लक्ष्मण सिंह खींची ने रोटरी क्लब के अध्यक्ष और मुकेश चौधरी ने सचिव पद की ली शपथ
कोटा। अनवरत मानव सेवा कार्यों में संलग्न 67 वर्ष पुराने प्रतिष्ठित रोटरी क्लब कोटा के सत्र 2026-27 का शपथ ग्रहण एवं पदस्थापना समारोह शुक्रवार को सियाम ऑडिटोरियम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। अध्यक्षता रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3056 के प्रांतपाल (डिस्ट्रिक्ट गवर्नर) अरुण बगड़िया ने की।
कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष मनोज सोनी तथा निवर्तमान सचिव नीरज अग्रवाल ने नवनियुक्त अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खींची और सचिव मुकेश चौधरी को रोटरी की परंपरा के अनुसार पदभार सौंपा।
समारोह को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि रोटरी क्लब जैसी सामाजिक संस्थाओं को सेवा के नए-नए प्रकल्प अपने हाथ में लेने चाहिए, ताकि सेवा का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंच सके।
उन्होंने प्रेरणा देते हुए कहा कि हमें यह समझना होगा कि ईश्वर ने हमें जरूरतमंदों की सेवा के लिए ही सक्षम बनाया है। गरीब और असहाय वर्ग की सेवा का अवसर मिलना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। इस सेवा भाव को निरंतर बनाए रखने के लिए हमें स्वयं का सामर्थ्य भी बढ़ाना होगा, क्योंकि एक सक्षम व्यक्ति ही समाज के दूसरे वर्गों की प्रभावी मदद कर सकता है।
मानव सेवा मे रोटरी क्लब कोटा नंबर वन:बगड़िया
कार्यक्रम के अध्यक्ष और प्रांतपाल अरुण बगड़िया ने रोटेरियंस को संबोधित करते हुए कहा कि रोटरी क्लब कोटा ने सदैव मानव सेवा का बीड़ा उठाया है जो केवल निस्वार्थ सेवा और समर्पण से ही संभव है।क्लब ट्रेनर मुकेश व्यास, सार्जेन्ट अनुपम शर्मा तथा रीना शर्मा ने ओम बिरला का शॉल,दुपट्टा व मोमेंटो देकर सम्मान किया
स्वास्थ्य और जागरूकता पर रहेगा विशेष ध्यान: खींची
नवनियुक्त अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खींची ने पदभार ग्रहण करने के बाद अपने आगामी सेवा कार्यों का खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि नए सत्र में रक्तदान को लेकर व्यापक स्तर पर जागृति अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही, बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जंक फूड से होने वाले नुकसान के प्रति स्कूलों और बस्तियों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूर्व में चल रहे सभी सेवा प्रकल्प भी निरंतर जारी रहेंगे।
निदेशक मंडल और नए सदस्यों ने ली शपथ
समारोह के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अरुण बगडिया ने नवनियुक्त अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खींची, सचिव मुकेश चौधरी और कोषाध्यक्ष घनश्याम मूंदड़ा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही 40 सदस्यीय निदेशक मंडल, 25 सदस्यीय चेयरमैन समेत कुल 85 सदस्यीय कार्यकारिणी ने भी अपने दायित्वों की शपथ ली। कार्यक्रम में 11 नए सदस्यों का क्लब में स्वागत कर उन्हें रोटरी पिन पहनाई गई।
इनकी रही उपस्थिति
क्लब प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि मंच का संचालन नीता डांगी व मीता अग्रवाल ने किया। समारोह में डिस्ट्रीक सेक्रेटरी संजय कौशिक, कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन, सार्जेन्ट अनुपम शर्मा, सहसचिव जयंत उपाध्याय, प्रोजेक्ट चेयरमैन आशीष व सपना बिरला, प्रोजेक्ट डायरेक्टर्स में अभिषेक-सिम्मी गोयल, ऋतु-विकास माहेश्वरी, पुम्मित-नैना शर्मा, गौरव-निधि सिंघवी, प्रमोद-कविता नागर, तनुज-एकता तलरेजा, और अमित-कोमल खंडेलवाल समेत शहर के कई प्रबुद्ध नागरिक और रोटरी परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद थे।



