Sunday, July 12, 2026
Home Blog Page 160

Soya Meal Export: भारत से अमेरिका को सोयामील का निर्यात बढ़ने का अनुमान

नई दिल्ली। Soya Meal Export: भारत में 2025-26 सीजन की तुलना में 2026- 27 सीजन के दौरान सोयामील की घरेलू खपत में 7 प्रतिशत की गिरावट आने का अनुमान है क्योंकि पशु आहार एवं पॉल्ट्री फीड निर्माण में सोयामील के बजाए सस्ते विकल्पों का इस्तेमाल बढ़ेगा। इसमें डीडीजीएस तथा डि ऑयल्ड राइस ब्रान भी शामिल है जो सोयामील से सस्ते दाम पर उपलब्ध है।

अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) की विदेश कृषि सेवा (फास) के अनुसार दूसरी ओर भारत से सोयामील के निर्यात में 13 प्रतिशत तक का इजाफा हो सकता है क्योंकि यूरोपीय देशों में गैर जीएम सोयामील की मांग एवं खपत बढ़ती जा रही है। अमरीका, ब्राजील एवं अर्जेन्टीना जैसे देशों में मुख्यतः जीएम सोयाबीन का उत्पादन होता है जबकि भारत में परम्परागत या गैर जीएम सोयाबीन की पैदावार होती है।

इसी तरह चीन की जोरदार मांग बरकरार रहने के कारण भारत से रेपसीड मील का निर्यात भी 10 प्रतिशत बढ़ने की संभावना व्यक्त की गई है। वर्ष 2025 के अंतिम महीनों में चीन ने इसकी रिकॉर्ड खरीद की थी। उस्डा पोस्ट ने 2026-27 सीजन के दौरान भारत में सोयाबीन का बिजाई क्षेत्र 3 प्रतिशत घटने का अनुमान लगाया है।

मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों में कुछ किसान सोयाबीन के बजाए अन्य ऊंची कीमत वाली फसलों की खेती को प्राथमिकता दे सकते हैं। इससे सोयाबीन का कुल उत्पादन 107 लाख टन से गिरकर 103.50 लाख टन पर सिमट सकता है।

Stock Market: शेयर बाजार में आज गुड फ्राइडे का अवकाश, ट्रेडिंग बंद

नई दिल्ली। Stock Market Holiday: आज शुक्रवार, 3 अप्रैल 2026 को भारत के शेयर बाजार बंद हैं। गुड फ्राइडे के अवसर पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज दोनों पर ट्रेडिंग नहीं हो रही है।

इस दौरान इक्विटी, डेरिवेटिव और शेयर उधार-लेनदेन से जुड़े सभी काम पूरी तरह बंद हैं। कमोडिटी बाजार भी पूरे दिन के लिए बंद रखा गया है। अब बाजार सोमवार, 6 अप्रैल 2026 को दोबारा खुलेगा। इसके अलावा इस महीने 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर भी बाजार बंद रहेगा।

आम दिनों में भारतीय शेयर बाजार सोमवार से शुक्रवार तक खुलता है। सुबह 9:00 बजे से 15 मिनट का प्री-ओपन सेशन होता है, जिसके बाद मुख्य ट्रेडिंग सुबह 9:15 बजे से शुरू होकर दोपहर 3:30 बजे तक चलती है।

सुजुकी का नया स्टाइलिश स्कूटर बर्गमैन स्ट्रीट भारत में लॉन्च, जानिए फीचर्स

नई दिल्ली। सुजुकी कम्पनी ने भारतीय बाजार के लिए अपना न्यू जनरेशन बर्गमैन स्ट्रीट (Burgman Street) स्कूटर लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.02 लाख रुपए है। यह अपडेटेड स्कूटर 8 अप्रैल से सभी डीलरशिप पर उपलब्ध होगा।

इस लाइनअप में अब दो मुख्य वैरिएंट शामिल हैं। राइड कनेक्ट एडिशन (Ride Connect Edition) की कीमत 101,944 रुपए है। नया राइड कनेक्ट TFT एडिशन जिसकी कीमत 113,220 रुपए है। बर्गमैन स्ट्रीट EX भी 107,902 रुपए में बिकता रहेगा।

