Saturday, July 11, 2026
Home Blog Page 152

पश्चिम एशिया में सीजफायर से कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आए

नई दिल्ली। Crude Oil Price: पश्चिम एशिया में दो हफ्ते के सीजफायर की घोषणा के बाद आज कच्चे तेल की कीमत में भारी गिरावट आई है। इससे होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही सामान्य होने की उम्मीद बंधी है।

दुनिया का 20 फीसदी तेल इसी इलाके से गुजरता है। लेकिन ईरान युद्ध के कारण वहां से जहाजों की आवाजाही बाधित हुई थी। इसके कारण कच्चा तेल 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था जो यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद इसका सबसे ऊंचा स्तर था।

लेकिन पश्चिम एशिया में सीजफायर की घोषणा से कच्चे तेल में गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड में 15 फीसदी और डब्ल्यूटीआई क्रूड में 23 फीसदी तक गिरावट आई। भारतीय समय के अनुसार 7.15 बजे ब्रेंट क्रूड 13.22 फीसदी यानी 14.45 डॉलर की गिरावट के साथ 94.82 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था।

इसी तरह अमेरिकन बेंचमार्क डब्ल्यूटीआई भी 14.02 फीसदी यानी 15.83 डॉलर की गिरावट के साथ 97.12 डॉलर पर था। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद यह लगातार 100 डॉलर के ऊपर बना हुआ था।

तेल में भी ऐतिहासिक तेजी
ईरान तथा अमेरिका/इजरायल के बीच युद्ध के कारण मार्च में कच्चे तेल की कीमत में 50 फीसदी से अधिक तेजी आई थी जो इतिहास में एक महीने में सबसे बड़ी बढ़ोतरी थी। होर्मुज स्ट्रेट से खाड़ी के कई देश अपना तेल निर्यात करते हैं। लेकिन इसके बंद होने से दुनिया में तेल और गैस की सप्लाई टाइट हो गई थी। इसे दुनिया का सबसे बड़ा तेल संकट माना जा रहा था। पाकिस्तान समेत कई देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमत में भारी तेजी आई थी।

भारत पर असर
कच्चे तेल की कीमत कम होने से भारत को भी काफी फायदा होगा। इससे रुपये पर भी दबाव कम होगा और डॉलर के मुकाबले वह मजबूत होगा। भारत अपना 85 फीसदी से अधिक कच्चा तेल आयात करता है। ईरान युद्ध के कारण भारत में खासकर एलपीजी की काफी किल्लत हो गई थी। होर्मुज स्ट्रेट से तेल कारोबार सामान्य होने से भारत खाड़ी देशों से तेल और गैस का आयात कर सकेगा।

टेंट व्यवसायी भी सामाजिक सरोकारों में अग्रणी भूमिका निभाएं: राजेश बिरला

टेंट एवं कैटरिंग व्यवसाय पर जीएसटी 18% से घटाकर 5% किया जाए: माहेश्वरी

कोटा। हाड़ोती टेन्ट डीलर्स समिति का शपथ ग्रहण समारोह बूंदी रोड स्थित एक निजी रिसॉर्ट में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने की।

समारोह के विशिष्ठ अतिथि टेंट डीलर्स समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि जिंदल एवं प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा थे। इस अवसर पर हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक सिंघल सहित सभी पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि द्वारा शपथ दिलाई गई।

मुख्य अतिथि राजेश बिरला ने कहा कि टेंट व्यवसाय एक बड़ा एवं महत्वपूर्ण व्यवसाय है, जिसके बिना कोई भी सामाजिक आयोजन संभव नहीं है। उन्होंने टेंट व्यवसायियों से किफायती दरों पर सेवाएं उपलब्ध कराने एवं सामाजिक सरोकारों में अग्रणी भूमिका निभाने की अपील की।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए अशोक माहेश्वरी ने कहा कि टेंट एवं कैटरिंग व्यवसाय पर वर्तमान 18% जीएसटी दर अत्यधिक है। क्योंकि यह व्यवसाय सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने सरकार से इसे घटाकर 5% करने की मांग की।

