Saturday, July 11, 2026
Home Blog Page 147

गहलोत-पायलट और राजे विधानसभा की नियम समिति में सदस्य मनोनीत

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सदन की 16 विधासनभा समितियों के गठन की घोषणा कर दी है। इस घोषणा में सबसे चौंकाने वाला और दिलचस्प तालमेल विधानसभा की नियम समिति (Rules Committee) में देखने को मिला है।

सदन को सुचारू रूप से चलाने के लिए बनने वाली इस समिति में प्रदेश की राजनीति के दिग्गज पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वसुंधरा राजे और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को एक ही टीम में सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी इस नियम समिति के पदेन अध्यक्ष होंगे। समिति का मुख्य कार्य विधानसभा की कार्यप्रणाली की समीक्षा करना और आवश्यक संशोधनों की सिफारिश करना है। गहलोत, राजे और पायलट के अलावा इस समिति में श्रीचंद कृपलानी, चंद्रभान सिंह आक्या, हरीश चौधरी और दीप्ति किरण माहेश्वरी जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी जगह दी गई है।

तीन समितियों के अध्यक्ष बने कांग्रेस विधायक
16 समितियों में से 11 के अध्यक्ष भाजपा विधायकों को बनाया गया है, जबकि कांग्रेस को 3 समितियों की अध्यक्षता मिली है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को पब्लिक अकाउंट्स कमेटी (पीएसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जो एक अहम वित्तीय समिति मानी जाती है। कांग्रेस विधायक राजेंद्र पारीक को प्रश्न एवं संदर्भ समिति और नरेंद्र बुधानिया को पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।

भजनलाल शर्मा को जनरल पर्पज कमेटी का सदस्य
एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को जनरल पर्पज कमेटी का सदस्य बनाया गया है। यह समिति परंपरागत रूप से विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में काम करती है और इसमें 16 सदस्य होते हैं, जिनमें वरिष्ठ विधायक और नेता प्रतिपक्ष भी शामिल रहते हैं।

महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष बनीं कल्पना देवी
महिलाओं की भागीदारी की बात करें तो 16 समितियों में सिर्फ एक समिति की अध्यक्ष महिला विधायक को बनाया गया है। भाजपा विधायक कल्पना देवी को महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन समितियों का कार्यकाल अगले वर्ष 31 मार्च तक रहेगा। नई समितियां विधानसभा की कार्यप्रणाली की निगरानी, नीतियों की समीक्षा और शासन से जुड़े अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

देशभर में कालाबाजारी और जमाखोरी करने वाले 53 एलपीजी डिस्ट्रीब्युटर सस्पेंड

केंद्र ने कमर्शियल LPG की सप्लाई कई नए सेक्टरों में बढ़ाई

नई दिल्ली। 53 LPG distributors suspended: सरकार ने अब कमर्शियल LPG की सप्लाई कई नए सेक्टरों तक बढ़ा दी है। वहीं, केंद्र ने गुरुवार को कहा कि उसने देश भर में एलपीजी सप्लाई की निगरानी तेज कर दी है। गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए अब तक 1.16 लाख से अधिक छापे मारे हैं और लगभग 53 एलपीजी डिस्ट्रीब्युटर को सस्पेंड कर दिया है।

पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार अब कमर्शियल LPG कृषि, यूरेनियम, हेवी वॉटर, फार्मास्यूटिकल्स, पेंट, सिरेमिक, फाउंड्री और ग्लास जैसे उद्योग को भी मिलेगी। सरकार का लक्ष्य है कि इन सेक्टरों की गैस जरूरत का लगभग 70% हिस्सा पूरा किया जाए, जिसमें कुल सप्लाई लिमिट 200 टन प्रतिदिन तय की गई है।

पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार सप्लाई संकट जब शुरू हुई तो सबसे पहले सरकार ने कमर्शियल LPG सप्लाई को सीमित कर दिया था ताकि देश के लगभग 33.2 करोड़ घरेलू उपभोक्ताओं की जरूरतें पूरी की जा सकें। घरेलू जरूरतों को सुनिश्चित करने के बाद ही अब धीरे-धीरे अन्य सेक्टरों के लिए सप्लाई बढ़ाई जा रही है।

