिशत बढ़कर 49,500.93 पर पहुंच गया, जबकि एसएंडपी 500 3.41 अंक या 0.05 प्रतिशत बढ़कर 6,836.17 पर पहुंच गया। नैस्डैक कंपोजिट 50.48 अंक या 0.22 प्रतिशत कम होकर 22,546.67 पर बंद हुआ।

रियलमी का 6300mAh बैटरी वाला फोन, गिरने पर भी नहीं टूटेगा, जल्द होगा लॉन्च

नई दिल्ली। रियलमी भारतीय बाजार में एक नए फोन को लॉन्च करने की तैयारी में जुट गई है। रियलमी जल्द भारत में Realme P4 lite 4G को लॉन्च करेगी। कंपनी ने फिलहाल सटीक तारीख नहीं बताई है।

लॉन्च से पहले ही फोन की माइक्रोसाइट Flipkart पर लाइव हो गई है, जहां कंपनी ने अपकमिंग फोन के कई स्पेसिफिकेशन्स को भी कंफर्म दिया है। यह एक अल्ट्रा-स्लिम 6300mAh बैटरी स्मार्टफोन होगा।

बेहतरीन कैमरा और AI फीचर्स
फ्लिपकार्ट माइक्रोसाइट पर कंपनी ने फोन के डिजाइन, कलर ऑप्शन्स के साथ-साथ कई अन्य डिटेल्स का खुलासा कर दिया है। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि फोन तीन कलर्स – ओब्सीडियन ब्लैक, सी ब्लू और बीच गोल्डन में आएगा। बैक पैनल पर टॉप की तरफ एक स्क्वायर शेप का कैमरा मॉड्यूल होगा, जिसमें दो सेंसर के साथ एक एलईडी फ्लैश भी है। फोन में 13 मेगापिक्सेल का रियर कैमरा मिलेगा। कैमरे में नाइट मोड भी मिलेगा, जो कम रोशनी में भी बेहतरीन फोटो लेगा। फोन में एआई इरेजर, एआई कॉल नॉइज रिडक्शन 2.0, एआई बेस्ट और एआई क्लियर फेस, एआई इमेज मैटिंग और सर्कल टू सर्च जैसे AI फीचर्स का सपोर्ट भी मिलेगा।

स्लिम, लाइटवेट और मजबूत
माइक्रोसाइट पर कंपनी ने बताया कि यह एक अल्ट्रा-स्लिम 6300mAh बैटरी स्मार्टफोन होगा। यह मिलिट्री ग्रेड शॉक रेजिस्टेंट रेटिंग के साथ आएगा, जिसे लेकर दावा है कि फोन 1.8 मीटर ऊंचाई से अचानक गिरने पर टूटेगा नहीं। 201 ग्राम वजनी इस फोन की मोटाई केवल 7.94 एमएम है। धूल और पानी से सुरक्षित रहने के लिए इसे IP54 रेटिंग दी गई है। डिस्प्ले गीले हाथों से भी चलाने पर भी सटीक रिस्पॉन्स करेगा।

पावरफुल प्रोसेसर
इसमें 90 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट वाला 6.74 इंच डिस्प्ले मिलेगा, जो 563 निट्स पीक ब्राइटनेस और 180 हर्ट्ज तक टच सैंपलिंग रेट प्रदान करेगा। फोन ऑक्टा-कोर चिपसेट से लैस होगा, हालांकि कंपनी ने अभी चिपसेट के नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन कंपनी ने इतना जरूर बता दिया है कि यह एक सआथ 14 ऐप्स चला सकता है। फोन में 18GB डायनामिक रैम और 128GB स्टोरेज मिलेगा। फोन में 300 फीसदी अल्ट्रा वॉल्यूम मिलेगी। फोन एंड्रॉयड 15 पर बेस्ड रियलमी यूआई पर चलेगा। इसमें मिनी कैप्सूल, ऑलवेज-ऑन डिस्प्ले और प्राइवेसी सेफ जैसे फीचर्स भी मिलेंगे।

46.5 घंटे की बैटरी बैकअप
बैटरी लाइफ को लेकर कंपनी का दावा है कि फोन एक बार चार्ज करने पर दो दिन चलेगा। चार्जिंग के लिए इसमें टाइप-सी पोर्ट मिलेगा। कंपनी का दावा है कि एक बार फुल चार्ज कर 20.7 घंटे तक यूट्यूब चला सकते हैं, 19 घंटे तक इंस्टाग्राम चला सकते हैं, 46.5 घंटे तक कॉलिंग कर सकते हैं या लगातार 13.6 घंटे तक कैंडीक्रैश गेम खेल सकते हैं। फोन में 15W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता और चार्जर बॉक्स में ही मिलता है। फोन में 6W रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है, जिससे अन्य डिवाइस चार्ज किए जा सकते हैं। दावा है कि 5 मिनट चार्ज करके 2.3 घंटे कॉलिंग की जा सकती है या 5.4 घंटे स्पॉटिफाई पर गाने सुने जा सकते हैं।