साथ ही उन्होंने कहा कि हाड़ौती क्षेत्र में पर्यटन तेजी से विकसित हो रहा है, जिससे भविष्य में कोटा में डेस्टिनेशन वेडिंग्स बढ़ेंगी और टेंट, कैटरिंग एवं होटल व्यवसाय को नई गति मिलेगी। इसके लिए व्यवसायियों को आधुनिक तकनीक अपनाते हुए अपने कार्य में नवाचार करना होगा।

माहेश्वरी ने आगामी सितंबर माह में कोटा में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय टेंट व्यवसायियों के अधिवेशन का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि जिंदल एवं प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन कोटा डिवीजन इस आयोजन में पूर्ण सहयोग देंगी। इस अधिवेशन में राज्यभर से लगभग 10,000 टेंट व्यवसायियों के आने की संभावना है, जिन्हें कोटा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि जिंदल एवं प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा ने कहा कि कोटा तेजी से एक प्रमुख पर्यटन नगरी के रूप में उभर रहा है। यहां आयोजित होने वाला अधिवेशन इस पहचान को और मजबूत करेगा। क्योंकि कोटा पर्यटन शहर के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

कार्यक्रम में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की ओर से अतिथियों एवं विभिन्न संभागों से आए टेंट व्यवसायियों का स्मृति चिन्ह, दुपट्टा एवं हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की स्मारिका देकर सम्मान किया गया।

साथ ही हाड़ौती टेंट डीलर समिति में होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जवाहर बंसल को संरक्षक, बारां ईकाई के अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल, मनोज अग्रवाल एवं बूंदी से मुकेश श्रृंगी उपाध्यक्ष को बनाए जाने पर उनका भी स्वागत किया गया।

हाड़ोती टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल, महामन्त्री गुरमीत सिंह सन्नी, कोषाध्यक्ष मोर मन सिंह, उपाध्यक्ष सोरभ पोरवाल, कपिल शर्मा, मुकेश श्रृंगी, पूनम अग्रवाल, देवकी नन्दन सहित सभी पदाधिकारी ने पद व गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में अजमेर, जयपुर, जोधपुर, पाली, नागौर, उदयपुर, भरतपुर, झुंझुनूं और बीकानेर एवं हाडोती समेत सभी संभाग के टेंट व्यवसाई मौजूद थे।

Fenugreek Price: मेथी के उत्पादन में कमी से इस बार कीमतों में तेजी के आसार

नई दिल्ली। चालू सीजन के लिए प्रमुख उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात में मेथी के बिजाई क्षेत्रफल में कमी आने के अलावा प्रति हेक्टेयर उत्पादकता भी घटने के समाचारों से इस वर्ष देश में मेथी का उत्पादन गत वर्ष की तुलना में कम होने के अनुमान लगाए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रमुख उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश में मेथी की बिजाई गत वर्ष की तुलना में 14 प्रतिशत घटकर 55.40 हजार हेक्टेयर की रह गई। जबकि राजस्थान में बिजाई 41.75 हेक्टेयर पर की गई जोकि गत वर्ष की तुलना में 12 प्रतिशत कम है।

गुजरात में मेथी की बिजाई 17.50 हजार हेक्टेयर पर की गई है गत वर्ष बिजाई 18.60 हजार हेक्टेयर पर की गई थी कुल मिलाकर इस वर्ष देश में मेथी की बिजाई 1.15 लाख हेक्टेयर पर की गई जबकि गत वर्ष बिजाई 1.30 लाख हेक्टेयर पर की गई थी।

जानकारों का कहना है कि मध्य प्रदेश में इस वर्ष मेथी का उत्पादन 7/7.25 लाख क्विंटल होने के अनुमान है जबकि गत वर्ष उत्पादन 8/8.50 लाख क्विंटल का रहा था। राजस्थान में उत्पादन 5/5.50 लाख क्विंटल माना जा रहा है गत वर्ष उत्पादन लगभग 6 लाख क्विंटल माना गया था। गुजरात में उत्पादन 2/2.25 लाख क्विंटल होने के अनुमान है गत वर्ष लगभग 2.50 लाख बोरी का उत्पादन माना गया था।

