Sunday, July 12, 2026
Home Blog Page 162

Ramayana Teaser: रामायण पार्ट 1 का टीजर आउट, श्री राम बने रणबीर कपूर

नई दिल्ली। Ramayana Teaser Out: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी माइथोलॉजिकल फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ (Ramayana Part 1) से रणबीर कपूर की पहली झलक देखने का फैंस बड़ी ही बेसब्री के साथ इंतजार कर रहे थे। फिल्म के सेट से अभिनेता के ‘श्रीराम’ के रूप में कई लुक पहले ही लीक हो चुके थे, जिससे दर्शकों की उत्सुकता सातवें आसमान पर थी।

बीते दिनों मेकर्स ने यह बताया था कि 2 अप्रैल को वे फैंस को बहुत बड़ा सरप्राइज देने वाले हैं और अब हनुमान जयंती के पावन मौके पर फिल्म ‘रामायण’ से रणबीर कपूर का ‘श्रीराम’ लुक और धांसू टीजर आधिकारिक तौर पर सामने आ गया है।

2 मिनट 38 सेकंड के इस धमाकेदार टीजर में भगवान राम बनकर पर्दे पर आए रणबीर कपूर की कुछ शानदार झलकियां दिखाई गई हैं। नितेश तिवारी ने ‘रामायण’ के माध्यम से एक नए नजरिए को दुनियाभर तक पहुंचाने की कोशिश की है। इस छोटे से टीजर की शुरुआत उस समय से होती है, जब राक्षसों ने पूरी दुनिया में त्राहि-त्राहि मचाई हुई थी.. ‘जब-जब दुनिया में उथल-पुथल मची हुई थी, तो कैसे श्रीराम सभी सवालों का जवाब बनकर आएं।’

‘रामायण’ के टीजर की शुरुआत रणबीर कपूर की अयोध्या में एंट्री से होती है। जब वह अपने राज्य में प्रवेश करते हैं, तो उन पर फूलों की वर्षा की जाती है, जिससे तुरंत ही भगवान राम के रूप में उनकी राजसी उपस्थिति स्थापित हो जाती है। टीजर में उनका ‘वॉरियर मोड’और सीता व लक्ष्मण के साथ उनके वनवास के दृश्य भी दिखाए गए हैं। वहीं, अंत में ‘रावण’ बने यश की झलक भी मेकर्स ने दिखाई है, जिसने फैंस की उत्सुकता को दोगुने लेवल पर पहुंचा दिया है।

सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘रामायण’
टीजर में श्रीराम और माता सीता के विवाह से लेकर उनके ‘वनवास’ जाने तक के लुक्स को नितेश तिवारी ने बड़ी ही खूबसूरती से दिखाया है। इस टीजर को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने एक भावुक नोट भी लिखा।

उन्होंने लिखा, “राम सभी में सबसे श्रेष्ठ थे। उन्होंने ऐसा जीवन जिया जिसमें उनके द्वारा लिए गए फैसले हमेशा बड़े हित में होते थे। उन्होंने अपनी इच्छाओं के ऊपर कर्तव्य को रखा और खुद के ऊपर त्याग को चुना।उनकी विरासत समय के साथ मानवता को बेहतर और सशक्त बनाती जा रही है। वह मानव को अच्छाई में भरोसा दिलाते हैं, ताकि वह सभी संघर्षों का समाधान जीवन में ढूंढ सके और दुनिया में शांति बनी रहे।” रामायण पार्ट 1 की रिलीज डेट की बात करें तो यह फिल्म इस साल दीवाली के मौके पे रिलीज होगी और इसका सेकंड पार्ट 2027 की दीवाली पर रिलीज किया जाएगा। 

केंद्र का बड़ा ऐलान, 40 से अधिक सामानों पर इंपोर्ट ड्यूटी खत्म, किसे होगा फायदा

नई दिल्ली। Import duties scrapped on 40 items: भारत सरकार ने आज एक बड़ा ऐलान किया है। केंद्र सरकार ने कई जरूरी केमिकल और पेट्रोकेमिकल प्रोडक्ट्स पर इम्पोर्ट ड्यूटी यानी आयात शुल्क हटा दी है। यह छूट 2 अप्रैल यानी आज से 30 जून 2026 तक लागू रहेगी। लाइव मिंट की खबर के मुताबिक सरकार का मकसद है कि उद्योगों को सस्ते में कच्चा माल मिल सके और उत्पादन पर ज्यादा असर न पड़े।