नए बर्गमैन स्ट्रीट, 125cc सेगमेंट में अपनी मौजूदगी को और आगे बढ़ाता है। इसे ‘One & Only’ कॉन्सेप्ट के आधार पर तैयार किया गया है, जिसमें प्रीमियम डिजाइन, कम्फर्ट और डेली के इस्तेमाल पर खास ध्यान दिया गया है। 2018 में अपनी शुरुआत के बाद से बर्गमैन अपने सेगमेंट में सबसे तेजी से बढ़ने वाले स्कूटरों में से एक बन गया है, जिसके 1.1 मिलियन से ज्यादा ग्राहक हैं।

डिजाइन: डिजाइन के मामले में, नया मॉडल “Sleek Modern” थीम अपनाता है। इसमें ज्यादा शार्प बॉडीवर्क है, जिसमें बेहतर स्टाइलिंग एलिमेंट्स जैसे कि पोजिशन लाइट्स के साथ स्प्लिट LED हेडलैंप, LED टेल लैंप, कॉम्पैक्ट टर्न इंडिकेटर, एक स्मोक्ड विंडस्क्रीन और मेटैलिक-फिनिश एम्बलम शामिल हैं। कुल मिलाकर इसका मैक्सी-स्कूटर वाला अंदाज बरकरार है, लेकिन अब यह पहले से ज्यादा प्रीमियम दिखता है।

फीचर्स: इसके नए TFT वैरिएंट में 4.2-इंच का कलर TFT डिस्प्ले मिलता है। साथ ही, सुजुकी राइड कनेक्ट फीचर्स भी दिए गए हैं। इसमें रिमोट फोब और आंसर-बैक फंक्शन के साथ एक कीलेस इग्निशन सिस्टम भी पेश किया गया है। अन्य फीचर्स में USB चार्जिंग पोर्ट, आगे की तरफ दो स्टोरेज कम्पार्टमेंट, दो यूटिलिटी हुक, इंजन स्टार्ट/स्टॉप सिस्टम, साइड स्टैंड इंटरलॉक और वॉटरप्रूफ स्विच शामिल हैं।

फ्यूल टैंक: कम्फर्ट और प्रैक्टिकैलिटी को भी बेहतर बनाया गया है। स्कूटर में एक लंबी और अच्छी तरह से गद्देदार सीट, आगे की तरफ फुटरेस्ट के साथ एक फ्लेक्सिबल फ्लोरबोर्ड, एक नया डिजाइन किया गया ग्रैब रेल और एल्युमीनियम के पिछले फुटपेग दिए गए हैं। सीट के नीचे अब 24.6 लीटर का स्टोरेज स्पेस मिलता है, जबकि फ्यूल टैंक की कैपेसिटी 5.5 लीटर कर दी है। इसमें आसानी से फ्यूल भरने के लिए टेल-माउंटेड फ्यूल लिड दी गई है।

इंजन: इस स्कूटर में सुजुकी के SEP प्लेटफॉर्म पर बेस्ड वही 124cc, सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन लगा है। यह 6,500 rpm पर 6.2 kW की पावर और 5,250 rpm पर 10.2 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। टॉर्क को पहले के मुकाबले थोड़ा बढ़ाया गया है, जिसका मकसद शहर में बेहतर राइडिंग के लिए लो और मिड-रेंज परफॉर्मेंस को बेहतर बनाना है।

हार्डवेयर: बर्गमैन स्ट्रीट में अभी भी हल्का और मजबूत फ्रेम इस्तेमाल किया गया है, जिसके साथ टेलीस्कोपिक फ्रंट सस्पेंशन और स्विंगआर्म-टाइप रियर सस्पेंशन दिया गया है। इसमें बैलेंस ब्रेकिंग परफॉर्मेंस के लिए कम्बाइंड ब्रेकिंग सिस्टम (CBS) भी मिलता है। नई टेक्नोलॉजी, प्रैक्टिकैलिटी और शानदार स्टाइलिंग के साथ, नया बर्गमैन स्ट्रीट प्रीमियम 125cc स्कूटर सेगमेंट में अपनी स्थिति को और मजबूत करता है।

Toll Tax Rules: क्या 1 अप्रैल से नेशनल हाईवे टोल पर कैश पेमेंट बंद हो गया

नई दिल्ली। नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ ही देशभर में टोल भुगतान प्रणाली में बड़ा बदलाव लागू हो गया है। अब राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया है। यह फैसला भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा लिया गया है, जिसका मकसद टोल कलेक्शन को पूरी तरह डिजिटल बनाना है।

क्या अब टोल पर कैश पेमेंट पूरी तरह बंद हो गया है?