हालांकि वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर नए मालों की आवक हो रही है लेकिन आवक आशानुरूप बढ़ने के कारण हाल ही में मेथी के भाव 400/500 रुपए प्रति क्विंटल तक बढ़ गए है। वर्तमान में मध्य प्रदेश की मंडियों में एवरेज क्वालिटी का भाव 6200/6600 रुपए प्रति क्विंटल बोला जा रहा है, जबकि राजस्थान की मंडियों में भाव 6000/6500 रुपए चल रहा है।

गुजरात की राजकोट मंडी में क्वालिटीनुसार भाव 5400/7000 रुपए बोला जा रहा है। जबकि आवक 5000/6000 बोरी की हो रही है। मध्य प्रदेश की नीमच एवं जावरा मंडी में आवक 2200/2500 बोरी की चल रही। राजस्थान की कोटा मंडी में आवक 500/600 बोरी की हो रही है।

निर्यात: मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार चालू वित्त वर्ष के प्रथम 10 माह अप्रैल-जनवरी- 2026 के दौरान मेथी निर्यात 3 प्रतिशत बढ़ा है जबकि आय में 2 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल-जनवरी 2026 में मेथी का निर्यात 40633 टन का रहा और निर्यात से प्राप्त आय 304.97 करोड़ की रही। जबकि अप्रैल-जनवरी 2025 में 35907 टन का निर्यात किया गया और निर्यात से प्राप्त आय 298.14 करोड़ की रही।

भारत में सरसों तेल का उत्पादन 41 लाख टन के करीब होने का उस्डा का अनुमान

नई दिल्ली। सरसों के बेहतर उत्पादन एवं क्रशिंग मार्जिन में सुधार के कारण 2025-26 के वर्तमान सीजन में सरसों तेल एवं खल के उत्पादन में बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है।

अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने भारत में सरसों तेल का उत्पादन 2024-25 सीजन के 39.56 लाख टन से बढ़कर 2025-26 के सीजन में 40.90 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है। सभी सरसों की भरपूर आपूर्ति एवं क्रशिंग हो रही है।

उस्डा की रिपोर्ट के अनुसार 2025-26 सीजन के दौरान भारत में 3.57 लाख टन के पिछले बकाया स्टॉक, 40.90 लाख टन के उत्पादन तथा 40 हजार टन के संभावित आयात के साथ सरसों तेल की कुल उपलब्धता 44.87 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है।

इसमें से 40.80 लाख टन का घरेलू उपयोग तथा 10 हजार टन का निर्यात होने की संभावना है और इसके बाद मार्केटिंग सीजन के अंत में 3.97 लाख टन सरसों तेल का अधिशेष स्टॉक बच सकता है।

इसी तरह सरसों खल / मील के बारे में उस्डा का कहना है कि इसका घरेलू उत्पादन 63.99 लाख टन हो सकता है जबकि 2.04 लाख टन के पिछले बकाया स्टॉक तथा 2 हजार टन के संभावित आयात के साथ इसकी कुल उपलब्धता 66.05 लाख टन पर पहुंचेगी।

इसमें से 47 लाख टन सरसों खल का घरेलू उपयोग तथा 17 लाख टन का निर्यात हो सकता है और मार्केटिंग सीजन के अंत में 2.05 लाख टन का अधिशेष स्टॉक बच सकता है।

भामाशाह अनाज मंडी में समर्थन मूल्य खरीद केंद्र पर किसानों का हंगामा

क्वालिटी इंस्पेक्टर और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर किसानों का फूटा गुस्सा

​कोटा। भामाशाह अनाज मंडी स्थित गेहूं खरीद केंद्र पर मगंलवार को उस समय भारी हंगामे की स्थिति बन गई, जब खरीद प्रक्रिया में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली से नाराज होकर दर्जनों किसान लामबंद हो गए। किसानों ने क्वालिटी इंस्पेक्टर मनीष सांखला और बायोमेट्रिक मशीन पर तैनात कर्मचारी ऋतुराज पर खरीद कार्य में जानबूझकर अड़ंगे डालने का आरोप लगाते हुए खरीद केंद्र पर हंगामा किया।