दरअसल मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध की वजह से दुनियाभर में सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। इससे केमिकल्स की उपलब्धता कम हो गई और कीमतें बढ़ने लगीं। इसी स्थिति को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया ताकि कच्चे माल की कमी न हो, कीमतें ज्यादा न बढ़ें और उद्योगों का काम न रुके।

किन चीजों पर खत्म हुई ड्यूटी
सरकार ने 40 से ज्यादा केमिकल्स और पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर ड्यूटी खत्म की है। इनमें पॉलीकार्बोनेट्स, मेथेनॉल, एसीटिक एसिड, फिनॉल, पीवीसी, पॉलीथीलीन टेरेफ्थलेट (PET), एनहाइड्रस अमोनिया, टॉल्यूइन, ABS जैसे प्लास्टिक स्टाइरीन, डाइक्लोरोमेथेन, विनाइल क्लोराइड, मेथेनॉल, आइसोप्रोपिल एल्कोहल, फिनॉल, एसेटिक एसिड, पीटीए, पॉलीप्रोपीलीन, पॉलीस्टायरीन आदि। ये सभी चीजें कई उद्योगों में इस्तेमाल होती हैं।

किन सेक्टर को मिलेगा लाभ

  • प्लास्टिक और पैकेजिंग: कच्चे माल की लागत कम होने से पैकेजिंग इंडस्ट्री की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी।
  • फार्मास्यूटिकल्स: कई दवाओं के निर्माण में पेट्रोकेमिकल इंटरमीडिएट्स का उपयोग होता है, जिससे अब दवाओं की लागत कम हो सकती है।
  • टेक्सटाइल: सिंथेटिक फाइबर और कपड़ों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले केमिकल्स सस्ते होंगे।
  • ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स: कार और बाइक के कलपुर्जों (प्लास्टिक और रबर पार्ट्स) की मैन्युफैक्चरिंग कॉस्ट में कमी आएगी।
  • केमिकल और अन्य मैन्युफैक्चरिंग: औद्योगिक रसायनों का उत्पादन करने वाली इकाइयों को बड़ी राहत मिलेगी।

MCX पर चांदी 13,000 से ज्यादा टूटी, सोना 2547 रुपए गिरा, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। Gold Silver Price2 April: ट्रंप के ताजा बयानों के बाद कमोडिटी और बुलियन मार्केट्स में सोने-चांदी की कीमतों में आज गुरुवार, 2 अप्रैल को भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। चांदी की कीमतों में करीब 6% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बता दें ट्रंप ने कहा कि अमेरिका आने वाले कुछ हफ्तों तक ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रखेगा। इससे बाजार में तनाव बढ़ गया।

MCX पर चांदी की कीमत 13,613 रुपये प्रति किलो गिरकर 2,29,888 रुपये प्रति किलो पर आ गई। वहीं, सोना का भाव आज 2,547 रुपये सस्ता होकर 1,51,161 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव
दूसरी ओर वैश्विक बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव दिखा। स्पॉट सिल्वर 2.9% गिरकर 72.95 डॉलर पर आ गया, जबकि स्पॉट गोल्ड 1.3% गिरकर 4,694.48 डाॅलर प्रति औंस रहा। यूएस गोल्ड फ्यूचर्स भी 1.9% गिरकर 4,723.70 डॉलर पर आ गए।

तेल, डॉलर और बॉन्ड यील्ड में उछाल: ट्रंप के बयान के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमतें 4 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ गईं। इसके साथ ही डॉलर और 10 साल की अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में भी तेजी आई। मजबूत डॉलर और बढ़ती यील्ड के कारण सोना-चांदी जैसे एसेट निवेशकों के लिए कम आकर्षक हो जाते हैं।

ब्याज दरों की उम्मीदों का असर: बाजार को उम्मीद है कि फेडरल रिजर्व जल्द ही ब्याज दरों में कटौती नहीं करेगा। 2026 में रेट कट की संभावना काफी कम है और दिसंबर तक केवल करीब 25% संभावना मानी जा रही है।

