Saturday, July 11, 2026
Home Blog Page 154

JEE Paper Analysis: सुबह की पारी में कैलकुलेशन कठिन, शाम को मोडरेट लेवल

कोटा। JEE Main 2026 Paper Analysis April Session 4th Day: बीई व बीटेक कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन अप्रैल 2026 सेशन के चौथे दिन की परीक्षा सोमवार को हुई। मंगलवार को बीआर्क कोर्स में प्रवेश के लिए जेईई मेन आयोजित होगी एवं बीई व बीटेक कोर्स में प्रवेश के लिए जेईई मेन अप्रैल सेशन की अंतिम परीक्षा बुधवार को सिर्फ एक यानी शाम की पारी में होगी।

एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट विनोद कुमावत ने विद्यार्थियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत करते हुए बताया कि सुबह की पारी के पेपर में फिजिक्स, कैमिट्री एवं मैथेमेटिक्स, तीनों सब्जेक्ट्स में कैलकुलेशन ने स्टूडेंट्स को उलझाए रखा। जिसके कारण स्टूडेंट्स ने काफी कम संख्या में प्रश्न अटैम्प्ट किए। शाम की पारी में पेपर मोडरेट रहा और जेईई मेन्स के सिलेबस से लगभग सभी टाॅपिक्स को कवर करते हुए प्रश्न पूछे गए थे।

फिजिक्स: सुबह की पारी में फिजिक्स के पेपर में कैलकुलेशन कठिन रही। जिसके कारण इसे मोडरेट लेवल का पेपर कहा जा सकता है। इसमें मैकेनिक्स तथा वेव तथा वेव ऑप्टिक्स के प्रश्नों की संख्या ज्यादा थी। सिलेबस के अनुसार देखा जाए तो पेपर संतुलित रहा। शाम की पारी मे पेपर का लेवल आसान से मध्यम स्तरीय रहा। जेईई मेन्स के सिलेबस से ग्रेविटेशन को छोड़कर अन्य सभी टाॅपिक्स से प्रश्न पूछे गए थे। इसमें 11वीं कक्षा के सिलेबस से 11 एवं 12वीं कक्षा के सिलेबस से 14 प्रश्न पूछे गए थे।

कैमेस्ट्री: सुबह की पारी में कैमेस्ट्री के पेपर में इनऑर्गेनिक कैमिस्ट्री आसान एवं ऑर्गेनिक कैमिस्ट्री कठिन रही। जबकि पेपर में फिजीकल कैमिस्ट्री के प्रश्नों का वेटेज अधिक होने के कारण स्टूडेंट्स को स्कोर करने में कठिनाई आई होगी। पेपर में 11वीं तथा 12वीं कक्षा के सिलेबस से पूछे गए प्रश्नों का स्तर मोडरेट लेवल का रहा। शाम की पारी में इनऑर्गेनिक कैमिस्ट्री का पेपर मोडरेट रहा। इसमें जानकारी आधारित सवाल पूछे गए। फिजीकल कैमिस्ट्री का लेवल मोडरेट एवं कंसेप्चुअल और ऑर्गेनिक कैमिस्ट्री का लेवल मोडरेट से कठिन और लेंदी रहा। पेपर में 11वीं कक्षा के सिलेबस से 10 एवं 12वीं कक्षा के सिलेबस से 15 प्रश्न कवर किए गए थे।

मैथ्स: मैथ्स का पेपर मोडरेट एवं लेंदी रहा। जिसमें प्रश्नों का लेवल पिछले वर्ष के पेपर के समान था। पेपर में सभी टाॅपिक्स का उचित रुप से उपयोग करते हुए प्रश्न पूछे गए थे। पेपर में प्रश्नों का विभाजन अन्य दिनों की तरह ही रहा। शाम की पारी में पेपर का लेवल मोडरेट और लेंदी रहा। जेईई मेन्स के टाॅपिक्स से लगभग सभी टाॅपिक्स को कवर करते हुए प्रश्नों को पूछा गया था। प्रश्नों का विभाजन देखा जाए तो 11वीं कक्षा के सिलेबस से 10 एवं 12वीं कक्षा के सिलेबस से 15 प्रश्न कवर किए गए थे।