अब 70% तक पहुंची सप्लाई
12 मार्च से सरकार ने कमर्शियल LPG की सीमित सप्लाई अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को देना शुरू किया था। इसके बाद इसे धीरे-धीरे बढ़ाया गया और अब यह 70% तक पहुंच गई है। इसमें अब रेस्टोरेंट, ढाबे, होटल, कैंटीन, कम्युनिटी किचन के साथ-साथ स्टील, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, केमिकल और प्लास्टिक सेक्टर भी शामिल हैं।

5 किलो LPG सिलेंडर की सप्लाई दोगुनी: सरकार ने छोटे 5 किलो LPG सिलेंडर (FTL) की सप्लाई भी दोगुनी कर दी है, जो मुख्य रूप से प्रवासी मजदूरों द्वारा उपयोग किए जाते हैं। यह कदम इसलिए उठाया गया क्योंकि ताकि औद्योगिक क्षेत्रों में इन सिलेंडरों की कमी के चलते मजदूरों का पलायन न हो।

Gold Price: एमसीएक्स पर चांदी हुई सस्ती; सोना भी फिसला, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: घरेलू मार्केट में सोने-चांदी के भाव में शुक्रवार, 10 अप्रैल को गिरावट का रुख रहा। एमसीएक्स पर चांदी 0.7% गिरकर ₹2,42,067 प्रति किलो पर आ गई। जबकि, MCX गोल्ड 0.56% गिरकर ₹1,52,561 प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

दूसरी ओर इंटरनेशनल मार्केट में सोने-चांदी का मिलाजुला रुख देखने को मिला। स्पॉट सिल्वर जहां 0.1% बढ़कर 75.11 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। वहीं, स्पॉट गोल्ड 0.2% गिरकर 4,755.84 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स भी 0.8% गिरकर 4,779.20 डॉलर पर आ गया।

5 मई की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,43,942 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी और आज गिरावट के साथ 2,42,515 रुपये पर खुली। शुरुआती कारोबार में यह 2,42,067 रुपये तक लो और 2,42,942 रुपये तक हाई गई। सुबह 9.15 मिनट पर यह 1,020 रुपये यानी 0.42 फीसदी गिरावट के साथ 2,42,748 रुपये पर ट्रेड कर रही थी।

बाजार में रौनक; सेंसेक्स 800 अंक चढ़ा, निवेशकों को 5 लाख करोड़ का फायदा

नई दिल्ली। Stock Market Updated, April 10, 2026 : अमेरिका और एशियाई बाजारों में तेजी का असर आज घरेलू शेयर बाजार पर दिख रहा है। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 800 अंक से अधिक तेजी आई है, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सेंसेक्स 24,000 अंक के पार पहुंच गया।

सुबह 10.40 बजे सेंसेक्स 800.39 अंक यानी 1.04% तेजी के साथ 77,432.04 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी 241.90 अंक यानी 1.02% की उछलकर 24,017 अंक पर पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को शेयर बाजार में गिरावट आई थी, जबकि उससे पहले लगातार पांच सत्र में यह चढ़ा था।

इस तेजी से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 5 लाख करोड़ रुपये उछलकर 450 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयर तेजी के साथ खुले।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 489 अंकों की बढ़त के साथ 77121 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई के 50 शेयरों वाले बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी ने तेजी के शतक के साथ 105 अंक ऊपर 23880 से कारोबार की शुरुआत की।

टॉप गेनर्स एंड लूजर्स
सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयर तेजी के साथ खुले। टाटा स्टील, इंडिगो, इटरनल, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, पावर ग्रिड, बीईएल, ट्रेंट और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। दूसरी ओर सन फार्मा, इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में गिरावट आई। निफ्टी के शेयरों में श्रीराम फाइनेंस, बजाज फाइनेंस, आयशर मोटर्स और एक्सिस बैंक में सबसे ज्यादा तेजी रही।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