​हंगामे का मुख्य कारण हाल ही में हुई बेमौसम बारिश से भीगे गेहूं की तुलाई से इनकार करना रहा। प्रदर्शनकारी किसानों का कहना था कि प्राकृतिक आपदा के कारण फसल में नमी आई है, लेकिन विभाग इसे स्वीकार करने के बजाय किसानों को परेशान कर रहा है।

किसानों ने आरोप लगाया कि क्वालिटी इंस्पेक्टर मनीष सांखला का व्यवहार किसानों के प्रति बेहद अभद्र और संवेदनहीन था। किसानों के अनुसार, सरकारी नियमों की नई गाइड लाइन के बावजूद अतिरिक्त 5 प्रतिशत की जो तुलाई होनी चाहिए, उसे भी केंद्र पर ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है, जिससे किसानों को सीधे तौर पर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

​व्यवस्थाओं की पोल खोलते हुए किसानों ने बताया कि बायोमेट्रिक डेस्क पर बैठे कर्मचारी ऋतुराज की मनमानी से प्रक्रिया और जटिल हो गई है। जिन किसानों के पास दो अलग-अलग टोकन हैं, उन्हें एक ही समय में काम निपटाने के बजाय बार-बार लाइन में लगने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

इसके अलावा, किसानों ने एक और गंभीर मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनके मोबाइल पर मैसेज के जरिए एक टोकन पर दर्ज विभिन्न किसानों की जितनी मात्रा आवंटित की गई है। केंद्र पर उतनी तुलाई नहीं की जा रही है। मैसेज में दर्ज मात्रा और वास्तविक खरीद में अंतर के कारण किसान खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।

भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि क्वालिटी इंस्पेक्टर मनीष सांखला के व्यवहार में सुधार नहीं हुआ और नियमों के अनुसार गेहूं की तुलाई सुनिश्चित नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

किसानों ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर तुलाई प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की। साथ ही उन्होंने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी अपील की, ताकि मंडी में अपनी उपज लेकर आए किसानों को राहत मिल सके।

Kota Mandi: कमजोर उठाव से कोटा मंडी में लहसुन और चना मंदा रहा

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में मंगलवार को लिवाली निकलने से गेहूं और धान 50 रुपये तेज बिका। कमजोर उठाव से लहसुन 500 रुपये और चना 50 रुपये मंदा रहा। सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब दो लाख कट्टे और लहसुन की 8000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं नया मिल लस्टर 2200 से 2325, गेहूं एवरेज टुकड़ी 2350 से 2450, बेस्ट टुकड़ी 2450 से 2800, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1800, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ नया 1900 से 2250 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3451, धान (1509) 3400 से 4000, धान (1847) 3200 से 4101, धान (1718-1885) 4000 से 4570, धान (पूसा-1) 3000 से 4200, धान (1401-1886) 4100 से 4450, धान दागी 1500 से 3800 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 5000 से 5700, सरसों 6400 से 7101, अलसी 6800 से 7300, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 7000, उड़द 4500 से 8100, चना देशी पुराना 4700 से 5001, चना मौसमी नया 5100 से 5150, चना पेप्सी 5100 से 5601, चना डंकी पुराना 3500 से 4500, चना काबुली 5500 से 7500, नया चना देशी 5000 से 5300 रुपये प्रति क्विंटल।

लहसुन 3000 से 11500, मैथी पुरानी 5000 से 5800, मैथी नयी 5800 से 6200, धनिया बादामी 11000 से 11800, धनिया ईगल 12000 से 12500, धनिया रंगदार 13000 से 16000 रुपये प्रति क्विंटल।

सीए इंटरमीडिएट मई 2026 के शेड्यूल में बदलाव, अब पांच मई से होंगी परीक्षाएं

नई दिल्ली। ICAI CA Intermediate May 2026 Exam Date: इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने सीए इंटरमीडिएट मई 2026 परीक्षा के शेड्यूल में बदलाव किया है। पहले यह परीक्षा 3 मई 2026 से शुरू होने वाली थी, लेकिन अब इसे 5 मई 2026 से आयोजित किया जाएगा।