माहेश्वरी पब्लिक स्कूल के 21वें स्थापना दिवस पर किड्स फन ज़ोन का शुभारंभ

कोटा। माहेश्वरी पब्लिक स्कूल में सोमवार को 21वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला कलक्टर पीयूष सामरिया ने एमपीएस किड्स फन ज़ोन का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों को मेंटल और फिजिकल हेल्थ पर ध्यान देने की सीख दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए उत्तम स्वास्थ्य, अनुशासन, स्वयं के प्रति ईमानदारी, बेहतर प्लानिंग, सकारात्मक व्यवहार और मजबूत चरित्र बेहद आवश्यक हैं। विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हार्ड वर्क का कोई शॉर्टकट नहीं होता, निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।

कार्यक्रम में माहेश्वरी पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने कहा कि समाज के विकास और प्रगति का आधार शिक्षा है। उन्होंने बताया कि एक आदर्श समाज के निर्माण के लिए महिला और पुरुष दोनों का शिक्षित होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से स्कूल ने बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए बालिकाओं से प्रवेश शुल्क नहीं लिया जा रहा है।

प्रशासक राजेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि जिला कलेक्टर ने स्कूल का भ्रमण कर डिजिटल क्लासरूम, कंप्युटर लेब और वातानुकूलित कक्षाओं का अवलोकन किया। इस दौरान बच्चों के लिए बनाए गए ‘एमपीएस किड्स फन ज़ोन’ में बॉल पूल, ट्रैम्पोलिन, पंचिंग बैग, क्लाइंबर्स, वी-ब्रिज, टनल एक्टिविटी और बैलेंसिंग ब्रिज जैसी सुविधाओं की शुरुआत की गई, जो बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होंगी।

प्राचार्य अमित कुमार शर्मा ने स्वागत भाषण एवं सचिव बिठ्ठलदास मूंदडा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष नंदकिशोर काल्या, कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार शारदा, सहमंत्री घनश्याम दास मूंदड़ा, महेशचंद अजमेरा, सुरेश चंद्र काबरा, कृष्ण गोपाल जाखेटिया,रामचरण धूत, प्रमोद कुमार भण्डारी, महिला मण्डल अध्यक्ष सरिता मोहता, सचिव श्वेता माहेश्वरी एवं उपप्राचार्या भक्ति निगम सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

Kota Mandi: कमजोर उठाव से कोटा मंडी में सोयाबीन, सरसों और चने का भाव लुढ़का

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में सोमवार को कमजोर उठाव से सोयाबीन 50 रुपये, सरसों और चना 100 रुपए लुढ़क गया। लिवाली निकलने से गेहूं बेस्ट 50 रुपये और लहसुन 500 उछल गया। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब ढाई लाख कट्टे और लहसुन की 10000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं नया मिल लस्टर 2150 से 2271, गेहूं एवरेज टुकड़ी 2275 से 2400, बेस्ट टुकड़ी 2400 से 2700, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1800, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ नया 1900 से 2250 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3351, धान (1509) 3400 से 4000, धान (1847) 3200 से 3901, धान (1718-1885) 4000 से 4550, धान (पूसा-1) 3000 से 4150, धान (1401-1886) 4100 से 4450, धान दागी 1500 से 3800 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 5000 से 5700, सरसों 6400 से 7101, अलसी 6800 से 7300, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 7000, उड़द 4500 से 8100, चना देशी पुराना 4700 से 5001, चना मौसमी नया 5100 से 5150, चना पेप्सी 5100 से 5401, चना डंकी पुराना 3500 से 4500, चना काबुली 5500 से 7500, नया चना देशी 5000 से 5300 रुपये प्रति क्विंटल।

लहसुन 3000 से 12500, मैथी पुरानी 5000 से 5800, मैथी नयी 5800 से 6200 धनिया बादामी 11000 से 12000, धनिया ईगल 12500 से 12800, धनिया रंगदार 13000 से 16000 रुपये प्रति क्विंटल।

Stock Market: सेंसेक्स 787 अंक चढ़कर 74107 पर, निफ्टी 22900 के पार बंद

शेयर बाजार सुधरने से निवेशकों को हुआ 5 लाख करोड़ का मुनाफा

नई दिल्ली। Stock Market Closed, Monday, April 6, 2026: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में एक प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। इस तेजी से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 5 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 428 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया।