Market: ट्रंप के बयान से सेंसेक्स 1500 अंक गिरा, निवेशकों के 10 लाख करोड़ डूबे

नई दिल्ली। Stock Market, April 2, 2026: एशियाई बाजारों से कमजोर रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार गुरुवार (2 अप्रैल) को बड़ी गिरावट में खुले। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के अधिक सैन्य आक्रामकता के संकेत देने के बाद पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव को लेकर चिंताएं फिर बढ़ गईं।

इसका बाजार के सेंटीमेंट्स पर नेगेटिव पड़ा। बैंकिंग शेयरों में बिकवाली ने गिरावट को और बढ़ा दिया। बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स 1500 अंक से ज्यादा तक गिर गया।  शेयर मार्केट में इस गिरावट से सुबह-सुबह ही निवेशकों के करीब 10 लाख करोड़ रुपये डूब गए। बीएसई पर लिस्ट कंपनियों का मार्केट कैप करीब 10 लाख करोड़ रुपये घटकर करीब 412 लाख करोड़ रुपये रह गया।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) करीब 900 अंक की गिरावट लेकर 72,262 पर खुला। खुलते ही इंडेक्स में गिरावट और बढ़ गई। सुबह 9:20 बजे यह 1443.72 अंक या 1.97 प्रतिशत की गिरावट लेकर 71,690 पर कारोबार कर रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी कमजोरी के साथ 22,383 पर खुला और खुलते ही 22300 के नीचे फिसला गया। सुबह 9:20 बजे यह 456.60 अंक या 2.01 फीसदी गिरकर 22,222.80 पर कारोबार कर रहा था।

ग्लोबल मार्केट के संकेत
एशियाई बाजारों में शुरुआती बढ़त खत्म हो गई। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अगले 2 से 3 हफ्तों में ईरान पर कड़ा हमला कर सकता है। इससे पश्चिम एशिया में जल्दी युद्धविराम की उम्मीदों पर पानी फिर गया। ट्रंप ने यह भी कहा कि तेहरान के साथ बातचीत जारी है और युद्ध ज्यादा लंबा नहीं चल सकता। इन विरोधाभासी बयानों से निवेशकों की चिंता बढ़ गई। जापान का निक्केई 225 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स क्रमशः 1.33 प्रतिशत और 2.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

अमेरिका के शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। निवेशकों को उम्मीद थी कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहा युद्ध जल्द खत्म हो सकता है। एस एंड पी 500 और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज क्रमशः 0.72 प्रतिशत और 0.48 प्रतिशत ऊपर बंद हुए। वहीं नैस्डैक कंपोजिट 1.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

केंद्र ने सोना-चांदी के आभूषणों के आयात पर रोक लगाई, अब DGFT से लाइसेंस जरूरी

नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार ने सोना, चांदी और प्लैटिनम के आभूषणों के आयात पर तत्काल रोक लगा दी है, ताकि एफटीए का दुरुपयोग रोका जा सके। इसके तहत अब आयातकों को डीजीएफटी से अनुमति या लाइसेंस लेना होगा, जबकि कुछ विशेष निर्यात केंद्र और योजनाएं इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगी।

विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) की अधिसूचना में कहा गया, ये प्रतिबंध किसी भी पहले किए गए अनुबंध, अपरिवर्तनीय वाणिज्यिक साख पत्र (लेटर ऑफ क्रेडिट), अग्रिम भुगतान, खेप की स्थिति या किसी अन्य प्रतिबद्धता के बावजूद स्वतंत्र रूप से लागू होंगे। इसके अनुसार, संक्रमणकालीन नियमों का लाभ अब उपलब्ध नहीं होगा। अस्थायी या अंतरिम नियमों के तहत मिलने वाले किसी भी विशेष लाभ का इस बार कोई फायदा नहीं मिलेगा।

सीमा शुल्क कोड 7113 (कस्टम्स टैरिफ हेडिंग) के तहत आने वाले सामानों की आयात नीति को तत्काल प्रभाव से ‘मुक्त’ से ‘प्रतिबंधित’ में संशोधित किया गया है। इस सीमा शुल्क कोड में सोना, चांदी और प्लैटिनम के आभूषण आते हैं। अब इन वस्तुओं के आयातकों को डीजीएफटी से अनुमति या लाइसेंस लेना होगा।