संस्थान ने आधिकारिक नोटिस जारी कर बताया कि यह बदलाव ‘अनिवार्य कारणों’ के चलते किया गया है। संशोधित शेड्यूल भारत के साथ-साथ विदेशों में स्थित सभी परीक्षा केंद्रों पर लागू होगा। आईसीएआई द्वारा जारी नए टाइमटेबल के अनुसार, ग्रुप-I की परीक्षाएं 5, 7 और 9 मई 2026 को आयोजित की जाएंगी।

वहीं ग्रुप-II की परीक्षाएं 11, 13 और 15 मई 2026 को होंगी। परीक्षा का समय पहले की तरह दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे (IST) तक रहेगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे नए शेड्यूल के अनुसार अपनी तैयारी को व्यवस्थित करें और परीक्षा तिथियों को ध्यान में रखते हुए अपनी रणनीति बनाएं।

आईसीएआई ने स्पष्ट किया है कि यह बदलाव केवल इंटरमीडिएट कोर्स के लिए लागू है। सीए फाउंडेशन, सीए फाइनल और पोस्ट क्वालिफिकेशन कोर्स (PQC) की परीक्षाओं की तिथियों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। इसका मतलब है कि इन परीक्षाओं में शामिल होने वाले उम्मीदवार बिना किसी चिंता के अपनी तैयारी पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रख सकते हैं।

ग्रीष्मकालीन तीन विशेष एक्सप्रेस ट्रैन कोटा मंडल के इन स्टेशनों से होकर गुजरेंगी

कोटा। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन द्वारा ग्रीष्मकालीन तीन विशेष एक्सप्रेस ट्रैन चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे द्वारा मऊ–वलसाड–मऊ, सोगरिया–धनबाद–सोगरिया एवं आगरा कैंट–उधना–आगरा कैंट के मध्य ग्रीष्मकालीन विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 05017 (मऊ–वलसाड) 4 अप्रैल से 9 मई तक प्रत्येक शनिवार को 6 फेरों में मऊ जंक्शन से प्रातः 6.00 बजे प्रस्थान कर बयाना जंक्शन 21.33 बजे, गंगापुर सिटी जंक्शन 22.30 बजे, कोटा जंक्शन रात्रि 00.50 बजे, रामगंज मंडी 01.53 बजे, भवानी मंडी 02.16 बजे होते हुए अगले दिन रविवार को दोपहर 12.35 बजे वलसाड पहुँचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 05018 (वलसाड–मऊ) 5 अप्रैल से 10 मई तक प्रत्येक रविवार को 6 फेरों में वलसाड से दोपहर 15.10 बजे प्रस्थान कर भवानी मंडी 01.03 बजे, रामगंज मंडी 01.28 बजे, कोटा जंक्शन 02.35 बजे, गंगापुर सिटी जंक्शन 04.35 बजे, बयाना जंक्शन 06.43 बजे होते हुए अगले दिन सोमवार को रात्रि 22.45 बजे मऊ जंक्शन पहुँचेगी।

यह गाड़ी रास्ते में दोनों दिशाओं में बेल्थरा रोड, सलेमपुर जंक्शन, भटनी जंक्शन, देवरिया सदर, गोरखपुर जंक्शन, बस्ती, गोंडा जंक्शन, बाराबंकी जंक्शन, बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, टुंडला जंक्शन, इडगाह जंक्शन, बयाना जंक्शन, गंगापुर सिटी जंक्शन, कोटा जंक्शन, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, नागदा जंक्शन, रतलाम जंक्शन, वडोदरा जंक्शन, सूरत तथा वलसाड स्टेशनों पर ठहराव लेकर गंतव्य को जाएगी।

आगरा कैंट–उधना–आगरा कैंट ग्रीष्मकालीन विशेष एक्सप्रेस ट्रैन
गाड़ी संख्या 01907 (आगरा कैंट–उधना) दिनांक 07.04.2026 से 14.07.2026 तक प्रत्येक मंगलवार को 15 फेरों में आगरा कैंट से सायं 18.45 बजे प्रस्थान कर गंगापुर सिटी जंक्शन 22.00 बजे, सवाई माधोपुर 22.58 बजे, कोटा अगले दिन बुधवार को रात्रि 00.45 बजे होते हुए उसी दिन बुधवार को दोपहर 13.25 बजे उधना पहुँचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01908 (उधना–आगरा कैंट) दिनांक 08.04.2026 से 15.07.2026 तक प्रत्येक बुधवार को 15 फेरों में उधना से 15.25 बजे प्रस्थान कर कोटा जंक्शन अगले दिन गुरुवार को रात्रि 02.20 बजे, सवाई माधोपुर जंक्शन 03.40 बजे, गंगापुर सिटी जंक्शन 04.30 बजे होते हुए उसी दिन गुरुवार को प्रातः 08.30 बजे आगरा कैंट पहुँचेगी।