30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 787.30 अंक या 1.07% बढ़कर 74,106.85 पर पहुंचा गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 255.15 या 1.12% अंकों की बढ़त के साथ 22,968.25 के स्तर पर बंद हुआ।

बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) मामूली गिरावट के साथ 73,477 अंक पर खुला। शुरूआती मिनटों में कोई पॉजिटिव ट्रिगर नहीं मिलने के बाद इंडेक्स में गिरावट बढ़ गई। लेकिन दोपहर में इंडेक्स वापस हरे निशान में आ गया। दोपहर 2:40 बजे यह 635.51 अंक या 0.87 फीसदी की बढ़त लेकर 73,955.06 पर कारोबार कर रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी सपाट रुख के साथ 22,780 पर खुला। खुलते ही यह 22700 से नीचे फिसल गया। लेकिन दोपहर में इंडेक्स में जोरदार रिकवरी आई। दोपहर 2:41 बजे यह 202 अंक या 0.89 फीसदी की बढ़त के साथ 22,915.10 पर कारोबार कर रहा था।

बाजार में सोमवार को तेजी की वजह

  • युद्धविराम की उम्मीद
    भूराजनीतिक तनाव कम होने की उम्मीद से बाजार का माहौल बेहतर हुआ है। रिपोर्ट्स में अमेरिका और ईरान के बीच संभावित संघर्षविराम की दिशा में प्रगति के संकेत मिले हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, संघर्ष खत्म करने के लिए एक प्रस्तावित ढांचा दोनों पक्षों को दिया गया है। इसे जल्द लागू किया जा सकता है।
  • इससे रणनीतिक रूप से अहम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के दोबारा खुलने की संभावना बढ़ी है। इस शांति योजना में दो चरण शामिल हैं। पहले तत्काल संघर्षविराम होगा, फिर व्यापक समझौता किया जाएगा। हालांकि, ईरान ने साफ कहा है कि वह अस्थायी संघर्षविराम के तहत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को नहीं खोलेगा।
  • रुपये में मजबूती
    भारतीय रुपया 33 पैसे मजबूत होकर डॉलर के मुकाबले 92.85 पर पहुंच गया। यह बढ़त तब आई जब आरबीआई ने सट्टेबाजी पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठाए। आरबीआई ने बैंकों की ओपन पोजिशन की सीमा 10 करोड़ डॉलर तक तय कर दी है। हालांकि, इस मजबूती के बावजूद रुपये पर दबाव बना हुआ है। फॉरेक्स ट्रेडर्स का कहना है कि विदेशी निवेश की निकासी, मजबूत डॉलर और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों की वजह से रुपये पर असर पड़ रहा है। भूराजनीतिक तनाव भी इस दबाव को बढ़ा रहा है।
  • बैंकिंग-फाइनेंशियल स्टॉक्स में तेजी
    निफ्टी बैंक इंडेक्स करीब 1.5 प्रतिशत चढ़कर दिन के दौरान 52,339 के हाई स्तर तक पहुंच गया। इसमें बैंक ऑफ बड़ौदा, एक्सिस बैंक, केनरा बैंक, एचडीएफसी बैंक, फेडरल बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और यस बैंक में करीब 3 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। वहीं, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स भी करीब 1.7 प्रतिशत तक चढ़ा। इसमें एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, श्रीराम फाइनेंस, बीएसई, मुथूट फाइनेंस, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी लाइफ, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज और चोलामंडलम इन्वेस्टमेंट एंड फाइनेंस कंपनी में बढ़त रही।

कोटा मंडल की लिपिक कविता कुमारी ने राष्ट्रीय स्तर पर जीता कांस्य पदक

इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-2 शॉट पुट स्पर्धा

कोटा। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI) द्वारा आयोजित एक दिवसीय इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-2 में कोटा मंडल, पश्चिम मध्य रेलवे की कनिष्ठ लिपिक कविता कुमारी ने शॉट पुट स्पर्धा में 13.75 मीटर का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया तथा कांस्य पदक जीता। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 5 अप्रैल को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के श्रेष्ठ एथलीटों ने भाग लिया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि सुश्री कविता कुमारी वर्तमान में कोटा मंडल, पश्चिम मध्य रेलवे की सामान्य शाखा में कनिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। रेलवे सेवा में कार्य करते हुए उन्होंने खेल के प्रति अपनी लगन और परिश्रम को निरंतर बनाए रखा और इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पदक जीतकर कोटा मंडल का गौरव बढ़ाया है।

