Sunday, July 12, 2026
Home Blog Page 158

खुशखबरी: 44 हजार टन LPG लेकर मुंबई आ रहा जहाज, लाइन में 17 और टैंकर

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी लड़ाई के बीच ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर तमाम पाबंदियां लगा रखी है, जिसके कारण दुनियाभर में कच्चे तेल को लेकर संकट पैदा हो गया है। भारत में एलपीटी को लेकर लंबी- लंबी लाइनें देखने को मिल रही है। इस बीच होर्मुज से भारत के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है।

दरअसल, अमेरिका और इजरायल से जारी युद्ध के बीच ईरान ने भारतीय ध्वज वाले कई जहाजों को सुरक्षित निकलने की अनुमति दी है। एक भारतीय झंडे वाला एक और जहाज होर्मुज स्ट्रेट को पार कर गया है।

बता दें कि पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक छह एलपीजी ले जाने वाले जहाज भारत आ चुके हैं। महीने भर के भीतर होर्मुज स्ट्रेट पार करने वाला यह सातवां भारतीय जहाज है। इस जहाज पर करीब 44,000 मीट्रिक टन से अधिक एलपीजी है। उम्मीद है कि इस जहाज के आने से लोगों को एलपीजी से राहत मिलेगी।

जहाज ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, फारस की खाड़ी में खड़ा एलपीजी टैंकर ग्रीन सान्वी शुक्रवार की शाम को ईरान के समुद्री इलाके से होकर एक कॉरिडोर का इस्तेमाल करके होर्मुज स्ट्रेट के पूरब में पहुंच गया। यह टैंकर अब मुंबई बंदरगाह की तरफ बढ़ रहा है। होर्मुज पार करने वाले इस जहाज का नाम ग्रीन सान्वी है।

17 और जहाज लाइन में
पश्चिम एशिया में जारी लड़ाई के बीच अभी भारत के कई तेल-गैस वाले जहाज होर्मुज में फंसे हैं और ईरानी क्लीयरेंस का इंतजार कर रहे हैं। होर्मुज स्ट्रेट के पश्चिम में 17 भारतीय जहाज फंसे हुए हैं, जिनमें से दो – ग्रीन आशा और जग विक्रम – एलपीजी से लदे हुए हैं। ये दोनों जहाज भी जल्द ही भारत की ओर रवाना हो सकते हैं। अगर ये दोनों एलपीजी से लदे जहाज भारत आते हैं तो एलपीजी की किल्लत से जूझ रहे भारतीयों को बड़ी राहत मिलेगी।

500Km रेंज वाली 7-सीटर VF MPV 7 की प्री-बुकिंग शुरू, 15 अप्रैल को होगी लॉन्च

नई दिल्ली। वियतनाम की कंपनी विनफास्ट VF MPV 7 के साथ भारत में अपना पोर्टफोलियो बढा़ने वाली है। कंपनी ये 7-सीटर कार को 15 अप्रैल को लॉन्च करेगी। फिलहाल कंपनी ने इस इलेक्ट्रिक कार की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहक 21,000 रुपए का टोकन अमाउंट देकर इसे रिजर्व कर सकते हैं।

इस मॉडल का एक कमर्शियल वर्जन भी आएगा, जिसका नाम लिमो ग्रीन (Limo Green) होगा। अब इस बात की डिटेल सामने आई है कि VF MPV 7 को 6 कलर ऑप्शन में खरीद पाएंगे।

कम्पनी के मुताबिक, VF MPV 7 के कलर ऑप्शन में इन्फिनिटी ब्लैंक (Infinity Blanc), जेट ब्लैक (Jet Black), जेनित ग्रे (Zenith Grey), सोलर रूबी (Solar Ruby), मूनलिट ओशन (Moonlit Ocean) और इंट्रोस्पेक्टिव ब्राउन (Introspective Brown) शामिल हैं।

6 एक्सटीरियर कलर ऑप्शन के अलावा इसके इंटीरियर में 2 कलर ऑप्शन ही मिलेंगे। इसमें ब्लैक (Black) और ब्राउन (Brown) हैं। कंपनी ने अभी तक इसके वैरिएंट के बारे में जानकारी नहीं दी है, लेकिन यह पक्का कर दिया है कि इसमें सिर्फ 7-सीट वाले लेआउट में ही आएगी।