सोगरिया–धनबाद–सोगरिया ग्रीष्मकालीन विशेष एक्सप्रेस
गाड़ी संख्या 09821 (सोगरिया–धनबाद) दिनांक 16.04.2026 से 09.07.2026 तक प्रत्येक गुरुवार को 13 फेरों में सोगरिया से रात्रि 23.10 बजे प्रस्थान कर बारां 23.53 बजे, सालपुरा 00.28 बजे, छबड़ा गुगोर 00.48 बजे होते हुए तीसरे दिन शनिवार को रात्रि 03.45 बजे धनबाद जंक्शन पहुँचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09822 (धनबाद–सोगरिया) दिनांक 18.04.2026 से 11.07.2026 तक प्रत्येक शनिवार को 13 फेरों में धनबाद जंक्शन से 05.15 बजे प्रस्थान कर दुसरे दिन रविवार को छबड़ा गुगोर रात्रि 04.43 बजे, सालपुरा 04.58 बजे, बारां 05.33 बजे होते हुए प्रातः 07.35 बजे सोगरिया पहुँचेगी।

ठहराव :यह गाड़ी रास्ते में दोनों दिशाओं में सोगरिया, बारां, सालपुरा, छबड़ा गुगोर, रुठियाई जंक्शन, गुना, अशोक नगर, सागर, दमोह, कटनी मुरवारा, मैहर, सतना, मानिकपुर जंक्शन, प्रयागराज छेओकी, मिर्जापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, गया जंक्शन, कोडरमा, पारसनाथ, एनएससी बोस जंक्शन गोमो स्टेशनों पर ठहराव लेकर गंतव्य को जाएगी।

40 हजार तक सस्ते हुए Redmi Xiaomi के यह फोन, जानिए कीमत और ऑफर्स

नई दिल्ली। Xiaomi ने भारत में अपना Fan Festival 2026 सेल शुरू कर दिया है, जिसमें Redmi और Xiaomi के कुल 9 स्मार्टफोन्स पर तगड़ी छूट दी जा रही है। खास बात यह है कि इस सेल में कुछ फोन्स पर 40,000 रुपए तक की छूट मिल रही है।

खास बात यह है कि इस लिस्ट में बजट से लेकर प्रीमियम तक हर कैटेगरी के फोन शामिल हैं। इस फोन्स में 200MP तक का कैमरा, पावरफुल प्रोसेसर और बड़ी बैटरी जैसे फीचर्स दिए जा रहे हैं, जो इस डील को और भी खास बनाते हैं।

Xiaomi ने इस सेल में सिर्फ कीमत ही नहीं घटाई, बल्कि बैंक ऑफर, एक्सचेंज और EMI ऑप्शन के जरिए यूजर्स को और ज्यादा बचत का मौका दिया है।

किस फोन पर कितनी छूट
Xiaomi Fan Festival 2026 सेल में कंपनी ने बजट से लेकर फ्लैगशिप तक कई स्मार्टफोन्स की कीमत में बड़ी कटौती की है। इस सेल की खास बात यह है कि हर बजट के यूजर्स के लिए कुछ न कुछ ऑफर मौजूद है।

Redmi A5: सबसे पहले बात करें एंट्री-लेवल फोन की, तो Redmi A5 (3GB+64GB) की कीमत 8,999 रुपए से घटाकर 7,999 रुपए कर दी गई है, यानी इस फोन पर सीधे 1,000 रुपए की बचत हो रही है।

Redmi A4 5G: वहीं Redmi A4 5G (4GB+64GB) अब 10,999 रुपए की जगह 9,299 रुपए में मिल रहा है, जिसमें करीब 1,700 रुपए की छूट दी जा रही है।