उल्लेखनीय है कि इंडियन एथलेटिक्स सीरीज भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा इस वर्ष प्रारंभ की गई 16-चरणीय राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता श्रृंखला है, जो अप्रैल से सितम्बर 2026 के मध्य देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर एथलीटों को प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करना तथा एशियाई खेलों एवं राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी को गति देना है।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने कविता कुमारी को इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पदक कविता की कड़ी मेहनत, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। रेलवे प्रशासन सदैव अपने कर्मचारियों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करता रहा है और आगे भी करता रहेगा।

कोटा मंडल में 160 किमी प्रति घंटा की गति से ट्रेन संचालन की राह और आसान हुई

गंगापुर सिटी में 2×25 केवी ट्रैक्शन सब-स्टेशन सफलतापूर्वक पूर्ण लोड पर चालू

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में विद्युत (टीआरडी) विभाग ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मिशन रफ्तार के तहत गंगापुर सिटी ट्रैक्शन सब-स्टेशन सफलतापूर्वक चालू होने से 160 किमी प्रति घंटा की गति से ट्रेन संचालन की राह और आसान हो गई है।

31 मार्च को गंगापुर सिटी में नवनिर्मित 2×25 केवी ट्रैक्शन सब-स्टेशन को सफलतापूर्वक पूर्ण लोड पर चालू कर दिया गया है। इसके साथ ही संबद्ध फीडर लाइन और ओवरहेड विद्युत लाइन भी क्रियाशील कर दी गई है। यह उपलब्धि कोटा मंडल के लाखों यात्रियों के लिए एक सुखद संदेश है। आने वाले समय में उन्हें और तेज़, समय पर चलने वाली तथा अधिक विश्वसनीय ट्रेन सेवाओं का लाभ मिलेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गंगापुर सिटी ट्रैक्शन सब-स्टेशन, कोटा मंडल का दूसरा 2×25 केवी सब-स्टेशन है। इससे पूर्व नागदा-मथुरा सेक्शन पर सुवासरा में यह प्रणाली कार्यरत है। नवचालू गंगापुर सिटी सब-स्टेशन मलारना से पिलोदा तक के सेक्शन को विद्युत आपूर्ति प्रदान करेगा, जो कि 100 ट्रैक किलोमीटर की दूरी को कवर करता है।

उन्होंने आगे बताया कि इस नए सब-स्टेशन के चालू होने से कोटा मंडल में 2×25 केवी विद्युत प्रणाली के अंतर्गत कुल ट्रैक किलोमीटर अब 405 हो गई है, जिसमें नागदा-रामगंज मंडी सेक्शन पर 305 ट्रैक किलोमीटर तथा मलारना-पिलोदा सेक्शन पर नए 100 ट्रैक किलोमीटर सम्मिलित हैं।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025-26 के लिए 396 ट्रैक किलोमीटर का लक्ष्य निर्धारित था, जिसे कोटा मंडल ने न केवल प्राप्त किया, बल्कि 9 ट्रैक किलोमीटर अधिक की उपलब्धि हासिल की।

श्री जैन ने बताया कि यह तकनीकी उन्नयन सीधे तौर पर यात्रियों के दैनिक सफर को बेहतर बनाएगा। कोटा, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन हज़ारों यात्री जिनमें व्यापारी, विद्यार्थी, नौकरीपेशा एवं तीर्थयात्री सम्मिलित हैं, इस रेलखंड पर यात्रा करते हैं। उन्नत विद्युत आपूर्ति से ट्रेनों की गति बढ़ेगी, देरी में कमी आएगी तथा बिजली व्यवधान के कारण होने वाली परेशानियों से यात्रियों को राहत मिलेगी।

2×25 केवी विद्युत प्रणाली, परम्परागत 25 केवी प्रणाली की तुलना में अधिक उन्नत तकनीक है। इस प्रणाली में ओवरहेड लाइन के साथ-साथ एक अतिरिक्त फीडर लाइन भी लगाई जाती है, जिससे विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार होता है। यह प्रणाली विशेष रूप से उच्च गति रेल संचालन हेतु अनिवार्य मानी जाती है।