डायमेंशन
विनफास्ट MPV 7, VF 6 और VF 7 की कैटेगरी में शामिल होगी, जो पिछले साल बिक्री के लिए उपलब्ध हुए थे। नई MPV 7 की लंबाई 4,740 mm है। वहीं, इसका व्हीलबेस 2,840 mm है। इसकी चौड़ाई 1,872 mm और ऊंचाई 1,734 mm है। यह तीसरी इलेक्ट्रिक कार है जो तीन-रो वाली पेशकश के रूप में ‘पीपल मूवर’ सेगमेंट में एंट्री कर रही है। लंबाई के मामले में MPV 7 सबसे लंबे मॉडलों में से एक होगी, जो किआ कैरेंस क्लाविस EV, महिंद्रा XEV 9S के साथ टोयोटा इनोवा क्रिस्टा से भी लंबी होगी।

रेंज 500Km
विनफास्ट MPV 7 में फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) इलेक्ट्रिक मोटर लगी है, जो 201 bhp की पावर और 280 Nm का पीक टॉर्क देती है। यह 10 सेकंड से भी कम समय में 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ लेती है। यह मॉडल 60 kWh के बैटरी पैक से लैस है और एक बार चार्ज करने पर इसकी रेंज 500Km से ज्यादा होने की उम्मीद है। MPV 7 फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करेगी। जिससे इसे कम समय में लंबी दूरी के लिए चार्ज किया जा सकेगा।

इंटीरियर और फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो, MPV 7 में LED हेडलैंप, कनेक्टेड टेललाइट्स और 19-इंच के एलॉय व्हील्स मिलेंगे। इसके केबिन को पूरी तरह से ब्लैक लुक दिया गया है। इसमें एपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो कनेक्टिविटी वाला 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और कॉलम-माउंटेड गियर सेलेक्टर के साथ मल्टी-फंक्शन स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। आपको इसमें लेदरेट अपहोल्स्ट्री के साथ आगे और पीछे की सीटों पर Type A और Type C USB चार्जिंग पोर्ट भी मिलेंगे। अन्य फीचर्स में सिंगल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, आगे-पीछे मूव और रिक्लाइन वाली सीट, दूसरी और तीसरी रो के लिए AC वेंट्स, तीसरी रो के लिए कपहोल्डर्स, क्रूज कंट्रोल शामिल हैं।

डीलरशिप और नेटवर्क
विनफास्ट, MPV 7 के साथ लिमो ग्रीन वैरिएंट भी लाएगी, जिसे फ्लीट मार्केट के लिए खास तौर पर तैयार किया गया है। इसे MPV 7 की बिक्री शुरू होने के ठीक बाद लॉन्च किया जाएगा। विनफास्ट के पास देश के अंदर 50 से ज्यादा डीलरशिप हैं। साथ ही, 130 वर्कशॉप (डायरेक्ट + इनडायरेक्ट) भी हैं। कंपनी की योजना साल के आखिर तक अपनी डीलरशिप की संख्या बढ़ाकर 75 करने की है, जिससे उसका सर्विस नेटवर्क भी और ज्यादा फैल जाएगा।

627Km रेंज के साथ टाटा मोटर्स की पहली 3-रो वाली सफारी EV जल्द होगी लॉन्च

नई दिल्ली। टाटा मोटर्स के पास सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक फोर-व्हीलर पोर्टफोलियो है। जिसकी दम पर कंपनी इस सेगमेंट में सालों से नंबर-1 बनी हुई है। अब कंपनी इसमें नया मॉडल जोड़ने की तैयारी कर चुकी है। दरअसल, कंपनी इस साल के फेस्टिव सीजन से पहले अपनी सफारी SUV का इलेक्ट्रिक वर्जन लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।

यह इस ब्रांड की पहली तीन-रो वाली इलेक्ट्रिक गाड़ी होगी। ये कंपनी की नई फ्लैगशिप EV बनेगी, जो हैरियर EV की जगह लेगी। वहीं, इसके बाद कंपनी अपनी पॉपुलर हो चुकी सिएरा SUV का भी इलेक्ट्रिक वर्जन लॉन्च करेगी।