  • एशियाई बाजार
    शुक्रवार को एशियाई बाजार ज्यादातर तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 1.65% चढ़ गया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.68% मजबूत हुआ। हांगकांग के हैंग सेंग सूचकांक के भी तेजी से खुलने के संकेत हैं।
  • वॉल स्ट्रीट
    अमेरिकी बाजार गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुए। ईरान के साथ शांति वार्ता की उम्मीदों से निवेशकों की चिंता कम हुई। डॉऊ जोन्स 0.58% (275 अंक) चढ़ा। एसएंडपी 500 को 0.62% और नैस्डैक को 0.83% का फायदा हुआ।
  • गिफ्ट निफ्टी
    गिफ्ट निफ्टी करीब 23,941 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद स्तर से करीब 80 अंक अधिक है। यह भारतीय शेयर मार्केट की अच्छी ओपनिंग का संकेत देता है।
  • अमेरिका-ईरान संघर्ष पर अपडेट
    ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामनेई ने कहा है कि ईरान अमेरिका और इजरायल को उनके हमलों के नतीजों से बचने नहीं देगा। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि ईरान सीजफायर को रोकने वाला समझौता कितना कारगर है।

गेहूं की MSP पर खरीद मानकों में शिथिलता के आदेश, प्रभावित किसानों को राहत

लोकसभा अध्यक्ष बिरला एवं ऊर्जा मंत्री नागर की पहल पर केंद्र ने लिया निर्णय

कोटा। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के प्रयासों से ​राजस्थान के गेहूं उत्पादक किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सरकार ने प्रदेश में शुरुआती गर्मी की लहर और असमय बारिश के कारण प्रभावित हुई गेहूं की फसल को देखते हुए केंद्र सरकार ने रबी मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए खरीद नियमों में महत्वपूर्ण ढील देने का निर्णय लिया है। भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।

ऊर्जा मंत्री नागर ने बताया कि अब पूरे राजस्थान राज्य में चमक की कमी वाले गेहूं की खरीद सीमा में 50% तक की छूट प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त, सिकुड़े और टूटे हुए अनाज की मौजूदा 6% की सीमा को बढ़ाकर 15% तक कर दिया गया है। क्षतिग्रस्त और थोड़ा क्षतिग्रस्त अनाज की संयुक्त सीमा को अधिकतम 6% तक निर्धारित किया गया है।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और स्पीकर ओम बिरला ने बीते दिनों अधिकारियों के साथ बैठक कर फसल की स्थिति पर चिंता जताई थी। स्पीकर बिरला ने स्वयं खाद्य सचिव से चर्चा कर किसानों के हित में मानदंडों को शिथिल करने के निर्देश दिए थे। उनकी इस पहल से अब प्रदेश के लाखों किसानों का वह गेहूं भी सरकारी समर्थन मूल्य पर खरीदा जा सकेगा, जो मौसम की मार के कारण गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतर पा रहा था।

केंद्र द्वारा जारी शर्तों के तहत, इस रियायती मानदंडों के आधार पर खरीदे गए गेहूं का अलग से हिसाब रखा जाएगा और इसका उपयोग प्राथमिकता के आधार पर राज्य के भीतर ही किया जाएगा। भंडारण के दौरान गुणवत्ता बनाए रखने और इस छूट से होने वाले किसी भी वित्तीय प्रभाव की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। इस आदेश के बाद अब प्रदेश के सभी जिलों में किसानों से सुगम तरीके से गेहूं की खरीद सुनिश्चित हो सकेगी।

सरकार का लक्ष्य है कि अधिकतम किसानों की उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी जाए। मंडियों में किसानों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चले और किसी भी किसान को अपनी उपज बेचने में कठिनाई न हो। इस निर्णय से प्रदेश के लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और मंडियों में खरीद प्रक्रिया को गति मिलेगी।

श्रद्धा और भक्ति के साथ णमोकार मंत्र के सामूहिक जाप से गूंजा विद्यालय परिसर

कोटा। अकलंक पब्लिक स्कूल परिसर में गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में णमोकार मंत्र जाप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता से ओत-प्रोत हो उठा।

आयोजन में अकलंक विद्यालय एसोसिएशन के अध्यक्ष पीयूष जैन, सचिव अनिमेष जैन एवं कोषाध्यक्ष कपिल जैन भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ जीतो यूथ कोटा के प्रतिनिधि अभिषेक जैन, प्राशूक जैन, शुभम जैन एवं मेघना जैन शर्मा द्वारा किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने सामूहिक रूप से णमोकार मंत्र का जाप किया।