Insomnia: नींद की कमी से डायबिटीज, दिल के रोग एवं मोटापा का खतरा

नई दिल्ली। Health Tips: अच्छी और पर्याप्त नींद शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। जब हम सोते हैं, तब हमारा दिमाग दिनभर की जानकारी को प्रोसेस करता है और शरीर खुद को रिपेयर करता है।

लगातार कम नींद लेने से दिल की बीमारियों, डायबिटीज, मोटापा और मानसिक समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए रोज कम से कम 7-8 घंटे की अच्छी नींद जरूर लें।

नींद की कमी का हार्ट हेल्थ पर असर पर्याप्त और अच्छी क्वालिटी की नींद शरीर के कई महत्वपूर्ण कार्यों को संतुलित रखने में मदद करती है। सबसे पहले इसका असर दिल की सेहत पर पड़ता है। नींद की कमी से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है और लंबे समय में हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है।

कम नींद लेने से स्ट्रेस हार्मोन कॉर्टिसोल का बढ़ना, सूजन और धमनियों में ब्लॉकेज का जोखिम बढ़ सकता है। जो लोग रोजाना 7-8 घंटे से कम सोते हैं उनमें हाई ब्लड प्रेशर, स्ट्रोक और दिल का दौरा पड़ने की संभावना बढ़ जाती है। जो लोग 5 घंटे से कम सोते हैं उन्हें हार्ट अटैक का खतरा सबसे ज्यादा होता है।

नींद की कमी से डायबिटीज का रिस्क
नींद का सीधा संबंध डायबिटीज और मेटाबॉलिक हेल्थ से भी है। कम नींद लेने से शरीर में इंसुलिन का संतुलन बिगड़ सकता है, जिससे ब्लड शुगर कंट्रोल करना मुश्किल हो जाता है। लगातार नींद की कमी से मोटापा बढ़ने का खतरा भी बढ़ जाता है, क्योंकि इससे भूख को नियंत्रित करने वाले हार्मोन प्रभावित होते हैं।

गुस्सा और चिड़चिड़ापन- नींद की कमी सिर्फ शरीर नहीं दिमाग को भी प्रभावित करती है। पर्याप्त नींद न मिलने पर व्यक्ति में चिड़चिड़ापन, गुस्सा और भावनाओं पर नियंत्रण कम होने जैसी समस्याएं देखी जा सकती हैं। कई लोगों को ब्रेन फॉग यानी दिमाग का सुस्त होना जैसे लक्षण भी महसूस होते हैं।

एंग्जायटी और डिप्रेशन- नींद की कमी से व्यक्ति की तनाव को कंट्रोल करने की क्षमता भी कम हो जाती है। लंबे समय तक पर्याप्त नींद न लेने से एंग्जायटी और डिप्रेशन जैसी मानसिक समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। कुछ मामलों में नींद की कमी गंभीर मानसिक लक्षणों को भी ट्रिगर कर सकती है।

फोकस की कमी- नींद की कमी का असर काम करने की क्षमता पर भी पड़ता है। याददाश्त कमजोर हो सकती है और काम या पढ़ाई में फोकस बनाए रखना मुश्किल हो जाता है।

नींद की कमी का इम्यूनिटी पर असर
अच्छी नींद इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में मदद करती है, लेकिन जो लोग 7-8 घंटे से कम सोते हैं उनकी इम्यूनिटी कमजोर होने लगती है। पर्याप्त नींद न लेने से इन्फेक्शन से लड़ने वाले प्रोटीन साइटोकाइन और एंटीबॉडी कम हो जाते हैं। इम्यून सिस्टम कमजोर होने से इन्फेक्शन और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

जब हम सोते हैं, तब शरीर खुद को रिपेयर करता है और इन्फेक्शन से लड़ने की क्षमता बेहतर होती है। अगर कोई व्यक्ति पर्याप्त नींद नहीं लेता, तो उसे बार-बार सर्दी-जुकाम या अन्य इन्फेक्शन होने का खतरा बढ़ सकता है। नींद की कमी से एनर्जी लेवल भी कम हो जाता है और दिनभर थकान महसूस होती है। इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए पर्याप्त नींद लेना बेहद जरूरी है।