कंपनी ने सफारी EV को इंटरनली “Tayrona” कोडनेम दिया गया है। सफारी EV उसी acti.ev+ प्लेटफॉर्म पर बनेगी जिस पर हैरियर EV को तैयार किया गया है। यह एक ICE से EV में बदला हुआ रूप है। खास बात ये है कि ये पूरी तरह से इलेक्ट्रिक आर्किटेक्चर नहीं है। कंपनी ने इस आर्किटेक्चर को इस तरह तैयार किया है कि इस पर सभी तरह की गाड़ियां तैयार की जा सकें। इससे कंपनी की प्रोडक्शन लागत में भी कमी आई है।

मल्टीपल बैटरी ऑप्शन मिलेंगे
इस बात की उम्मीद है कि सफारी EV में हैरियर EV वाले ही बैटरी और मोटर ऑप्शन मिलेंगे। इसमें एक 65kWh यूनिट और एक बड़ी 75kWh पैक शामिल होगा। दोनों ही स्टैंडर्ड तौर पर रियर-व्हील-ड्राइव कॉन्फिगरेशन में एक सिंगल रियर मोटर के साथ आएंगी। एक डुअल-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव वैरिएंट की भी उम्मीद है, जो 75kWh हैरियर EV में उपलब्ध सेटअप जैसा ही होगा।

सिंगल चार्ज पर 627km की रेंज
बात करें सफारी EV में मिलने वाली रेंज की तो, हैरियर EV के ARAI-सर्टिफाइड आंकड़े 75kWh रियर-व्हील-ड्राइव वैरिएंट के लिए 627km, 75kWh AWD के लिए 622km और 65kWh मॉडल के लिए 538km हैं। यह देखते हुए कि सफारी, हैरियर से बड़ी और भारी है, इसके इलेक्ट्रिक वैरिएंट की ऑफिशियल रेंज के आंकड़े थोड़े कम होने की संभावना है। 100kW तक की DC फास्ट चार्जिंग के लिए सपोर्ट की भी उम्मीद है।

हैरियर EV की तरह फीचर्स
सफारी EV में हैरियर EV के कई फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इनमें टेरेन मोड्स की एक बड़ी लिस्ट शामिल है, जिसमें नॉर्मल, स्नो/ग्रास, मड-रट्स, सेंड, रॉक क्रॉल और कस्टम शामिल है। साथ ही, इसमें एक मल्टी-लिंक रियर सस्पेंशन भी होगा, जिसमें ज्यादा कम्फर्टेबल राइड के लिए फ्रीक्वेंसी-डिपेंडेंट डैम्पर्स का इस्तेमाल किया जाएगा।

लुक के मामले में सफारी EV उसी डिजाइन पैटर्न को फॉलो करेगी जिसे टाटा ने अपनी पूरी इलेक्ट्रिक रेंज में अपनाया है। इसमें एक बंद फ्रंट ग्रिल, थोड़े बदले हुए बंपर, EV-खास बैजिंग और हवा के बहाव के हिसाब से डिजाइन किए गए एलॉय व्हील होंगे। इसके कुल डाइमेंशन स्टैंडर्ड पेट्रोल सफारी जैसे ही रहने की संभावना है।

SI भर्ती परीक्षा पर सुप्रीम कोर्ट ने अपना ही फैसला बदला, अब सिर्फ इन्हें मिलेगा मौका

जयपुर। राजस्थान सब-इंस्पेक्टर भर्ती-2025 की परीक्षा से महज दो दिन पहले सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की स्पेशल वेकेशन बेंच ने शुक्रवार को अपने पिछले आदेश में बड़ा संशोधन किया है। कोर्ट के इस ‘यू-टर्न’ ने जहां राजस्थान लोक सेवा आयोग को राहत दी है, वहीं हजारों ओवरएज अभ्यर्थियों के सपनों पर पानी फेर दिया है।

गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने एक व्यापक आदेश जारी करते हुए SI भर्ती-2021 के उन सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी थी, जो ओवरएज होने के कारण 2025 की भर्ती का फॉर्म नहीं भर पाए थे।

इस आदेश से करीब 2.21 लाख नए अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने का रास्ता साफ हो गया था। लेकिन, RPSC ने शुक्रवार को अदालत में गुहार लगाई कि परीक्षा 5 और 6 अप्रैल को प्रस्तावित है।

आयोग ने तर्क दिया कि 7.5 लाख अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी हो चुके हैं और परीक्षा केंद्रों पर पूरी तैयारी है। इस अंतिम घड़ी में 2.21 लाख नए लोगों से फॉर्म भरवाना और उन्हें परीक्षा में बैठाना व्यावहारिक रूप से असंभव है।