मुक्त व्यापार समझौतों से भारत को 1 लाख करोड़ के सीमा शुल्क का नुकसान

नई दिल्ली। बजट दस्तावेजों के मुताबिक अब तक हुए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के तहत तरजीही शुल्क के कारण भारत को वित्त वर्ष 2027 में 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक सीमा शुल्क का नुकसान हो सकता है।

वित्त वर्ष 2026 में मुक्त व्यापार समझौतों के कारण मिली शुल्क छूट के कारण देश का सीमा शुल्क से राजस्व नुकसान 98,569 करोड़ रुपये था, जो उस वर्ष के लिए 94,172 करोड़ रुपये के बजट अनुमान से अधिक है।

वित्त वर्ष 2027 में दक्षिण एशियाई देशों के संगठन (आसियान) के साथ हुए समझौते के कारण सीमा शुल्क घाटा सबसे अधिक 40,833 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। आसियान के साथ भारत से निर्यात की तुलना में आयात बहुत तेजी से बढ़ा है, जिसके कारण भारत ने व्यापार समझौते की तत्काल जरूरत पर जोर दिया है।

अगस्त 2023 में दोनों पक्ष 2025 तक मौजूदा समझौते की समीक्षा पूरी करने को सहमत हुए थे। बहरहाल यह तिथि बीत चुकी है और समीक्षा नहीं हो पाई। समीक्षा की सुस्त प्रक्रिया को लेकर भारत ने नाखुशी जाहिर की है।

अन्य देशों में जापान (11,365 करोड़ रुपये), दक्षिण कोरिया (10,872 करोड़ रुपये) और ऑस्ट्रेलिया (5107 करोड़ रुपये) शामिल हैं, जिनके साथ एफटीए के कारण राजस्व का बड़ा नुकसान होने वाला है।

मई 2022 में लागू हुए भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच हुए व्यापार समझौते के कारण वित्त वर्ष 2027 में सीमा शुल्क से राजस्व नुकसान 9,267 करोड़ रुपये होने वाला है।भारत का सबसे पसंदीदा देश (एमएफएन) शुल्क कई प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में अधिक बना हुआ है। खासकर कृषि, वाहन, कुछ उपभोक्ता वस्तुओं के मामले में यह अधिक है।

इसकी वजह से एफटीए वार्ता में सामान्यतया भारत को शुल्क में उल्लेखनीय कटौती करनी पड़ती है, जिससे कारोबार के हिसाब से व्यावहारिक बाजार पहुंच मिल सके। समय बीतने के साथ ज्यादा वस्तुएं व सेवाएं तरजीही शुल्क के दायरे में आ रही हैं और आयात की मात्रा बढ़ रही है, ऐसे में काल्पनिक राजस्व का असर बढ़ जाता है।

इस मसले पर लंबे समय से आंतरिक बहस चल रही है। इसके पहले राजस्व विभाग के अधिकारियों ने तर्क दिया था कि शुल्क में ज्यादा कटौती करने से सीमा शुल्क संग्रह कम हो रहा है, जो हाल के वर्षों में केंद्र के सकल कर राजस्व का 6 से 7 प्रतिशत है।

वहीं व्यापार संबंधी नीति निर्माताओं का कहना है कि सीमा शुल्क को प्राथमिक रूप से व्यापार नीति के साधन के रूप में डिजाइन किया गया है, न कि राजस्व बढ़ाने वाले साधन के रूप में तैयार किया गया है।

उनका तर्क है कि कम इनपुट शुल्क से प्रतिस्पर्धा सुधर सकती है, इससे भारत का वैश्विक मूल्य श्रृंखला के साथ तालमेल होगा और आर्थिक गतिविधियां बढ़ने के कारण कर के आधार का विस्तार होगा। सरकार ने वित्त वर्ष 2027 में सीमा शुल्क संग्रह 5 प्रतिशत बढ़कर 2.7 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान लगाया है, जो वित्त वर्ष 2026 में 10 प्रतिशत बढ़ा था।

बहरहाल विशेषज्ञों का कहना है कि बजट में वित्त वर्ष 2027 के लिए सीमा शुल्क राजस्व में 2.9 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान कम आकलन हो सकता है, क्योंकि भारत ने पिछले 5 साल में 9 व्यापार समझौते किए हैं, जिसमें 38 देश शामिल हैं। इनमें से कई समझौते चालू वित्त के दौरान लागू होंगे।

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में कहा कि भारत को अब एफटीए के माध्यम से वैश्विक व्यापार के लगभग 70 प्रतिशत तक तरजीही बाजार पहुंच प्राप्त है।