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अर्चना जोशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए णमोकार मंत्र के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इसके नियमित जाप से मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक सोच का विकास होता है। साथ ही यह नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में मंत्र जाप को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में उपस्थित सभी जनों ने विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना की। यह आयोजन विद्यार्थियों में आध्यात्मिक जागरूकता और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

हाड़ौती के पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए कोटा में होगा रणोत्सव का आयोजन

कोटा। हाड़ौती क्षेत्र के पर्यटन विकास को दृष्टिगत रखते हुए कोटा में 5 से 7 सितंबर तक रणोत्सव 3.0 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से हाड़ौती की पर्यटन संस्कृति, विरासत और एडवेंचर गतिविधियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

इस आयोजन में देश-विदेश के करीब 150 मोटरसाइकिल राइडर्स एवं 30 से अधिक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स भाग लेंगे, जिनके लाखों फॉलोअर्स हैं। यह सभी प्रतिभागी हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे।

इस आयोजन को होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा हाड़ोती के पर्यटन विकास को दृष्टिगत रखते हुए पूर्ण सहयोग दिया जा रहा है। इस आयोजन की राज्यस्तरीय टीम के गौरव सोनी, प्रवीण बिष्ट, वेद चौधरी, जितेंद्र बेदी, सुखविंदर सिंह जग्गू एवं पंकज पुरसवानी ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष आयोजित किया जाता है।

पूर्व में जयपुर, अजमेर एवं पुष्कर में सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। इस बार तीसरा आयोजन उदयपुर में प्रस्तावित था, लेकिन होटल फेडरेशन के प्रयासों एवं सहयोग से इसे कोटा में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य हाड़ौती के पर्यटन स्थलों, संस्कृति और एडवेंचर गतिविधियों को वैश्विक पहचान दिलाना तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।

इस आयोजन में देश के मोटर साइकिल राईडर्स के साथ साथ कनाडा, रूस, इंडोनेशिया, मलेशिया और सिंगापुर सहित कई देशों के राइडर्स ने भी भाग लेने की सहमति दे दी है जो राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की मोटरसाइकिलों से हजारो किलोमीटर की यात्रा करके कोटा आएंगे।

इस तीन दिवसीय प्रवास के दौरान सभी राईडर्स प्रतिभागी कोटा सहित हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे और रील्स बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से देश-विदेश में इसका प्रचार करेंगे। इस आयोजन के पोस्टर का विमोचन होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अशोक माहेश्वरी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से हाड़ौती के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और बाहरी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। माहेश्वरी ने कहा कि होटल फेडरेशन के प्रयासों से राजस्थान पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित टूर पैकेज में हाड़ौती को भी शामिल किया गया है।

अमित कुमार शर्मा कोटा से सीबीएसई के डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग को-ऑर्डिनेटर नियुक्त

कोटा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस अजमेर द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कोटा जिले में अमित कुमार शर्मा को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग को-ऑर्डिनेटर (DTC) नियुक्त किया है। शर्मा माहेश्वरी पब्लिक स्कूल में प्राचार्य के पद पर हैं।

सीबीएसई द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग को-ऑर्डिनेटर जिले में शिक्षकों की क्षमता निर्माण गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वे सीबीएसई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और जिला स्तर के विद्यालयों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रमों की निगरानी और संचालन सुनिश्चित करेंगे।

डीटीसी की जिम्मेदारियों में प्रशिक्षण से संबंधित सूचनाओं का प्रसार, प्रशिक्षण स्थलों के चयन हेतु सुझाव देना, ‘हब ऑफ लर्निंग’ की प्रभावी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करना तथा प्रशिक्षण सत्रों के दौरान विद्यालयों का निरीक्षण कर फीडबैक प्रदान करना शामिल है।

इसके अतिरिक्त वे ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण से जुड़े मामलों में बोर्ड को आवश्यक सुझाव भी देंगे। इसके साथ ही जिले के सभी सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय और सूचना आदान-प्रदान के लिए एक समूह के गठन के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे प्रशिक्षण गतिविधियों का संचालन अधिक व्यवस्थित और प्रभावी हो सके।