इसके साथ ही, अब सभी सोना, चांदी और प्लैटिनम के आभूषणों के आयात पर प्रतिबंध लागू हो गया है। हालांकि, 100 फीसदी निर्यात केंद्रित इकाइयों और विशेष आर्थिक क्षेत्रों (एसईजेड) में स्थित इकाइयों के आयात इन प्रतिबंधों से मुक्त रहेंगे। साथ ही, विदेश व्यापार नीति के एक हिस्से के तहत रत्न और आभूषण के निर्यात के लिए बनाई गई योजनाओं के तहत किया गया आयात भी इन प्रतिबंधों से मुक्त रहेगा।

एक अधिकारी ने कहा कि कुछ आयातक भारत-आसियान एफटीए का दुरुपयोग कर रहे थे। उन्होंने सरकार से कहा कि लाइसेंस प्रक्रिया सरल बनाई जाए, ताकि वास्तविक व्यापारी इस कदम से प्रभावित न हों। भारत का 2010 से 10 दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों के समूह आसियान के साथ वस्तुओं पर मुक्त व्यापार समझौता है।

पिछले साल नवंबर में सरकार ने कुछ प्रकार के प्लैटिनम आभूषणों के आयात पर अप्रैल तक रोक लगा दी थी। सितंबर 2025 में इसी तरह के प्रतिबंध चांदी के आभूषणों पर मार्च तक लागू किए गए थे।

अधिकारी ने कहा कि कुछ व्यापारी एफटीए का गलत फायदा उठाकर शुल्क में अंतर का लाभ लेकर जल्दी मुनाफा कमाने की कोशिश कर रहे थे। इस कदम का मकसद थाईलैंड जैसे देशों से सजावट वाले आभूषणों के नाम पर इन कीमती धातुओं के आयात को रोकना है।

डोनाल्ड ट्रंप का ईरान पर जीत का दावा, बोले- हमने वो किया, जो पहले नहीं हुआ

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ चल रहे युद्ध पर देश को संबोधित किया है। भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह साढ़े छह बजे उन्होंने अपने भाषण में कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिका का सैन्य अभियान सफल रहा है।

उन्होंने कहा कि अमेरिकी फौज ने बहुत कामयाबी के साथ ईरान की सैन्य क्षमताओं को खत्म करते हुए उनकी परमाणु हथियार हासिल करने की उम्मीद को खत्म किया है। उन्होंने ईरान में अमेरिका के लक्ष्य पूरे होने का ऐलान किया है।

राष्ट्र को संबोधित करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की सेना ने ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के तहत युद्ध के मैदान में तेज, निर्णायक और जबरदस्त जीत हासिल की है। यह एक ऐसी जीत है, जो बहुत कम लोगों ने पहले कभी देखी होगी। ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है, उनकी वायुसेना तबाह हो चुकी है और उनके ज्यादातर नेता अब मारे जा चुके हैं।

ईरान की नेवी खत्म हो गई। उनकी एयरफोर्स तबाह हो गई उनके ज़्यादातर नेता मर चुके हैं और आईआरजीसी को भी कमजोर कर दिया गया है। उनका मिसाइल कार्यक्रम निशाना बना है। हमारा युद्ध का मकसद पूरा होने के करीब है।

डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स का कंट्रोल पूरी तरह से खत्म किया जा रहा है। मिसाइल और ड्रोन लॉन्च करने की उनकी क्षमता में भारी कमी आई है। उनकी हथियारों की फैक्ट्रियां तथा रॉकेट लॉन्चर टुकड़े-टुकड़े किए जा रहे हैं। अब उनमें से बहुत ही कम बचे रह गए हैं।

ट्रंप ने साफतौर पर कहा है कि अमेरिका अपने विभिन्न सैन्य लक्ष्यों को पूरा करने के करीब है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका युद्ध के आर्थिक नतीजों से निपटने के लिए पहले से कहीं ज्यादा बेहतर रूप से तैयार है। ट्रंप ने इस सैन्य अभियान का विरोध करने वाले लोगों की भी आलोचना की है। उन्होने कहा कि लोगों ने उनको समझने की कोशिश नहीं की।

ईरान पर हमला बेहद जरूरी था क्योंकि वो न्यूक्लियर वेपन (परमाणु हथियार) बनाने के बेहद करीब पहुंच चुका था। हमने उनको ऐसा करने से रोक दिया है। हम ये साफ करना चाहते हैं कि ईरान को पमाणु हथियार नहीं बनाने दिया जाएगा।
डोनाल्ड ट्रंप