अच्छी नींद के लिए क्या करें
रोज की आदतों और लाइफस्टाइल में बदलाव करके नींद की क्वालिटी को सुधारा जा सकता है। इसके लिए-

  • रोज एक ही समय पर सोने और जागने की आदत बनाएं
  • सोने से पहले मोबाइल या स्क्रीन का इस्तेमाल न करें
  • सोने से पहले चाय-कॉफी न पिएं
  • अच्छी नींद के लिए शांत वातावरण में सोएं

नींद का महत्व समझें
कई लोग ये मानते हैं कि 7-8 घंटे से कम सोने पर भी उनकी नींद पूरी हो जाती है, लेकिन धीरे-धीरे नींद की कमी का असर उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने लगता है। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए हेल्दी डाइट और रेगुलर एक्सरसाइज के साथ-साथ पर्याप्त और क्वालिटी नींद को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी है।

श्रेया घोषाल ने मुंबई के वर्ली में 29.70 करोड़ में खरीदा आलीशान घर, जानिए क्या है खास

नई दिल्ली। मशहूर प्लेबैक सिंगर श्रेया घोषाल ने मुंबई के वर्ली में एक आलीशान अपार्टमेंट खरीदा है। प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट के मुताबिक श्रेया ने यह घर अपने माता-पिता शर्मिष्ठा घोषाल और विश्वजीत घोषाल के साथ मिलकर खरीदा है। इस लग्जरी फ्लैट की कीमत ₹29.70 करोड़ है।

वर्ली के गोदरेज ट्रायलॉजी प्रोजेक्ट में स्थित यह अपार्टमेंट 2,430 वर्ग फुट के कारपेट एरिया में बना है, जबकि इसका कुल एरिया 2,750 वर्ग फुट है। इस डील के लिए श्रेया ने 1 अप्रैल 2026 को ₹1.78 करोड़ की स्टैंप ड्यूटी और ₹30,000 का रजिस्ट्रेशन चार्ज दिया है। घर के साथ उन्हें 3 कार पार्किंग स्पेस भी मिले हैं।

साउथ मुंबई, लोअर परेल और बांद्रा के बाद अब वर्ली बड़े सितारों और बिजनेस टायकून्स की पहली पसंद बनता जा रहा है। बांद्रा-वर्ली सी लिंक, एनी बेसेंट रोड और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से बढ़िया कनेक्टिविटी के चलते इस इलाके की वैल्यू काफी बढ़ गई है। यहां से नरीमन पॉइंट और BKC जैसे बिजनेस हब तक पहुंचना आसान है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक वर्ली के टॉप अपार्टमेंट्स की कीमतें अब ₹1 लाख प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गई हैं। यह न्यूयॉर्क के लोअर मैनहट्टन की कीमतों को टक्कर देती हैं। पिछले 3 सालों में यहां ₹100 करोड़ से ज्यादा की 20 से ज्यादा बड़ी रेजिडेंशियल डील्स हो चुकी हैं।

श्रेया घोषाल का करियर
वर्क फ्रंट की बात करें तो श्रेया घोषाल ने रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा’ जीतकर म्यूजिक की दुनिया में कदम रखा था। साल 2002 में फिल्म ‘देवदास’ के गाने ‘बैरी पिया’ से उन्होंने बॉलीवुड में अपना धमाकेदार डेब्यू किया था। श्रेया के पिता विश्वजीत घोषाल एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं और मां शर्मिष्ठा घोषाल लिट्रेचर में पोस्ट ग्रेजुएट हैं। अपनी मेहनत और आवाज के दम पर श्रेया आज देश की सबसे कामयाब और पॉपुलर सिंगर्स में गिनी जाती हैं। उनकी नई प्रॉपर्टी उनकी लगातार बढ़ती सक्सेस का सबूत है।

Crude Oil Price: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की धमकी से ब्रेंट क्रूड 110 डॉलर के पार पहुंचा

नई दिल्ली। Crude Oil Price: पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच वैश्विक तेल कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को दी गई सख्त चेतावनी के बाद बाजार में अनिश्चितता बढ़ गई। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.74 प्रतिशत बढ़कर 109.8 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गया।

