कोटा स्टेशन पर मिलेगी गोल्फ कार्ट की सुविधा, शुरू होगा प्रीपेड टैक्सी बूथ

0
4
  • जेडआरयूसीसी सदस्य आशीष मेहता के सुझावों पर रेलवे बोर्ड और जीएम ने लिया संज्ञान
  • वंदे भारत ट्रेनों के मेंटेनेंस के लिए केंपेट डिजाइन नई पिट लाइन स्वीकृत
  • वंदेभारत के संचालन का रास्ता होगा साफ

कोटा। कोटा रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगों के लिए गोल्फ कार्ट (इलेक्ट्रिक कार्ट) की सुविधा, यात्रियों को मनमाने किराए से निजात दिलाने के लिए प्रीपेड टैक्सी बूथ की स्थापना और कोटा में ही आधुनिक ट्रेनों के प्राथमिक रखरखाव के लिए विश्वस्तरीय केंपेट डिजाइन नई पिटलाइन के निर्माण को मंजूरी मिली है।

क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य आशीष मेहता ने पिछले दिनों पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) की उपस्थिति में जबलपुर में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में कोटा मंडल और यात्रियों से जुड़े कई अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था।

आशीष मेहता द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और रेलवे के बुनियादी ढांचे में सुधार को लेकर दिए गए सभी व्यावहारिक सुझावों पर रेलवे प्रशासन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए तत्काल संज्ञान लिया है। रेलवे द्वारा इन मांगों को स्वीकृत किए जाने से आने वाले समय में कोटा रेलवे स्टेशन की सूरत बदलने वाली है।

बैठक में वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और बीमार यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए स्टेशन आधुनिकीकरण के तहत प्लेटफॉर्मों पर इलेक्ट्रिक कार्ट और लगेज ट्रॉली के संचालन की मांग को स्वीकार कर लिया गया है। रेलवे ने सूचित किया है कि कोटा मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर इसके लिए एनएफआर के माध्यम से टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, कोटा शहर के ‘एजुकेशन सिटी’ होने के मद्देनजर, देश भर से आने वाले विद्यार्थियों और उनके परिजनों को ऑटो-टैक्सी चालकों की मनमानी से बचाने के लिए कोटा स्टेशन पर प्रीपेड टैक्सी बूथ की स्थापना को मंजूरी दे दी गई है। पुनर्विकास कार्य पूरा होते ही ट्रैफिक पुलिस के समन्वय से इसे तुरंत शुरू किया जाएगा।

कोटा मंडल से नई ट्रेनों के संचालन और उनके प्राथमिक रखरखाव के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए आशीष मेहता की मांग पर रेलवे ने बड़ी सौगात दी है। कोटा में वंदे भारत गाड़ियों के विश्वस्तरीय मेंटेनेंस के लिए आधुनिक ‘केंपेट डिजाइन पिट लाइन’ के कार्य को स्वीकृति दे दी गई है। इसके साथ ही एक नई पिट लाइन (स्टेबलिंग लाइन सुविधा सहित) का निर्माण कार्य भी मंजूर किया गया है। इस कदम से भविष्य में कोटा से नई दिल्ली, मुंबई या अन्य प्रमुख मार्गों के लिए नई वंदे भारत और अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन का रास्ता साफ हो गया है।

स्टेशन पुनर्विकास कार्यों में तेजी के निर्देश
आशीष मेहता ने मानसून के दौरान कोटा जंक्शन पर चल रहे पुनर्विकास और निर्माण कार्यों की धीमी गति के कारण यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों को होने वाली असुविधा और हादसों के खतरे का मुद्दा पुरजोर ढंग से उठाया था। इस पर संज्ञान लेते हुए महाप्रबंधक ने संबंधित ठेकेदार को पाबंद करने, कार्य की समय-सीमा तय करने और जहां काम चल रहा है वहां अनिवार्य रूप से बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा, मिशन रफ्तार के तहत मथुरा-नागदा खंड में ट्रैक फेंसिंग का कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई और रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बरसाती पानी की निकासी हेतु पंपिंग व्यवस्था व संरचनात्मक सुधार के कार्य शुरू कर दिए गए हैं। त्यौहारों पर ‘आनन-फानन’ में बिना प्रचार-प्रसार के स्पेशल ट्रेनें चलाने से यात्रियों को होने वाली असुविधा पर भी रेलवे ने भविष्य में 7 से 10 दिन पहले एडवांस नोटिफिकेशन जारी करने का आश्वासन दिया है।