  • हां, 1 अप्रैल से सभी टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया गया है।
  • अब यात्रियों को केवल डिजिटल माध्यमों, जैसे FASTag (फास्टैग) और UPI (यूपीआई) के जरिए ही टोल शुल्क का भुगतान करना होगा।

डिजिटल भुगतान से क्या फायदे होंगे?

  • इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य टोल प्लाजा पर पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाना है।
  • डिजिटल भुगतान से वाहनों को तेजी से गुजरने में मदद मिलेगी, जिससे लंबी कतारें कम होंगी और यात्रा समय बचेगा।
  • इसके अलावा, ट्रैफिक सुचारु रहने से ईंधन की खपत कम होगी और प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।

क्या यात्रियों को किसी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है?

  • शुरुआती दौर में कुछ यात्रियों को दिक्कत हो सकती है, खासकर उन लोगों को जो डिजिटल भुगतान के लिए तैयार नहीं हैं।
  • जिन वाहनों में वैध फास्टैग नहीं है या बैलेंस कम है, उन्हें जुर्माना भरना पड़ सकता है या टोल पर रोका भी जा सकता है।

अगर FASTag काम नहीं करे तो क्या विकल्प है?

  • ऐसी स्थिति में यात्री UPI के जरिए QR कोड स्कैन करके तुरंत भुगतान कर सकते हैं।
  • हालांकि, अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नेटवर्क समस्या के कारण कभी-कभी भुगतान में देरी हो सकती है।

यात्रा से पहले किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है?

  • यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपना फास्टैग सक्रिय रखें और उसमें पर्याप्त बैलेंस सुनिश्चित करें।
  • साथ ही, बैकअप के रूप में मोबाइल में एक काम करने वाला UPI एप भी रखना बेहतर रहेगा।

क्या बदली है FASTag एनुअल पास की फीस?

  • सरकार ने फास्टैग वार्षिक पास की फीस में भी मामूली बढ़ोतरी की है।
  • अब 2026-27 के लिए यह शुल्क 3000 रुपये से बढ़ाकर 3075 रुपये कर दिया गया है।
  • यह नई दर सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के नियमों के तहत लागू की गई है।

राजनाथ के बयान से तिलमिलाए पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने भारत को दी गीदड़भभकी

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को नई गीदड़भभकी दी है। आसिफ ने कहा कि अगर भारत पाकिस्तान पर हमला करता है, तो इस्लामाबाद की प्रतिक्रिया तेज, निर्णायक और ज्यादा जोरदार होगी।

आसिफ की यह टिप्पणी भारत के कश्मीर में पिछले साल पहलगाम में क्रूर आतंकी हमले की पहली बरसी के कुछ दिन पूर्व आई है। उनकी टिप्पणी भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के एक बयान के जवाब में आई है जिसमें उन्होंने पाकिस्तान को भारत के खिलाफ कोई भी दुस्साहस न करने की चेतावनी दी थी।

राजनाथ सिंह ने केरल के एक कार्यक्रम में कहा था कि मौजूदा हालात को देखते हुए हमारा पड़ोसी किसी तरह का दुस्साहस करने की कोशिश कर सकता है। अगर ऐसा होता है तो भारत का जवाब अभूतपूर्व और निर्णायक होगा। भारतीय रक्षा मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि ऑपरेशन सिंह अभी खत्म नहीं हुआ है।

बीते साल अप्रैल में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में 26 नागरिकों के मारे जाने के बाद भारत ने 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों पर हमला करके उन्हें नष्ट कर दिया था। इसके बाद भीषण सैन्य टकराव शुरू हो गया जो 10 मई को खत्म हुआ।

राजनाथ सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आसिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, इतिहास इस बात का कड़ा सबक है कि गलत अनुमान लगाने के गंभीर परिणाम होते हैं। आसिफ ने राजनाथ सिंह पर आरोप लगाया कि वे अपने राजनीतिक फायदों के लिए बिना किसी आधार के आरोप लगाकर तनाव बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
अगली बार हमारी प्रतिक्रिया और भी ज्यादा जोरदार और निर्णायक होगी। इसमें कोई शक नहीं है: पाकिस्तान शांति और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है, लेकिन अपनी संप्रभुता की रक्षा का उसका इरादा पक्का है, उसकी तैयारी पूरी है और उसका जवाब नपा-तुला और निर्णायक होगा।