होर्मुज पर बड़ा ऐलान
ईरान के होर्मुज स्ट्रेट पर कंट्रोल को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी सहयोगियों से कहा है कि वे होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजरानी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हिम्मत जुटाएं। उन्होंने कहा कि अमेरिका को इसकी जरूरत नहीं है क्योंकि अमेरिका को खाड़ी के तेल और गैस की जरूरत नहीं है। अमेरिका के पास अपनी एनर्जी है।

डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी लोगों के नाम ऐसे समय संबोधन किया है, जह अमेरिका और इजरायल का ईरान के खिलाफ चलाया जा रहा सैन्य अभियान दूसरे महीने में प्रवेश कर चुका है। इस संघर्ष ने दुनिया के बड़े हिस्से को प्रभावित किया है। खासतौर से होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने ने दुनिया में एनर्जी संकट पैदा किया है।

कोटा मंडल ने 74 वर्षों में भाप इंजन से कवच 4.0 तक का ऐतिहासिक सफर पूरा किया

स्थापना दिवस पर प्रदर्शनी, रेल सेवा पुरस्कार समारोह एवं कवि सम्मेलन आयोजित

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल का 74वाँ स्थापना दिवस बुधवार को मेनाल ऑफिसर्स क्लब, कोटा में उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर रेलवे प्रदर्शनी, रेल सेवा पुरस्कार समारोह एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का एक साथ भव्य संयोजन किया गया। प्रदर्शनी में कोटा के हज़ारों नागरिक, विद्यार्थी एवं परिवारजन रेलवे की आधुनिक तकनीक एवं उपलब्धियों से सीधे परिचित हुए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मंडल रेल प्रबंधक ने मीडिया को कोटा मंडल के चौहत्तर वर्षों की यात्रा, उपलब्धियों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। मंडल रेल प्रबंधक कालरा एवं महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा अंशु कालरा ने महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं के साथ प्रदर्शनी का भ्रमण किया तथा विभिन्न विभागों की स्टॉलों पर रेलवे की कार्यप्रणाली को निकट से समझा।

जैन ने बताया कि प्रदर्शनी में वाणिज्य, परिचालन, कार्मिक, रेलवे सुरक्षा बल, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, गति शक्ति यूनिट एवं निर्माण, सिग्नल एवं दूरसंचार, ट्रैक्शन रोलिंग स्टॉक शेड टीकेडी, ट्रैक्शन वितरण, ट्रैक्शन रोलिंग ऑपरेशन, यांत्रिक तथा विद्युत विभाग सहित कुल 13 स्टॉलें लगाई गई थीं।

प्रत्येक स्टॉल पर कार्यशील मॉडल्स, डिजिटल स्क्रीन और इंटरैक्टिव प्रदर्शनों के माध्यम से रेलवे की कार्यप्रणाली को सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। कवच 4.0 स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, अमृत भारत स्टेशन योजना, 2×25 केवी ओएचई विद्युतीकरण, हाई स्पीड ट्रायल्स, रेल मदद ऐप तथा रेलवन ऐप जैसी आधुनिक उपलब्धियाँ फ्लेक्स, डिजिटल डिस्प्ले और लाइव मॉडल्स के माध्यम से प्रदर्शित की गईं।

कोटा के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपने परिवारजनों के साथ प्रदर्शनी का भ्रमण किया और रेलवे की कार्यप्रणाली, तकनीक एवं सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसे ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणास्पद बताया। सेल्फी प्वाइंट व्यवस्था से बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया।

41 कर्मचारी रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित
इस अवसर पर आयोजित 70वें रेल सेवा पुरस्कार सप्ताह के अंतर्गत पुरस्कार समारोह में कोटा मंडल के कुल 41 समर्पित कर्मचारियों को उनकी निष्ठा, परिश्रम एवं उत्कृष्ट सेवाभाव के लिए सम्मानित किया गया।

सायंकाल आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में जगदीश सोलंकी, सुरेन्द्र यादवेन्द्र, रावजात शत्रु, निशामुनि गौड़ एवं सलोनी राणा आदि कवियों ने अपनी ओजस्वी काव्य-रचनाओं से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।