अब किसे मिलेगा मौका
सुप्रीम कोर्ट ने RPSC की दलीलों को वाजिब मानते हुए अपने आदेश को सीमित कर दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह लाभ अब केवल मुख्य याचिकाकर्ता सूरजमल मीणा और उन 713 अभ्यर्थियों तक ही सीमित रहेगा जिन्होंने पहले हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। जिन अभ्यर्थियों ने अब तक कोर्ट में याचिका दायर नहीं की थी, उन्हें इस आदेश का लाभ नहीं मिलेगा। कोर्ट ने दोटूक कहा- ‘एक व्यक्ति दूसरे के लिए राहत की मांग नहीं कर सकता।’ RPSC ने कोर्ट को बताया कि 713 याचिकाकर्ताओं को पहले ही प्रवेश पत्र जारी किए जा चुके हैं, वे परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

RPSC ने ली चैन की सांस
आयोग की ओर से अधिवक्ता राजेश सिंह चौहान ने पक्ष रखते हुए बताया कि बिना तैयारी के इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को शामिल करना पूरी परीक्षा व्यवस्था को ध्वस्त कर सकता था। इधर, हजारों ऐसे अभ्यर्थी जो गुरुवार के आदेश के बाद किताबों की धूल झाड़कर तैयारी में जुटे थे, वे अब इस ‘मॉडिफाई’ आदेश से ठगे से महसूस कर रहे हैं। राजस्थान में 5 और 6 अप्रैल को दो चरणों में होने वाली इस परीक्षा पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हैं। अब यह साफ हो गया है कि केवल वही लोग मैदान में होंगे जिनके पास वैध एडमिट कार्ड हैं और जो कानूनी लड़ाई का हिस्सा रहे हैं।

ईरान को दोगले पाकिस्तान पर भरोसा नहीं, अमेरिका से युद्ध विराम पर साफ इनकार

इस्लामाबाद। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए पाकिस्तान की पहल बुरी तरह नाकाम हो गई है। बातचीत कराने में लगे मध्यस्थों ने बताया कि ईरान ने इस्लामाबाद में अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत करने से इनकार कर दिया है, जिसके बाद संघर्ष विराम कराने के क्षेत्रीय मध्यस्थता के प्रयास अब ठंडे पड़ गए हैं। तेहरान ने मध्यस्थों को साफ बता दिया है कि वह बातचीत के लिए अपने अधिकारियों को इस्लामाबाद भेजने के लिए इच्छुक नहीं है।

ईरान ने अमेरिका की मांगों को ठुकरा दिया है जिससे बातचीत का मौजूदा ढांचा प्रभावी रूप से समाप्त हो गया है। इस गतिरोध के चलते तुर्की और मिस्र बातचीत को फिर से शुरू करने के लिए नए सुझाव पेश कर रहे हैं और दोहा या इस्तांबुल जैसे नए स्थानों पर विचार कर रहे हैं।

इस बीच दावा किया गया है कि ईरानियों को शक है कि इस्लामाबाद को बातचीत की जगह के रूप में चुनना ट्रंप की एक चाल है, जिसका उद्देश्य ईरानी नेताओं की हत्या करना है। जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर वली नस्र ने CNN के साथ इंटरव्यू में कहा कि ईरानियों को ट्रंप पर भरोसा नहीं है।

ईरान समझता है कि अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में बातचीत कराने का पूरा उद्देश्य यही है कि ईरानियों को उनके छिपने की जगहों से बाहर लाया जाए ताकि वे उनकी हत्या कर सकें।

ईरान-अमेरिका में युद्धविराम पर चल रही थी बात
इस बीच एक्सियोस की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिका और ईरान के बीच एक संभावित समझौते को लेकर बातचीत चल रही थी। इसके तहत होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के बदले में संघर्ष-विराम पर सहमति बनने की उम्मीद थी। रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को ट्रंप ने एक फोन कॉल पर सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ संभावित सीजफायर के बारे में बात की।

उसी दिन अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के राष्ट्रपति सीजफायर चाहते हैं। साथ ही ट्रंप ने कहा कि ऐसा तब ही होगा जब होर्मुज जलडमरूमध्य खुला, आजाद और साफ होगा। इसके साथ ही उन्होंने धमकी दी थी कि ऐसा नहीं होने तक अमेरिका ईरान पर इतनी बमबारी करेगा कि वह पाषाण युग में पहुंच जाएगा।