पहलगाम हमले का किया जिक्र
आसिफ ने कहा, ‘बार-बार दोहराई जाने वाली बयानबाज़ी ताकत नहीं, बल्कि पहलगाम हमले की बरसी नजदीक आने के साथ स्पष्ट रणनीतिक बेचैनी को दर्शाती है।’ पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा, ‘इस तरह की धमकियां देना कोई नई बात नहीं है। यह एक अनुमानित पैटर्न का हिस्सा है-आंतरिक कमजोरी को बाहरी रूप देना, और निहित राजनीतिक हितों के लिए निराधार आरोपों की आड़ में तनाव बढ़ाने का प्रयास करना।’

श्री सर्राफा थोक विक्रेता व्यावसायिक संघ के चुनाव 5 को, गोयल निर्विरोध कोषाध्यक्ष चुने

कोटा। श्री सर्राफा थोक विक्रेता व्यावसायिक संघ के चुनाव 5 अप्रेल को आगामी 2 वर्ष के लिए माहेश्वरी रिसॉर्ट बूंदी रोड पर होंगे।

चुनाव अधिकारी एडवोकेट रितेश मेवाड़ा ने बताया कि चुनाव में विभिन्न पदों पर नामांकन भरने और नाम वापस लेने की प्रक्रिया के पश्चात कोषाध्यक्ष पद के लिए संजय गोयल तथा प्रचार प्रसार पद के लिए राकेश गौतम निर्विरोध निर्वाचित किए गए।

उन्होंने बताया कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं सह सचिव सहित कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव में दो दो प्रत्याशी दावेदार हैं। इन सब के लिए मतदान रविवार 5 अप्रैल को होगा।

मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर देर रात तक चली भजन संध्या, भक्ति रस से सराबोर हुए भक्त

125 दीपक से हुई महाआरती; पंचामृत से अभिषेक, स्वर्ण श्रृंगार के दर्शनों का उमड़े भक्त

कोटा। छावनी स्थित श्री मंशापूर्ण हनुमान मंदिर प्रबंध समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को मंदिर परिसर आध्यात्मिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र रहा। उत्सव के दूसरे दिन प्रातः काल बजरंग बली का पंचामृत से महाअभिषेक किया गया। जिसके उपरांत प्रभु की प्रतिमा का विशेष स्वर्ण श्रृंगार किया गया।

स्वर्ण आभा से दमकते हनुमान जी के दर्शनों के लिए दिन भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शाम को 11 पंडितों के सानिध्य में विशेष पूजन के पश्चात 125 दीपकों के साथ भव्य महाआरती आयोजित की गई। जिसमें सैकड़ों भक्तों ने सम्मिलित होकर धर्म लाभ उठाया।

उत्सव की रात्रि को ‘भजन संध्या’ का आयोजन हुआ। जिसमें राजसमंद के सुप्रसिद्ध भजन गायक भगवत सुथार एंड पार्टी ने अपनी मधुर स्वरलहरियों से भजनों की अमृत वर्षा की। भगवत सुथार ने अपनी टीम के साथ ‘म्हारा कीर्तन में रस बरसाओ बाबा..’, ‘हनुमान थारो मन्दिर प्यारो लागे..’ और ‘बाबो मंशापूर्ण म्हाने प्यारो लागे..’ जैसे भजनों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। जिस पर भक्त भाव-विभोर होकर झूम उठे। देर रात तक चली इस भजन संध्या ने पूरे क्षेत्र को भक्ति के रस में सराबोर कर दिया। इसी दौरान सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए ‘मुख्य माता-पिता’ के चयन की बोली प्रक्रिया भी गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई।

​सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन आज
समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश तुसिया ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव का समापन शुक्रवार को सेवा कार्यों के साथ होगा। इस कड़ी में प्रातः 9 बजे से मंदिर प्रांगण में 32 जोड़ों का निशुल्क सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में सर्व समाज की जरूरतमंद कन्याओं का पूरे विधि-विधान के साथ कन्यादान किया जाएगा। विवाह समारोह के दौरान सभी जोड़ों की बैंडबाजे के साथ भव्य निकासी निकाली जाएगी। जिसके बाद तोरण, वरमाला और पाणिग्रहण संस्कार की रस्में पूरी की जाएंगी। इस पुण्य कार्य में शहर की विभिन्न संस्थाएं और सर्व समाज के लोग सहयोग और कन्यादान करने के लिए उपस्थित रहेंगे।