उल्लेखनीय है कि 1 अप्रैल 1952 को पश्चिमी रेलवे के अंतर्गत स्थापित कोटा मंडल पचहत्तरवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। चौहत्तर वर्षों की इस यात्रा में मंडल ने भाप इंजन से विद्युत इंजन, एकल लाइन से दोहरी विद्युतीकृत लाइन, और मैन्युअल सिग्नल से कवच 4.0 स्वचालित सुरक्षा प्रणाली तक का ऐतिहासिक रूपांतरण देखा है। आज यह मंडल देश का पहला ऐसा रेलवे मंडल है, जहाँ दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग के मथुरा से नागदा तक पूरे पाँच सौ उनचास किलोमीटर पर कवच 4.0 पूर्णतः स्थापित है।

खुश होंगे हनुमान, राम राम रटे जा.. कलश यात्रा में बही श्रद्धा और भक्ति की बयार

श्री मंशापूर्ण हनुमान मंदिर छावनी पर तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव समारोह शुरू

​कोटा। छावनी स्थित प्रसिद्ध श्री मंशापूर्ण हनुमान मंदिर प्रबंध समिति के तत्वावधान में तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव का भव्य शुभारंभ बुधवार को भक्तिमय वातावरण में शोभायात्रा के साथ हुआ।

उत्सव के प्रथम दिन श्री मंगलेश्वर महादेव मंदिर, छावनी से एक विशाल कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें हनुमान जी के जयकारों के साथ श्रद्धा और भक्ति की बयार बहती रही। शोभायात्रा में 1100 महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर मंगल गान करती हुई चल रही थीं।

शोभायात्रा नगर निगम कॉलोनी मार्ग से होते हुए मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पहुँची। पूरी राह ‘घूमा दे म्हारा बालाजी घूमर घूमर घोटो..’ और ‘खुश होंगे हनुमान, राम राम रटे जा..’ जैसे भजनों से गुंजायमान रही। युवाओं की टोली बैंड की मधुर धुन पर थिरकती नजर आई। जिससे पूरा क्षेत्र धर्ममय हो गया।

मार्ग को भगवा पताकाओं और तोरण द्वारों से सजाया गया था। जगह-जगह सामाजिक और व्यापारिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा कर और अल्पाहार वितरित कर यात्रा का स्वागत किया। प्रथम दिन की पूर्व संध्या पर मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ भी संपन्न हुआ।

इस दौरान अध्यक्ष जयप्रकाश तुसिया, सचिव योगेश कोटिया, उपाध्यक्ष कमल शाक्यवाल, कोषाध्यक्ष नितेश सिंह, मुख्य यजमान घनश्याम प्रजापति, त्रिलोक नैनवानी, विजय सिंह राठौड़, भूपेंद्र प्रजापति, नागेंद्र सिंह गौड़ समेत कईं लोग उपस्थित रहे।

भजन संध्या आज
​समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश तुसिया ने बताया कि प्राकट्य उत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को आध्यात्मिक गतिविधियों का केंद्र रहा। प्रातः काल बजरंगबली का पंचामृत से महाअभिषेक करने के बाद प्रतिमा का विशेष स्वर्ण श्रृंगार किया। शाम 7:30 बजे 125 दीपकों के साथ भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इसके पश्चात रात्रि 9 बजे से बहुप्रतीक्षित ‘भजन संध्या’ शुरू होगी। जिसमें राजसमंद के सुप्रसिद्ध गायक भगवत सुथार एंड पार्टी द्वारा भजनों की अमृत वर्षा की जाएगी। इसी दौरान सामूहिक विवाह के ‘मुख्य माता-पिता’ के चयन की बोली प्रक्रिया भी संपन्न होगी।

सामूहिक विवाह सम्मेलन कल
​उत्सव का समापन शुक्रवार को सेवा कार्यों के साथ होगा। इस दिन प्रातः 9 बजे से 32 जोड़ों का निशुल्क सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसमें सर्व समाज की जरूरतमंद कन्याओं का कन्यादान किया जाएगा। इसके साथ ही दोपहर 1 बजे से विशाल आम भंडारे का आयोजन भी होगा। जिसमें करीब 70 हजार लोगों के भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है।