Redmi 15C 5G: मिड-बजट सेगमेंट में Redmi 15C 5G (4GB+128GB) पर 3,000 रुपए की कटौती हुई है, जिससे इसकी कीमत 16,999 रुपए से घटकर 13,999 रुपए हो गई है।

Redmi 15 5G: इसके अलावा Redmi 15 5G (6GB+128GB) भी 19,999 रुपए से घटकर 16,499 रुपए में मिल रहा है, यानी इस पर 3,500 रुपए तक का फायदा मिल रहा है।

Redmi Note 15 5G: अब अगर Redmi Note सीरीज की बात करें, तो यहां सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली डील्स मिल रही हैं। Redmi Note 15 5G (8GB+128GB) की कीमत 26,999 रुपए से घटाकर 22,999 रुपए कर दी गई है, जिससे यूजर्स को 4,000 रुपए की बचत हो रही है।

Redmi Note 15 Pro 5G: वहीं Redmi Note 15 Pro 5G (8GB+128GB) अब 33,999 रुपए की जगह 26,999 रुपए में मिल रहा है, यानी इस फोन पर पूरे 7,000 रुपए का डिस्काउंट दिया जा रहा है। यह फोन 200MP कैमरा से लैस है।

Redmi Note 15 Pro+ 5G: इसके अलावा Redmi Note 15 Pro+ 5G (8GB+256GB) भी 39,999 रुपए से घटकर 34,999 रुपए में उपलब्ध है, जिसमें 5,000 रुपए तक की छूट मिल रही है।

Xiaomi 17 Ultra: अब बात करें प्रीमियम और फ्लैगशिप फोन्स की, तो यहां सबसे बड़ा ऑफर देखने को मिल रहा है। Xiaomi 17 Ultra (16GB+512GB) की कीमत 1,69,999 रुपए से घटकर 1,29,999 रुपए कर दी गई है, यानी इस फोन पर पूरे 40,000 रुपए की भारी छूट मिल रही है, जो इस सेल का सबसे बड़ा हाइलाइट है। Xiaomi 17 Ultra में प्रीमियम 200MP कैमरा, 6000mAh की बैटरी है।

Xiaomi 17: वहीं Xiaomi 17 (12GB+512GB) की कीमत 1,99,999 रुपए से घटकर 89,999 रुपए तक आ गई है।

Stock Market: सेंसेक्स 509 अंक बढ़कर 74616 पर बंद, निफ्टी 23120 के पार

नई दिल्ली। Stock Market Closed : लगातार तीसरे कारोबारी दिन आज मंगलवार को सेंसेक्स और निफ्टी में उछाल देखने को मिली है। सेंसेक्स 509.73 अंक या फिर 0.69 प्रतिशत की तेजी के साथ 74616.58 अंक पर बंद हुआ है।

निफ्टी-50 क्लोजिंग के टाइम पर 0.68 प्रतिशत या फिर 155.40 अंक की बढ़त के साथ 23123.65 अंक पर ट्रैंड कर रहा है। बता दें, सेंसेक्स का इंट्रा-डे हाई 74686.32 अंक और निफ्टी का इंट्रा-डे हाई 23,153.85 अंक रहा है।

सेंसेक्स की टॉप 30 में से 21 कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली है। सबसे अधिक उछाल टीसीएस के शेयरों में दर्ज की गई है। टीसीएस, एचसीएल, भारती एयरटेल और इंफोसिस के शेयरों में 2 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए हैं। बता दें, इंडिगो, ट्रेंट, एसबीआई के शेयरों में आज गिरावट देखने को मिली है। सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में 1-1 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिली थी।

टॉप गेनर्स एंड लूजर्स
आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। टीसीएस, एचसीएल टेक और इन्फोसिस के शेयरों में दो फीसदी से ज्यादा तेजी रही। इसके अलावा भारती एयरटेल, हिंदुस्तान यूनिलीवर, सन फार्मा, आईसीआईसीआई बैंक और आईटीसी के शेयर भी एक फीसदी से ज्यादा उछले। दूसरी ओर इंडिगो, ट्रेंट, एसबीआई, अडानी पोर्ट्स, टाइटन और महिंद्रा एंड महिंद्रा में गिरावट रही।