विशाल आम भंडारा आज
उत्सव के अंतिम दिन दोपहर 1 बजे से विशाल आम भंडारे का आयोजन किया जाएगा। सचिव योगेश कोटिया ने बताया कि इस महाप्रसादी में करीब 70 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। भंडारे की व्यापकता को देखते हुए 32 क्विंटल आटा, 180 पीपा तेल, 10 पीपा देसी घी, 12 क्विंटल बेसन, 18 क्विंटल आलू और 13 क्विंटल शक्कर सहित अन्य सामग्री का उपयोग किया गया है। आयोजन को भव्य बनाने में उपाध्यक्ष कमल शाक्यवाल, कोषाध्यक्ष नितेश सिंह एवं प्रबंध समिति के सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा भी भीड़ नियंत्रण हेतु विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

JEE Paper: पहले दिन सुबह की पारी का पेपर कंसेप्चुअल, शाम को कैलकुलेटिव रहा

कोटा। JEE Main Paper Analysis, April Session Day1: बीई व बीटेक कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन अप्रैल 2026 सेशन की शुरुआत गुरुवार से हुई। सुबह की पारी का पेपर कुल मिलाकर मध्यम स्तर का रहा, लेकिन इसकी सबसे प्रमुख विशेषता इसका कॉन्सेप्ट आधारित होना रहा।

एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट विनोद कुमावत ने विद्यार्थियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत करते हुए बताया कि पेपर में ऐसे प्रश्न शामिल थे, जो केवल रटने के बजाय सब्जेक्ट की गहरी समझ और एप्लिकेशन स्किल्स की मांग करते थे। उन्होंने बताया कि स्टूडेंट्स को 22 जनवरी 2026 को आयोजित पहली पारी की तुलना में यह पेपर थोड़ा अधिक चैलेन्जिंग महसूस हुआ। वहीं दूसरी ओर शाम की पारी में पेपर कठिन रहा।

फिजिक्स: सुबह की पारी में फिजिक्स का पेपर मोडरेट तथा कंसेप्चुअल था। इसमें एनसीईआरटी सिलेबस के अनुसार 44 प्रतिशत प्रश्न 11वीं कक्षा से तथा 56 प्रतिशत प्रश्न 12वीं कक्षा से कवर किए गए थे। जिसमें सेमीकंडक्टर, एरर, यूनिट एंड डाइमेन्शन से एक-एक प्रश्न, मैग्नेटिज्म, ज्योमेट्रिकल ऑप्टिक्स तथा फ्लुइड से दो-दो प्रश्न, इलेक्ट्रो डाइनेमिक्स, माॅडर्न फिजिक्स, हीट एंड थर्मोडाइनेमिक्स, वेव एंड वेव ऑप्टिक्स से तीन-तीन प्रश्न तथा मैकेनिक्स से चार प्रश्न पूछे गए। शाम की पारी में पेपर मध्यम स्तरीय रहा। जिसमें अधिकांश प्रश्न एनसीईआरटी के सिलेबस से पूछे गए। जो कि फाॅर्मूला बेस्ड थे। मैकेनिक्स से छह प्रश्न एवं अन्य टाॅपिक्स से सुबह की पारी के समान प्रश्नों का विभाजन किया गया था।

कैमेस्ट्री: सुबह की पारी में कैमेस्ट्री के पेपर का स्तर मध्यम रहा। जिसमें फिजीकल तथा ऑर्गेनिक कैमिस्ट्री से पूछे गए प्रश्नों का वेटेज ज्यादा रहा। एनसीईआरटी के सिलेबस के अनुसार 30 प्रतिशत प्रश्न 11वीं कक्षा से जबकि 70 प्रतिशत प्रश्न 12वीं कक्षा से कवर किए गए थे। फिजीकल कैमिस्ट्री से मोल कंसेप्ट, थर्मोडाइनेमिक्स, केमिकल काइनेटिक्स से दो-दो प्रश्न पूछे गए। इसी प्रकार ऑर्गेनिक कैमिस्ट्री में एल्किल हेलाइड्स, एरोमेटिक कम्पाउण्ड से दो-दो प्रश्न पूछे गए थे। वहीं इनऑर्गेनिक कैमिस्ट्री में काॅर्डिनेशन कम्पाउण्ड से दो प्रश्न पूछे गए। शाम की पारी में पेपर सुबह की तुलना में कठिन एवं कैलकुलेटिव रहा। प्रश्नों का विभाजन फिजीकल, ऑर्गेनिक व इनऑर्गेनिक कैमिस्ट्री में एक समान रहा। फिजीकल का पेपर कठिन तथा कैलकुलेटिव रहा। इस कारण प्रश्नों को साॅल्व करने में समय अधिक लगा। ऑर्गेनिक कैमिस्ट्री के अधिकांश प्रश्न रिएक्शन बेस्ड थे। जिसमें सभी विकल्पों में से उचित विकल्प चयन करने में स्टूडेंट्स को कठिनाई हुई।