Kota Mandi: लिवाली निकलने से कोटा मंडी में जौ, सोयाबीन और सरसों उछली

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में बुधवार को देसावरी मांग से लहसुन 500 तेज बिका। लिवाली निकलने से जौ, सोयाबीन और सरसों 50 रुपये और उछल गई। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब दो लाख कट्टे और लहसुन की 8000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं नया मिल. 2200 से 2275, गेहूं एवरेज टुकड़ी 2300 से 2400, बेस्ट टुकड़ी 2400 से 2650, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1800, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ नया 1900 से 2250 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3251, धान (1509) 3400 से 4000, धान (1847) 3200 से 3851, धान (1718-1885) 3900 से 4400, धान (पूसा-1) 3600 से 4070, धान (1401-1886) 3800 से 4150, धान दागी 1500 से 3600 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 5000 से 5790, सरसों 6000 से 7290, अलसी 6800 से 7300, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 7000, उड़द 4500 से 8250, चना देशी पुराना 4700 से 5151, चना मौसमी नया 5100 से 5350, चना पेप्सी 5200 से 5751, चना डंकी पुराना 3500 से 4500, चना काबुली 5500 से 7500, नया चना देशी 5000 से 5451 रुपये प्रति क्विंटल।

नया लहसुन 2500 से 11500, मैथी पुरानी 5000 से 6000, मैथी नयी 5800 से 6400, धनिया बादामी पुराना 9500 से 10500, धनिया ईगल नया 11200 से 12000, धनिया रंगदार 12500से 16000 रुपये प्रति क्विंटल।

Realme का 50MP AI कैमरा, 7000mAh बैटरी वाला यह फोन 3000 रुपये महंगा हुआ

नई दिल्ली। Realme Narzo 90x 5G New Price : भारतीय स्मार्टफोन बाजार में बजट 5G फोन्स की मांग काफी है। लेकिन अब बजट स्मार्टफोन लगातार महंगे हो रहे हैं। 1 अप्रैल यानी आज से ही रियलमी ने Realme Narzo 90x 5G की कीमत भी बढ़ा दी है। इस फोन के दोनों वैरिएंट अब 2500 रुपए तक महंगे हो गए हैं।

Realme Narzo 90 5G में 7000mAh की टाइटन बैटरी दी गई है। इसके साथ 60W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी मिलता है। फोन में 50MP प्राइमरी रियर कैमरा भी है जो इस फोन को कम कीमत में एक अच्छा ऑप्शन बनाता था।

Realme Narzo 90x की नई कीमत
Realme Narzo 90x 5G के बेस वेरिएंट 6GB RAM + 128GB स्टोरेज फोन को 13,999 रुपये में लॉन्च किया गया था लेकिन अब यह फोन 16,499 रुपए का हो गया है। वहीं टॉप वेरिएंट के 8GB RAM + 128GB स्टोरेज की कीमत 15,499 रुपये रखी गई थी, जो आज 1 अप्रैल से 17,999 रुपए में बेचा जायेगा। ये दोनों स्मार्टफोन भारत में Amazon और Realme इंडिया के ऑनलाइन स्टोर पर सेल के लिए उपलब्ध होंगे। Narzo 90x 5G नाइट्रो ब्लू और फ्लैश ब्लू रंगों में मिलेगा।

Realme Narzo 90x 5G के स्पेसिफिकेशन
Realme Narzo 90x 5G में थोड़ा बड़ा 6.80-इंच LCD डिस्प्ले मिलता है। इस फोन में 144Hz रिफ्रेश रेट, 1,200 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है। Narzo 90x 5G में ऑक्टा कोर 6nm MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट दिया गया है।

Narzo 90x 5G में 50-मेगापिक्सल का Sony IMX852 प्राइमरी रियर कैमरा है। स्टैंडर्ड मॉडल में सेल्फी के लिए 50-मेगापिक्सल और Narzo 90x में 8-मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा है। रियलमी एआई एडिट जेनी, एआई एडिटर, एआई इरेजर और एआई अल्ट्रा क्लैरिटी जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स भी देगी।

फोन में 7,000mAh की टाइटन बैटरी है। Narzo 90x 5G एक बार चार्ज होकर 136.2 घंटे म्यूजिक, 23.6 घंटे ऑनलाइन वीडियो प्लेबैक, 17.1 घंटे नेविगेशन, 27.7 घंटे चैट और 61.3 घंटे कॉलिंग का लाभ प्रदान कर सकता है। कंपनी बैटरी लाइफ के साथ 6 साल की गांरटी दे रही है। धूल और पानी से बचाव के लिए दोनों फोन में IP66/68/69 रेटिंग दी जाएगी।