वहीं रवीवार को अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.4% बढ़कर 110.60 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई, जबकि अमेरिकी क्रूड (WTI) में 1.8% की तेजी आई और यह 113.60 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।

रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर होर्मुज को तुरंत नहीं खोला गया, तो ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमला किया जा सकता है। उन्होंने बेहद आक्रामक भाषा का इस्तेमाल करते हुए संकेत दिया कि अमेरिका कड़े सैन्य कदम उठा सकता है।

इस बयान के जवाब में एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मौजूदा परिस्थितियों में जलडमरूमध्य नहीं खोला जाएगा। उनका कहना था कि जब तक युद्ध से हुए नुकसान की पूरी भरपाई नहीं होती, तब तक यह मार्ग बंद रहेगा।

कूटनीतिक कोशिशें जारी
तनाव के बीच ओमान ने मध्यस्थता की पहल की है। ओमान के विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की कि उसके प्रतिनिधियों ने रविवार को ईरानी अधिकारियों से मुलाकात की, जिसमें व्यापारिक जहाजों की आवाजाही बहाल करने के संभावित विकल्पों पर चर्चा हुई।

ओपेक का उत्पादन बढ़ाने का फैसला
इस बीच, वैश्विक आपूर्ति को स्थिर रखने के लिए ओपेक और सहयोगी देशों ने उत्पादन बढ़ाने का फैसला किया है। सऊदी अरब, रूस, इराक, यूएई, कुवैत, कजाखस्तान, अल्जीरिया और ओमान सहित आठ देशों ने मई 2026 से प्रतिदिन 2.06 लाख बैरल (kbd) उत्पादन बढ़ाने पर सहमति जताई है। ओपेक+ ने कहा कि यह कदम बाजार में स्थिरता बनाए रखने के लिए उठाया गया है और उत्पादन में बदलाव परिस्थितियों के अनुसार धीरे-धीरे लागू किया जाएगा।

Gold Price: सोना 1382 रुपये सस्ता हुआ; चांदी भी गिरी, जानिए आज के भाव

नई दिल्‍ली। Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में आज गिरावट आई है। इसकी वजह यह है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक धमकी की वजह से कच्चे तेल की कीमत में आज फिर तेजी आई है।

ट्रंप ने कहा है कि अगर ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को नहीं खोला तो बुधवार सुबह उसके सिविलियन इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया जाएगा। इससे कच्चे तेल में तेजी आई है जबकि सोने और चांदी में गिरावट दिख रही है।

एमसीएक्स पर 5 जून की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,49,690 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था जबकि आज यह 1,48,847 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार के दौरान यह 1382 रुपये की गिरावट 1,48,298 रुपये तक आ गया। सुबह 9.15 बजे यह 1110 रुपये की गिरावट के साथ 1,48,570 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

इस बीच चांदी की कीमत में भी गिरावट आई है। 5 मई की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,32,495 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी और आज 2,30,716 रुपये पर खुली। शुरुआती कारोबार में यह 2,844 रुपये की गिरावट के साथ 2,29,651 रुपये तक आ गई। 9.15 बजे यह 2095 रुपये यानी 0.90 फीसदी की गिरावट के साथ 2,30,400 रुपये पर ट्रेड कर रही थी।

गुड रिटर्न के आंकड़ों के मुताबिक सर्राफा बाजार में भी सोने और चांदी की कीमत में गिरावट आई है। दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,51,070 रुपये प्रति 10 ग्राम है। इसी तरह 22 कैरेट सोने की कीमत 1,38,490 रुपये और 18 कैरेट की 1,13,340 रुपये चल रही है। चांदी की कीमत 2,49,900 रुपये किलो पर ट्रेड कर रही है।

क्‍या मिल रहे हैं संकेत
विश्लेषकों ने कहा कि इस हफ्ते सोने और चांदी के एक दायरे में, लेकिन सकारात्मक रुझान के साथ कारोबार करने की संभावना है। कारण है कि निवेशक पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और प्रमुख वैश्विक व्यापक आर्थिक आंकड़ों पर नजर रखेंगे। मार्केट पार्टिसिपेंट्स आगे के संकेतों के लिए हफ्ते के मध्य में आने वाले भारतीय रिजर्व बैंक के मौद्रिक नीति निर्णय पर भी फोकस बनाए रखेंगे।