दिलीप कुमार सिंह ने पश्चिम मध्य रेलवे के नए महाप्रबंधक का कार्यभार संभाला

कोटा। West Central Railway New GM Dilip Kumar Singh:पश्चिम मध्य रेल (WCR) के नए महाप्रबंधक के रूप में इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ सिग्नल इंजीनियर (IRSSE) वर्ष-1990 बैच के वरिष्ठ अधिकारी दिलीप कुमार सिंह ने पदभार ग्रहण कर लिया है। वे भारतीय रेल के एक अनुभवी एवं कुशल अधिकारी हैं, जिन्हें सिग्नल, दूरसंचार, संरक्षा एवं प्रशासनिक कार्यों में तीन दशकों से अधिक का व्यापक अनुभव प्राप्त है।

श्री सिंह इससे पूर्व रेलवे बोर्ड में प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर/विजिलेंस के पद पर कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने रेलवे में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सतर्कता तंत्र को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

श्री सिंह ने आईआईटी रुड़की से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में स्नातक (B.E.) की उपाधि प्राप्त की है। अपने सेवा काल में उन्होंने भारतीय रेल के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए सिग्नल एवं दूरसंचार (S&T) के क्षेत्र में व्यापक अनुभव अर्जित किया है।

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत उत्तरी रेलवे के फिरोजपुर मंडल में असिस्टेंट सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियर (ASTE) के रूप में की। इसके पश्चात वे इंडियन रेलवे कंस्ट्रक्शन ऑर्गेनाइजेशन फॉर टेलीकॉम (IRCOT), रेलवे विद्युतीकरण परियोजनाओं तथा सेंट्रल ऑर्गेनाइजेशन फॉर रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन (CORE) में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

श्री सिंह ने उत्तर मध्य रेलवे एवं पूर्व मध्य रेलवे में निर्माण, आईआरपीएमयू, मंडल एवं मुख्यालय स्तर पर कार्य किया है। वे रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया में लखनऊ क्षेत्र के महाप्रबंधक के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।

वरिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड (SAG) में उन्होंने अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक/आगरा, मुख्य संचार इंजीनियर/उत्तर मध्य रेलवे, कार्यकारी निदेशक (टेलीकॉम)/आरडीएसओ तथा मंडल रेल प्रबंधक/अलीपुरद्वार (पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। इसके पश्चात उच्च प्रशासनिक ग्रेड (HAG) में वे एसडीजीएम/उत्तर मध्य रेलवे/प्रयागराज के पद पर रह चुके हैं।

अरुणा मूंदड़ा कोटा जिला माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्ष व संध्या लढ्ढा सचिव चुनीं

कोटा। जिला माहेश्वरी महिला संगठन के सत्र 2026 से 29 के लिए चुनाव प्रक्रिया आज गुरुवार को एक निजी होटल में भगवान महेश की पूजा वंदना के साथ संपन्न हुई।

चुनाव पर्यवेक्षक कुंती मूंदडा एवं चुनाव अधिकारी विनीता लाहोटी के सानिध्य में तथा निर्वतमान राष्ट्रीय अध्यक्ष आशा माहेश्वरी व पश्चिमांचल उपाध्यक्ष मधु ललित बाहेती के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए।

चुनाव पर्यवेक्षक कुंती मूंदडा ने बताया कि अरुणा मूंदडा को अध्यक्ष, संध्या लड्ढा को सचिव, एकता सामरिया को कोषाध्यक्ष, अर्चना शारदा को संगठन मंत्री, कृष्णा को उपाध्यक्ष व कल्पना लड्ढा को सह सचिव निर्विरोध चुना गया।

वर्तमान जिला अध्यक्ष भारती डागा ने नई टीम को माला पहनाकर स्वागत किया व मंगल शुभकामनाएं प्रेषित की। इस अवसर पर संगठन की 60 महिलाएं उपस्थित थी।

प्रदेश अध्यक्ष मंजू भराडिया, संगठन की संस्थापक अध्यक्ष संतोष तोषनीवाल, संरक्षक पुष्पा सोमानी एवं रितु मूंदड़ा ने नई कार्यकारिणी के प्रति अपनी सहमति जताई। नई टीम ने सभी को साथ लेकर एकजुट होकर कार्य करने का आश्वासन दिया।