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार पिछले एक माह में 30 अरब डॉलर घटा, रुपये पर दबाव बढ़ा

नई दिल्ली। Forex Reserve: पश्चिम एशिया में फरवरी के आखिर में शुरू हुए टकराव के बाद से भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 30.5 अरब डॉलर की गिरावट आई है। इसकी प्रमुख वजह विदेशी मुद्रा बाजार में उतार चढ़ाव को रोकने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का हस्तक्षेप और मार्च में डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में 4 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट है।

रिजर्व बैंक के ताजा आंकड़ों के मुताबिक विदेशी मुद्रा संपत्तियों और सोने के भंडार में गिरावट के कारण 27 मार्च को समाप्त सप्ताह में कुल भंडार 10.28 अरब डॉलर घटकर 688.05 अरब डॉलर रह गया है।

27 फरवरी 2026 को समाप्त सप्ताह में कुल भंडार 728.5 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर था। विदेशी मुद्रा संपत्तियों में 6.62 अरब डॉलर की गिरावट आई है, जबकि सोने के भंडार में इस सप्ताह के दौरान 3.66 अरब डॉलर की गिरावट आई है।

इस सप्ताह के दौरान विशेष निकासी अधिकार (एसडीआर) 1.7 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.64 अरब डॉलर हो गया। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष में भारत के भंडार की स्थिति 1.7 करोड़ डॉलर घटकर 4.81 अरब डॉलर रह गई है।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कुल भंडार 22.72 अरब डॉलर बढ़ा है। सोने के भंडार में बढ़ोतरी के कारण ऐसा हुआ क्योंकि विदेशी मुद्रा संपत्ति (एफसीए) में गिरावट आई है और यह वित्त वर्ष 2026 में 14 अरब डॉलर घटा है। वित्त वर्ष 2025 में एफसीए 5.6 अरब डॉलर कम हुआ था।

विदेशी मुद्रा संपदा की गणना डॉलर के हिसाब से की जाती है। इसके आधार पर गैर अमेरिकी मुद्राओं जैसे यूरो, पाउंड स्टर्लिंग और येन में मजबूती और कमजोरी का पता चलता है और यह विदेशी मुद्रा भंडार का हिस्सा बनते हैं।

बंधन एएमसी में फिक्स्ड इनकम के वरिष्ठ अर्थशास्त्री एस. बालासुब्रमण्यन ने पिछले सप्ताह एक नोट में कहा था कि हाजिर फॉरेक्स रिजर्व में बढ़ोतरी की मुख्य वजह सोने का अधिक मूल्यांकन है।

नोट में कहा गया है, ‘वित्त वर्ष 2024 से वित्त वर्ष 2026 के दौरान एफसीए का हिस्सा 8 प्रतिशत अंक कम हो गया है, क्योंकि रखे गए सोने की मात्रा में हर साल लगभग 50 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह सोने की ज्यादा कीमतें हैं, क्योंकि वित्त वर्ष 2025 में सोने की मात्रा में सिर्फ 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी, जो पिछले वर्षों के मुकाबले कोई बहुत बड़ी बढ़ोतरी नहीं है।’

इसमें कहा गया है कि भूराजनीतिक दबाव और पूंजी की आवक में दबाव बना रहा, डॉलर मजबूत होता रहा और रिजर्व बैंक का हस्तक्षेप जारी रहा तो एफसीए आगे और कम होगा।

Coriander: धनिया इस बार हाजिर और वायदा बाजार में तोड़ेगा तेजी का रिकॉर्ड

नई दिल्ली। Coriander price; वर्तमान में धनिया के भाव में जिस तरह से उछाल देखने को मिल रहा है, उससे लगता है इस बार हाजिर और वायदा बाजार में तेजी के तमाम रिकॉर्ड टूटने की सम्भावना है। गुड फ्राइडे होने के कारण शुक्रवार को वायदा बाजार में अवकाश रहा। इसके एक दिन पहले एनसीडीईक्स पर चार फीसदी तेजी का सर्किट लगा था।

इस कारण गुजरात एवं राजस्थान की मंडियों में धनिया के भाव रिकॉर्ड स्तर पर बोले जाने लगे हैं। लगभग एक सप्ताह पश्चात गुजरात की मंडियां खुलने पर प्रमुख गोंडल मंडी में धनिया की आवक 95 हजार बोरी की रही, जबकि क्वालिटी अनुसार भाव 115/130 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर बोले जाने लगे हैं।

राजस्थान की रामगंज मंडी में भी धनिया इगल का भाव 120/125 रुपए प्रति किलो पर बोला जाने लगा हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व वर्ष 2022 में धनिया का रिकॉर्ड भाव 115/120 रुपए प्रति किलो बना था।

ढीपरी चंबल में उच्च स्तरीय पुल और इटावा में उप जिला अस्पताल का शिलान्यास आज

इटावा-पीपल्दा क्षेत्र को मिलेगी 350 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला चार दिवसीय प्रवास पर शनिवार को कोटा आएंगे। इस दौरान वे इटावा-पीपल्दा क्षेत्र में लगभग 350 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा भी उपस्थित रहेंगे।

कोटा के ढीपरी चम्बल और बूंदी के चाणदाखुर्द के बीच चम्बल नदी पर 256 करोड़ रुपये की लागत से 1.8 किलोमीटर लंबे उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा, जो क्षेत्र का सबसे लंबा पुल होगा।

प्रातः 11 बजे ढीपरी चम्बल स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्पीकर बिरला एवं कैबिनेट मंत्री मीणा इस पुल की आधारशिला रखेंगे। इस अवसर पर सड़क, पेयजल, खेल, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा।

खिलाड़ियों को इंडोर स्टेडियम की सौगात
इटावा में स्पीकर बिरला की पहल पर 4.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इंडोर खेल स्टेडियम का लोकार्पण किया जाएगा। यह स्टेडियम ‘खेलो इंडिया’ योजना के तहत बनाया गया है, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही इटावा में 35 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित उप जिला अस्पताल का भी शिलान्यास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 28 करोड़ रुपये के अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया जाएगा।

काशगंज–मथुरा पैसेंजर ट्रैन अब 15 अप्रैल तक गंगापुर सिटी तक विस्तारित

कोटा। यात्रियों की सुविधा एवं बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 55335/55336 काशगंज–मथुरा पैसेंजर ट्रैन (प्रति दिवस) को 4 अप्रैल से 15 अप्रैल तक अस्थायी रूप से गंगापुर सिटी तक विस्तारित किया गया है।

इस निर्णय से कोटा मंडल के प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इस अस्थायी विस्तार के अंतर्गत यह गाड़ी भरतपुर जंक्शन, बयाना जंक्शन, हिंडौन सिटी, श्री महावीर जी एवं गंगापुर सिटी स्टेशनों पर ठहराव लेगी।

गाड़ी संख्या 55335 काशगंज–गंगापुर सिटी पैसेंजर
यह गाड़ी काशगंज से प्रतिदिन 11:05 बजे प्रस्थान करेगी। मथुरा जंक्शन पर 14:20/15:30 बजे ठहराव के उपरांत यह भरतपुर जंक्शन (15:53/15:55), बयाना जंक्शन (16:23/16:25), हिंडौन सिटी (16:53/16:55) तथा श्री महावीर जी (17:05/17:07) स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए सायं 18:20 बजे गंगापुर सिटी पहुँचेगी।

गाड़ी संख्या 55336 गंगापुर सिटी–काशगंज पैसेंजर
वापसी में यह गाड़ी गंगापुर सिटी से प्रतिदिन 19:00 बजे प्रस्थान करेगी। मार्ग में श्री महावीर जी (19:23/19:25), हिंडौन सिटी (19:35/19:37), बयाना जंक्शन (20:03/20:05), भरतपुर जंक्शन (20:38/20:40) तथा मथुरा जंक्शन (22:10/22:15) स्टेशनों पर ठहराव के बाद यह रात्रि 00:30 बजे काशगंज पहुँचेगी।

सामूहिक विवाह सम्मेलन में 32 जोड़े बंधे दांपत्य सूत्र में, जन सहयोग से दिए उपहार

श्री मंशापूर्ण हनुमान मंदिर प्रबंध समिति का तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव संपन्न

कोटा। श्री मंशापूर्ण हनुमान मंदिर प्रबंध समिति की ओर से श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को निशुल्क सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में सर्वसमाज के विभिन्न भामाशाहों के द्वारा 32 वधुओं का कन्यादान किया गया।

समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश तुसिया ने बताया कि कन्यादान करने के लिए सबसे बड़ी बोली अशोक शाक्यवाल की 1.30 लाख में छूटी। इसके बाद विशाल भंडारा आयोजित किया गया। जिसमें 70 हजार से अधिक लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर तथा लाडपुरा विधायक कल्पना देवी भी वर वधु को आशीर्वाद देने पहुंचे।

32 जोड़ों के सामूहिक विवाह सम्मेलन में गणेश स्थापना, तोरण, वरमाला, पाणिग्रहण तथा कन्यादान के कार्यक्रम सम्पन्न हुए। इस दौरान विभिन्न दानदाताओं के सहयोग से कन्याओं को आकर्षक उपहार दिए गए।

सम्मेलन स्थल पर सुबह से ही जोड़ों का आना प्रारंभ हो गया था। दोपहर होते होते तो सम्मेलन स्थल छावनी बाजार खचाखच भर गया था। प्रातः गणेश पूजन की परंपरा निभाने के बाद सभी जोड़ों की सामूहिक बैंडबाजे के साथ निकासी निकाली गई। जो गोयल धर्मशाला से प्रारम्भ होकर छावनी बाजार स्थित मंशापूर्ण बालाजी मंदिर पर संपन्न हुई।

यहां एक साथ तोरण और वरमाला कराई गई। इस दौरान तालियों और शुभकामनाओं का दौर चलता रहा। पुरोहित संजय चतुर्वेदी के पौरोहित्य में पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रों पर फेरे और पाणिग्रहण का कार्यक्रम संपन्न कराया गया। सर्वसमाज की ओर से विभिन्न कन्याओं का कन्यादान किया गया। श्री हनुमान जन्मोत्सव और सामूहिक विवाह सम्मेलन में 35 से अधिक संस्थाओं का सहयोग रहा।

इस अवसर पर अध्यक्ष जयप्रकाश तुसिया, सचिव योगेश कोटिया, उपाध्यक्ष कमल शाक्यवाल, कोषाध्यक्ष नितेश सिंह, सह कोष अध्यक्ष राहुल शाक्यवाल, गजानंद जैन, ओम जैन, चंद्रशेखर, गिरिश, तेजेन्द्र सिंह, नरेंद्र तुसिया, सुरेश, लोकेंद्र, सिमरनजीत, योगेंद्र, जसप्रीत, जितेंद्र, तरुण समेत बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।

छावनी क्षेत्र का हर परिवार करता है सहयोग
सम्मेलन में दानदाताओं की ओर से कन्यादान के रूप में विभिन्न उपहार भेंट किए गए। जिसमें नीरज श्रृंगी की ओर से सोने का मंगलसूत्र, पलंग, गद्दे, तकिया और चादर भेंट किए गए। वहीं राजकुमार जैन ने वर के लिए कुर्ता, पजामा और साफा तथा भरत जैन ने वधू के लहंगा चुन्नी सेट भेंट किया। उसके अलावा सोने के लॉन्ग, चांदी के राम दरबार, तांबे के कलश, स्टील के बर्तन, चांदी की बिछिया भी कन्यादान में दी गई। मंगलमुखी नैना देवी, अनिल सोनी, तेजिंदर सिंह, लक्ष्मीनारायण, प्रमिला भटनागर, सारिका पंचोली, देव कुमार शाक्यवाल, श्रीनाथ मित्तल, रामकिशोर शर्मा, विष्णु भारद्वाज, महेंद्र राजावत तथा मिलनसार समिति की ओर से भी भेंट दी गई।

भंडारे में 70 हजार लोगों ने पाई प्रसादी
विवाह सम्मेलन के बाद विशाल आम भंडारा आयोजित किया गया। जिसमें 70 हजार से अधिक लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। भंडारे के लिए 32 क्विंटल आटा, 180 पीपा तेल, 10 पीपा देसी घी, 12 क्विंटल बेसन, 18 क्विंटल आलू, 13 क्विंटल शक्कर समेत विभिन्न सामग्री लोगों के द्वारा भेंट की गई। वहीं श्रमदान के लिए भी हर घर से न्यूनतम 1 व्यक्ति अवश्य जुटा था। भंडारा देर शाम तक जारी था।