मैथ्स: मैथ्स का पेपर मध्यम स्तर का होने के बावजूद अपेक्षाकृत लेंदी रहा, जिससे स्टूडेंट्स के लिए टाइम मैनेजमेंट एक महत्वपूर्ण चुनौती बनकर सामने आया। प्रश्नों को साॅल्व करने के लिए न केवल सही कॉन्सेप्ट की आवश्यकता थी, बल्कि स्पीड और एक्युरेसी का संतुलन भी जरूरी था। पेपर में एलजेब्रा तथा कैलकुलस से एक समान यानी 36-36 प्रतिशत प्रश्न पूछे गए। वेक्टर थ्रीडी, काॅर्डिनेट ज्योमेट्री से 12-12 प्रतिशत तथा काॅर्डिनेट ज्योमेट्री से मात्र चार प्रतिशत प्रश्न पूछे गए। शाम की पारी में पेपर सुबह की तुलना में कठिन तथा लेन्दी रहा। जिसमें प्रश्नों का विभाजन सुबह के पेपर के समान रहा।

सरकार ने महिला आरक्षण पर चर्चा के लिए बुलाया तीन दिनों का विशेष संसद सत्र

नई दिल्ली। विधानसभा चुनावों के बीच संसद के दोनों सदनों में महिला आरक्षण पर चर्चा हो सकती है। सरकार विशेष सत्र बुलाने की तैयारी में है। यह सत्र तीन दिनों का होगा।

संसद में महिला आरक्षण विधेयक लागू करने के लिए लोकसभा में सीटें बढ़ाने के उद्देश्य से एक विधेयक लाने के संकेतों के बीच, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को राज्यसभा को सूचित किया कि सदन की बैठक आज स्थगित होगी और जल्द ही ‘बहुत महत्वपूर्ण’ विधेयक के लिए पुन: बैठक होगी। बताया जा रहा है कि महिला आरक्षण को लेकर 16, 17 और 18 अप्रैल तक चलने वाले इस सत्र में चर्चा होगी।

असल में, उच्च सदन में कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सरकार की योजना के बारे में सवाल किया था। इसके जवाब में रिजिजू ने कहा कि राज्यसभा में आज आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक और जन विश्वास (धारा संशोधन) विधेयक को पारित करने के लिया जाएगा। संसद के बजट सत्र के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बजट सत्र के दूसरे चरण का आज अंतिम दिन है।

संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि हमारे पास कुछ महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, यह विपक्ष के साथ भी साझा किया गया है। अगले 2-3 हफ्तों में हम एक बहुत महत्वपूर्ण विधेयक लाने वाले हैं। आज सरकार सदन को स्थगित करने का प्रस्ताव रखेगी और हम जल्द ही फिर मिलेंगेछ उद्देश्य सदस्यों को ज्ञात है।

लोकसभा की सीट 546 से बढ़कर 861 होंगी
सरकार महिलाओं के आरक्षण कानून को लागू करने के लिए और लोकसभा की सीटों को 546 से बढ़ाकर 861 करने के उद्देश्य से जनगणना से संबद्ध परिसीमन को अलग करने के लिए दो विधेयक लाने की खातिर विपक्ष के साथ बातचीत कर रही है।

विपक्ष ने लगाया आरोप

  • कांग्रेस के जयराम रमेश ने कहा कि सरकार सर्वदलीय बैठक बुलाएगी और विपक्ष की मांग है कि यह बैठक 29 अप्रैल को विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद बुलाई जाए। इस पर रिजिजू ने कहा कि सरकार देश की महिलाओं के साथ किए गए वादे को पूरा करने के लिए बाध्य है।
  • उच्च सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के लिए आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन प्रस्तावित विधेयक महत्वपूर्ण हैं और इनके दीर्घकालिक परिणाम होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव के समय विधेयक लाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।
  • रिजिजू ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। राजद के मनोज कुमार झा ने कहा कि उनकी पार्टी की ‘कोटे के अंदर कोटे की’ मांग बरकरार है।