हाल में संपन्न व्यापार समझौतों में यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन (एफ्टा), ब्रिटेन, ओमान, न्यूजीलैंड, यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ एक अंतरिम व्यापार समझौता शामिल है। एफ्टा के साथ व्यापार समझौता अक्टूबर 2025 में लागू हुआ, वहीं सीमा शुल्क में हुई महत्त्वपूर्ण कटौती से जुड़े अन्य समझौते वित्त वर्ष 2027 में लागू होने की उम्मीद है।

चंद्रेश्वर महादेव मंदिर के संरक्षण से पर्यटन को मिलेगी नई दिशा: स्पीकर बिरला

चंद्रेसल में 7 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का किया शिलान्यास

कोटा। महाशिवरात्रि के अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने चंद्रेसल स्थित प्राचीन चंद्रेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित मेले एवं विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान महादेव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

बिरला ने कहा कि चंबल तट के निकट स्थित यह दसवीं शताब्दी का ऐतिहासिक शिवालय सदियों से आस्था और सांस्कृतिक पहचान का केंद्र रहा है। यह मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि कोटा की प्राचीन विरासत का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि मंदिर की पुरातात्विक धरोहर को सुरक्षित रखते हुए इसे आवश्यक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिल सके। मंदिर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रथम चरण में 10 करोड़ रुपए के कार्य भी शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ पर्यावरण पर्यटन से भी जोड़ा जाएगा। क्षेत्र में मगरमच्छ संरक्षण को लेकर प्रयास किए जाएंगे।

विधायक कल्पना देवी ने कहा कि चंद्रेसल क्षेत्र में लगभग 1.63 करोड़ रुपए के कार्य पूरे हो चुके हैं। 49.59 लाख रुपए के कार्य प्रगति पर हैं और 6.81 करोड़ रुपए के कार्य प्रक्रिया में हैं। महाशिवरात्रि पर चार प्रमुख कार्यों का शिलान्यास किया गया। वार्ड 20 में 715 मीटर सड़क 42.23 लाख रुपए की लागत से बनेगी।

शिव मठ के लिए 80 मीटर एप्रोच सड़क 53.43 लाख रुपए में तैयार होगी। श्मशान के पास नाले पर पुलिया व एप्रोच मार्ग 48.67 लाख रुपए से बनेगा। रोटेदा श्मशान से चंद्रेसल तक 3.40 किलोमीटर सीसी सड़क 5.37 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बिरला ने विभिन्न कार्यक्रमों में लिया भाग
महाशिवरात्रि के अवसर पर बिरला ने कोटा के मंगलेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर हाड़ौती केसरी दंगल के शुभारंभ समारोह में भाग लिया। उन्होंने कहा कि मंगलेश्वर व्यायामशाला के संरक्षक नाथुलाल सुमन की मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि यहाँ की मिट्टी से निकले युवा आज इस खेल के माध्यम से हाड़ौती का गौरव बढ़ा रहे हैं।

इसके बाद उन्होंने भीतरिया कुण्ड में श्री पंचमुखी सोमेश्वर सेवा समिति द्वारा आयोजित निशुल्क विवाह सम्मेलन में भाग लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सहयोग और सादगी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने नवदंपतियों के सुखद दांपत्य जीवन की कामना करते हुए सभी को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएँ दीं।

तलवंडी के नागरिक अवांछनीय गतिविधियों से परेशान, एसपी को ज्ञापन सौंपा

कोटा। शहर के तलवंडी क्षेत्र में बढ़ती अवांछनीय गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों की मौजूदगी से त्रस्त स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। इस संबंध में क्षेत्रवासियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर सेक्टर–ए, इन्द्र विहार विकास समिति क्षेत्र (मकान संख्या 472 से 572) में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सुंदर विहार विकास समिति के सरंक्षक अशोक माहेश्वरी, अध्यक्ष मुरली मनोहर जैन, सचिव मनीष बंसल, अमिताभ गोस्वामी सहित समिति के कई लोग उपस्थित रहे। समिति के संरक्षक अशोक माहेश्वरी ने बताया कि ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र में 100 से अधिक परिवार पिछले कई वर्षों से निवास कर रहे हैं, किंतु हाल के दिनों में असामाजिक गतिविधियों में वृद्धि से माहौल असुरक्षित हो गया है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि प्रतिदिन शाम होते ही कुछ युवक तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ज्ञापन के अनुसार 4 फरवरी की शाम लगभग 7 बजे एक वाहन चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए सड़क पर चल रही महिलाओं को टक्कर मार दी।

घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वाहन (नंबर RJ20-CC-2619) की टक्कर इतनी तेज थी कि महिला लगभग 30 फीट दूर जा गिरीं और गंभीर चोटें आईं।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण आवासीय क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती हैं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं।