Saturday, July 11, 2026
Home Blog Page 145

रॉयल एनफील्ड की पहली इलेक्ट्रिक बाइक भारत में लॉन्च, जानिए रेंज और कीमत

नई दिल्ली। रॉयल एनफील्ड (Royal Enfield) ने अपने नए EV सब-ब्रांड के तहत अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल फ्लाइंग फ्ली C6 को लॉन्च कर दिया है। इस लॉन्च के साथ कंपनी ने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट भी कदम रख दिया है। इस ई-मोटरसाइकिल की एक्स-शोरूम कीमत 2.79 लाख रुपए है।

वहीं, ‘बैटरी-एज-ए-सर्विस’ मॉडल के चलते इसकी कीमत 1.99 लाख रुपए है। इसकी बुकिंग और टेस्ट राइड 10 अप्रैल से बेंगलुरु के जयनगर में स्थित पहले डेडिकेटेड फ्लाइंग फ्ली शोरूम में शुरू होंगी। वहीं, डिलीवरी मई के आखिर तक शुरू हो सकती है।

फ्लाइंग फ्ली नाम 1940 के दशक में इस्तेमाल होने वाली ओरिजिनल हल्की मोटरसाइकिल की याद दिलाता है। नई C6 भी उसी सोच को आगे बढ़ाती है। यह नियो-विंटेज डिजाइन को कनेक्टेड टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ती है और इसे डेली इस्तेमाल होने वाली मोटरसाइकिल के तौर पर पेश करती है। C6 के मुख्य हिस्से में 3.91 kWh का लियॉन बैटरी पैक लगा है, जिसमें एयर-कूल्ड सेटअप दिया गया है।

फुल चार्ज पर 154Km की रेंज
इसे इस सेगमेंट में पहली बार इस्तेमाल की गई मैग्नीशियम एलॉय केसिंग में रखा गया है। यह यूनिट एक परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर से जुड़ी है, जो लगभग 20.6 hp की पावर और 60 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। पावर दो-स्टेज बेल्ट ड्राइव सिस्टम के जरिए पहुंचाई जाती है, जबकि मोटर को कंट्रोल यूनिट के साथ इंटीग्रेट किया गया है। फ्लाइंग फ्ली C6 की टॉप स्पीड 115 kmph तक पहुंच सकती है। यह सिर्फ 3.7 सेकंड में 0 से 60 kmph की स्पीड पकड़ लेती है। एक बार फुल चार्ज होने पर इसकी IDC रेंज 154 km है।

2.16 घंटे में फुल चार्ज
ये बैटरी लगभग 2 घंटे 16 मिनट में 0 से 100% तक चार्ज हो सकती है, जबकि 20 से 80% तक टॉप-अप होने में लगभग 65 मिनट लगते हैं। यह सिस्टम कई चार्जिंग मोड को सपोर्ट करता है, जिनमें रैपिड, स्टैंडर्ड और ट्रिकल चार्जिंग शामिल हैं। इसे ऑनबोर्ड चार्जर के साथ किसी भी यूनिवर्सल वॉल आउटलेट में प्लग किया जा सकता है।

वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट
इसके फीचर्स की बात करें तो 3.5-इंच का कलर TFT टचस्क्रीन डिस्प्ले, USB-C चार्जिंग, वायरलेस फोन चार्जिंग और एक इलेक्ट्रॉनिक हैंडलबार लॉक शामिल हैं। इसे स्टॉर्म ब्लैक और फ्ली ग्रीन कलर्स में खरीद पाएंगे। फ्लाइंग फ्ली C6 को अलग-अलग शहरों में अलग-अलग फेज में लॉन्च किया जाएगा। फ्यूचर में इस में कई अन्य वैरिएंट भी जोड़े जा सकते हैं।

19-इंच के ट्यूबलेस टायर्स
हार्डवेयर की बात करें तो इस मोटरसाइकिल में अपनी कैटेगरी का पहला अनोखा गर्डर लिंकेज फ्रंट सस्पेंशन है, जिसमें हाइड्रोलिक ट्विन सेटअप के साथ-साथ प्रीलोड एडजस्टमेंट वाली रियर मोनोशॉक यूनिट भी है। सस्पेंशन ट्रैवल आगे की तरफ 100 mm और पीछे की तरफ 110 mm है। इसमें दोनों तरफ 19-इंच के ट्यूबलेस टायर और काले अलॉय व्हील लगे हैं।

डिस्क ब्रेक और डुअल-चैनल ABS
ब्रेकिंग के लिए 260 mm की फ्रंट डिस्क और 220 mm की रियर डिस्क दिया है। इनके साथ डुअल-चैनल ABS भी है। जिसमें तीन सेंसिटिविटी लेवल और स्विच करने लायक रियर ABS की सुविधा है। इसमें लीन-एंगल सेंसिटिव ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल के अलावा, राइडिंग के दौरान या क्रैश होने की स्थिति में ज्यादा सेफ्टी के लिए टिप-ओवर अलर्ट सिस्टम और लोकेशन शेयरिंग फीचर भी दिया है।

207mm का ग्राउंड क्लीयरेंस
इस मोटरसाइकिल की लंबाई 2,089 mm, चौड़ाई 831 mm और ऊंचाई 1,122 mm है। इसकी सीट की ऊंचाई 823 mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 207 mm है। इसका कर्ब वेट 124 kg है। ये 160 kg तक का वजन उठा सकती है। इसमें हल्के एल्युमीनियम फ्रेम का इस्तेमाल किया गया है जिसमें कोई वेल्डिंग नहीं है, क्योंकि इसमें बोल्ट-ऑन पार्ट्स लगे हैं जिनसे इसे अपनी पसंद के हिसाब से ज्यादा कस्टमाइज किया जा सकता है।

इस्लामाबाद वार्ता से पहले ट्रंप ने भेजे जंगी जहाज, 50 हजार सैनिक तैनात, जानिए क्यों

नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक बेहद महत्वपूर्ण शांति वार्ता होने जा रही है। लेकिन इस कूटनीतिक कोशिश के साथ-साथ, अमेरिका मध्य पूर्व में अपनी सैन्य ताकत भी बहुत तेजी से बढ़ा रहा है।

इस बातचीत में हिस्सा लेने के लिए अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तान जा रहे हैं। एक ही समय में बातचीत की मेज पर बैठना और युद्ध के मैदान में सेना भेजना- यह दिखाता है कि इस समय हालात कितने नाजुक और गंभीर हैं।

अमेरिका किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अपनी पूरी तैयारी कर रहा है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी फाइटर जेट्स और हमलावर विमान पहले ही इस इलाके में पहुंच चुके हैं। इसके अलावा, अमेरिकी सेना के ’82वें एयरबोर्न डिवीजन’ के 1500 से 2000 सैनिकों के भी जल्द ही वहां तैनात होने की उम्मीद है।

समुद्र में भी भारी हलचल है। ‘यूएसएस जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश’ नाम का एयरक्राफ्ट कैरियर अटलांटिक महासागर पार कर रहा है। वहीं, प्रशांत महासागर से ‘यूएसएस बॉक्सर’ और 11वीं मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट भी खाड़ी देशों की तरफ बढ़ रहे हैं। इन्हें वहां पहुंचने में करीब एक हफ्ते का समय लगेगा।

मध्य पूर्व में आमतौर पर 40,000 अमेरिकी सैनिक रहते हैं, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 50,000 के पार हो गई है। इसके अलावा, 2,500 मरीन और 2,500 नौसैनिक वहां पहले से मौजूद हैं।

ईरान का रुख और शर्तें
ईरान ने भी बातचीत के लिए अपना एक वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद भेजा है, जिसका नेतृत्व वहां की संसद के स्पीकर मोहम्मद बघेर गलीबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अरागची कर रहे हैं। हालांकि ईरान बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन उसने कुछ कड़ी शर्तें भी रखी हैं-

  • लेबनान में युद्धविराम: ईरान की मुख्य शर्त यह है कि औपचारिक बातचीत शुरू होने से पहले लेबनान में तुरंत युद्धविराम लागू होना चाहिए।
  • अमेरिका पर अविश्वास: स्पीकर गलीबाफ ने साफ कहा कि ईरान की नीयत तो अच्छी है, लेकिन उन्हें अमेरिका पर बिल्कुल भरोसा नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने इस बातचीत को सिर्फ एक दिखावा या धोखा बनाने की कोशिश की, तो ईरान कड़ा एक्शन लेगा।

डोनाल्ड ट्रंप की खुली चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर कूटनीति और बातचीत फेल होती है, तो सेना का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अमेरिकी युद्धपोतों पर हथियार लोड किए जा रहे हैं और जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल होगा। ट्रंप के मुताबिक, अगले 24 घंटों के भीतर यह साफ हो जाएगा कि यह शांति वार्ता किस दिशा में जा रही है।

अमेरिका की दोहरी रणनीति
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका इस समय दोधारी रणनीति अपना रहा है। एक तरफ वह शांति की बात कर रहा है, और दूसरी तरफ अपनी सेना खड़ी कर रहा है। इसके दो मुख्य कारण हैं:

  • दबाव बनाना: भारी सेना देखकर ईरान पर दबाव बनेगा, जिससे अमेरिका बातचीत की मेज पर अपना पलड़ा भारी रख सकेगा।
  • बैकअप प्लान: अगर बातचीत पूरी तरह टूट जाती है, तो अमेरिकी सेना तुरंत कार्रवाई (जैसे ईरान के मुख्य तेल निर्यात केंद्र ‘खार्ग द्वीप’ पर हमला) करने के लिए तैयार रहेगी।

हालांकि 50,000 सैनिक एक बड़ी संख्या लगती है, लेकिन सैन्य विशेषज्ञों का कहना है कि ईरान जैसे बड़े और घनी आबादी वाले देश में किसी बड़े जमीनी युद्ध के लिए यह फौज बहुत कम है।

दुनिया पर असर और मौजूदा हालात
यह युद्ध अब लगभग छह हफ्तों से चल रहा है और इसके परिणाम बेहद गंभीर हैं। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के लिए एक बहुत अहम समुद्री रास्ता है, जहां से दुनिया का लगभग 20% तेल गुजरता है। हमलों के कारण यह रास्ता बाधित हुआ है, जिससे पूरी दुनिया में तेल की कीमतें बढ़ गई हैं और ग्लोबल इकॉनमी पर बुरा असर पड़ रहा है।

इस 6 हफ्ते के युद्ध ने भारी तबाही मचाई है और पूरे पश्चिम एशिया में डर और अस्थिरता का माहौल पैदा कर दिया है। अब जब एक तरफ दोनों देश टेबल पर बातचीत के लिए बैठ रहे हैं और दूसरी तरफ उनकी सेनाएं हथियारों के साथ तैयार खड़ी हैं, तो आने वाले कुछ दिन पूरी दुनिया के लिए बेहद अनिश्चितता और चिंता से भरे हुए हैं।

Forex Reserve: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 697 अरब डॉलर के पार

मुंबई। ईरान-इजरायल के बीच करीब 40 दिन तक चले युद्ध के बाद बीते सप्ताह अपने फोरेक्स भंडार में $9.06 अरब की बढ़ोतरी हुई है। इसके पीछे पीली धातु सोना (Gold) का बड़ा हाथ है।

भारतीय रिजर्व बैंक की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 3 अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $9.063 अरब की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $10.288 अरब की गिरावट हुई थी।

अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ कर $697.121 अरब तक पहुंच गया है। इससे पहले 27 फरवरी 2026 को अपना भंडार बढ़ कर $728.494 अरब के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था।

FCA भंडार में हुई बढ़ोतरी
रिजर्व बैंक की तरफ से जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 3 अप्रैल 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत की विदेशी मुद्रा आस्तियों (Foreign Currency Asset) में $1.784 अरब की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले डॉलर के मुकाबले रुपया के कमजोर पड़ने से इसमें $6.622 अरब की भारी गिरावट हुई थी। अब अपना एफसीए भंडार बढ़ कर $552.856 अरब का हो गया है। उल्लेखनीय है कि देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।

गोल्ड रिजर्व बढ़ा
आलोच्य सप्ताह के दौरान अंतराष्ट्रीय बाजार में सोने के मूल्य में वृद्धि हुई है। इस वजह से बीते तीन अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान रिजर्व बैंक के सोने के भंडार की वैल्यू में $7.221 अरब की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $3.666 अरब की कमी हुई थी। उससे एक सप्ताह पहले भी इसमें $13.495 अरब की भारी कमी हुई थी। इसी के साथ अब अपने सोने के भंडार का वैल्यू बढ़ कर $120.742 अरब का हो गया है। उल्लेखनीय है कि इस समय आरबीआई के पास सोने का भंडार 880 टन के पार चला गया है। यह देश के कुल फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व का करीब 15% बैठता है। इसके मूल्य में कमी होती है यह कुल विदेशी मुद्रा भंडार को प्रभावित करता है।

एसडीआर में मामूली बढ़ोतरी
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, बीते सप्ताह भारत के स्पेशल ड्रॉइंग राइट या विशेष आहरण अधिकार (SDR) में मामूली बढ़ोतरी हुई है। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान एसडीआर में $58 million की बढ़ोतरी हुई है। अब यह बढ़ कर $18.707 अरब का हो गया है। इसी सप्ताह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास रखे हुए देश के रिजर्व मुद्रा भंडार में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। एक सप्ताह पहले इसमें $17 million डॉलर की कमी हुई थी। इस समय अपना आईएमएफ रिजर्व $4.816 billion का है।

अमेरिका-ईरान शांति वार्ता से पहले क्रिप्टो में उछाल, बिटकॉइन 73 हजार डॉलर के पार

नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच आज शांति वार्ता होनी है। यह बातचीत पाकिस्तान में होगी। इस बातचीत से पहले ही क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में तेजी दिखाई दे रही है। ग्लोबल मार्केट कैप 1.25% से ज्यादा उछल गया है। वहीं बिटकॉइन फिर से 73 हजार डॉलर के आंकड़े को पार कर गया। दूसरी ओर Zcash का भी ताबड़तोड़ रिटर्न जारी है। इस क्रिप्टोकरेंसी ने 7 दिन में 50 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दिया है।

शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप पिछले 24 घंटे में 1.32% उछलकर 2.47 ट्रिलियन डॉलर हो गया। वहीं फीयर एंड ग्रीड इंडेक्स में भी जबरदस्त तेजी आई है। यह इस समय 50 पर पहुंच गया है, जो दिखाता है कि क्रिप्टो बाजार में स्थिति न्यूट्रल बनी हुई है, जो दिखाता है कि निवेशकों में डर का माहौल लगभग खत्म हो गया है। यह इंडेक्स पिछले हफ्ते 30 पर था।

पिछले 24 घंटे में बिटकॉइन में भी जबरदस्त तेजी आई है। यह करीब 1.50% उछलकर 72,964 डॉलर पर पहुंच गया है। सुबह करीब 9 बजे यह 73 हजार डॉलर के आंकड़े को पार कर गया था। बाद में मामूली गिरावट आई। वहीं एक हफ्ते में बिटकॉइन में 9 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है। पिछले हफ्ते यह ज्यादातर समय 70 हजार डॉलर के ऊपर बना रहा।

बाकी क्रिप्टो का हाल

  • इथेरियम करीब 2.45% की तेजी के साथ 2241 डॉलर पर थी।
  • रिपल में एक फीसदी से कुछ कम तेजी रही। यह 1.35 डॉलर पर कारोबार कर रही है।
  • बाइनेंस करीब 1% की तेजी के साथ 607 डॉलर पर है।
  • सोलाना में भी करीब 2 फीसदी की तेजी देखी गई। यह करीब 85 डॉलर पर है।
  • हाइपरलिक्विड 4 फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ करीब 42 डॉलर पर है।

Zcash में जबरदस्त रिटर्न
जीकैश (Zcash) कॉइन में पिछले कुछ समय से जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। पिछले 24 घंटे में इसमें 1.23% का उछाल आया है। इस तेजी के साथ यह कॉइन 372.47 डॉलर पर कारोबार कर रहा है। वहीं पिछले 7 दिनों में इसने करीब 58 फीसदी रिटर्न दिया है। यानी एक हफ्ते में ही इसने 1 लाख रुपये के निवेश को डेढ़ लाख रुपये से ज्यादा में बदल दिया है।

प्रवेशोत्सव पर रैली; मेधावी छात्र सम्मानित, लोकनृत्य, कच्छी घोड़ी बने आकर्षण

कोटा। शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा (696 आर) कोटा-बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ, कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नयागांव में कोटा शहर ब्लॉक स्तरीय प्रवेश उत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) रामचरण मीणा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष एवं स्काउट-गाइड के जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने की। मुख्य वक्ता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी स्नेहलता शर्मा रहीं।

प्रवेश उत्सव के तहत जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिसमें नयागांव के अलावा रोझड़ी एवं आंवली के बच्चे शामिल थे। रैली राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नयागांव से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई सर्कल तक पहुंची। जहां नुक्कड़ सभा आयोजित की गई।

नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रामचरण मीणा ने कहा कि शिक्षा ही समाज को सशक्त और विकसित बनाती है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए।

अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने शिक्षा सहकारी संस्था की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था सामाजिक सरोकार के विभिन्न आयोजन के साथ शिक्षा के प्रसार के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्य वक्ता स्नेहलता शर्मा ने प्रवेश उत्सव के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह अभियान केवल नामांकन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का मार्ग भी प्रशस्त करता है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से मिलकर बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य भूपेंद्र अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान दसवीं बोर्ड परीक्षा में 96.67 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले राहुल मीणा सहित अन्य प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस सम्मान से विद्यार्थियों में उत्साह का संचार हुआ और अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली।

रैली में सरोजिनी नायडू ओपन गाइड कंपनी, लाल बहादुर शास्त्री ओपन स्काउट ट्रूप, चंद्रशेखर आजाद ओपन रोवर क्रू तथा नयागांव, आवली एवं रोजड़ी के स्काउट-गाइड दलों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यार्थियों ने “खुशबू है हर फूल में, हर बच्चा स्कूल में”, “दूध-रोटी-तरकारी, स्कूल अच्छा सरकारी”, “सरकारी स्कूल में जाएंगे, जग में नाम कमाएंगे”, “एक बेटी पढ़ेगी, सात पीढ़ी तरेंगी” जैसे नारों के माध्यम से पूरे वातावरण को शिक्षामय बना दिया।

रैली का प्रमुख आकर्षण राजस्थानी पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी बालिकाओं का लोकनृत्य तथा कच्छी घोड़ी का प्रदर्शन रहा। जिसने आमजन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। स्थानीय लोगों ने भी रैली का स्वागत किया और शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश को सराहा।

अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल एवं मंत्री जमनालाल गुर्जर ने बताया कि प्रवेश उत्सव के तहत आगे भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे शिक्षा के प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और प्रत्येक बच्चे को स्कूल तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।

इस अवसर पर यूसीईओ कमलेश जिंदल, प्रधानाचार्य भूपेंद्र अग्रवाल, वंदना रावल, पवन नामदेव, नरेश मीणा, लक्ष्मण आर्य, निशा जोशी, राजकीय महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश जांगिड़, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आंवली के सूरजभान शर्मा सहित अनेक शिक्षाविद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नवकार दिवस: कोटा में पांच हजार श्रद्धालुओं ने किया सामूहिक णमोकार महामंत्र का जाप

कोटा। विश्व नवकार दिवस (Vishva Navkar Day) के अवसर पर देश-विदेश में आध्यात्मिक एकता और विश्व शांति का संदेश देते हुए व्यापक स्तर पर णमोकार महामंत्र का जाप किया गया। इस वैश्विक आयोजन के तहत विश्व के भारत सहित 108 से अधिक देशों में 6000 से अधिक मंदिरों, स्थानकों, उपासरों, स्वाध्याय भवनों एवं विभिन्न स्थलों पर प्रातः 8:01 बजे से 9:36 बजे तक श्रद्धालुओं ने एक साथ मंत्रोच्चार किया।

मुख्य कार्यक्रम विज्ञान भवन में आयोजित हुआ, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने णमोकार महामंत्र के आध्यात्मिक, वैज्ञानिक और वैश्विक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे विश्व शांति का आधार बताया।

कोटा में भी इस अवसर पर 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। जीतो कोटा चैप्टर के चेयरमैन पंकज सेठी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य संपूर्ण विश्व के कल्याण और शांति की कामना करना है।

चीफ सेक्रेटरी नरेंद्र जैन ने जानकारी दी कि शहर के तलवंडी, केशवपुरा, वल्लभाडी, कुन्हाडी, स्टेशन सहित 30 से अधिक जैन मंदिरों व स्थानक स्वाध्याय केन्द्र, एलन सत्यार्थ, गीता भवन तथा एक्जोटिका रिसॉर्ट्स में श्रद्धालुओं ने एकत्र होकर णमोकार महामंत्र का जाप किया और इसके महत्व को समझा।

अकलंक स्कूल में मेघना ने विद्यार्थियों को सरल शब्दों में णमोकार महामंत्र का अर्थ समझाया, जिसके बाद सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से जाप किया। जीतो लेडीज विंग की चेयरपर्सन मंजु लुंकड़ एवं चीफ सेक्रेटरी रेखा जैन ने बताया कि इस अवसर पर कोटा में पूर्व चेयरमैन डॉ. जे.के. सिंघवी, वाइस चेयरमैन पवन जैन सहित अनेक सदस्यों ने विभिन्न स्थलों पर उपस्थित रहकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

चंबल रिवर सफारी की दरों में कटौती का प्रस्ताव अनुमोदित कराया जाए: कलेक्टर

कोटा। कलेक्टर पीयूष समारिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पर्यटन विकास समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में होटल फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने चंबल रिवर सफारी की दरों में कमी किए जाने के प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई की मांग रखी।

उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से नई दरें लागू होना प्रस्तावित था, लेकिन अभी तक विदेशी पर्यटकों से ₹3000 तथा भारतीय पर्यटकों से ₹2000 प्रति व्यक्ति शुल्क लिया जा रहा है। इस पर वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रस्ताव मुख्यालय भेजा जा चुका है, लेकिन अनुमोदन लंबित होने के कारण नई दरें लागू नहीं हो पाई हैं।

इस पर जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्ताव का शीघ्र अनुमोदन करवाकर नई दरों को लागू किया जाए। साथ ही पर्यटन विभाग को भी इस संबंध में वन विभाग को भी पत्र लिखने के निर्देश दिए।

माहेश्वरी ने बताया कि वर्तमान में जयपुर, उदयपुर, चित्तौड़ एवं कोटा को जोड़ते हुए टूर पैकेज संचालित किए जा रहे हैं। 8 अप्रैल को लगभग 6 बसो से विदेशी पर्यटकों का समूह कोटा आया, जिन्होंने यहां के पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया।

प्रदेश के टूर ऑपरेटर निरंतर हाड़ोती में पर्यटकों के ग्रुप भेज रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा आगरा, भरतपुर, रणथंभौर को कोटा से जोड़ते हुए नई टूर आइटनरी तैयार की जा रही है। साथ ही कोटा, बूंदी, बारा एवं झालावाड़ का संयुक्त हाड़ौती टूर पैकेज बनाये जाने पर भी कार्य किया जा रहा है।

बैठक में कलेक्टर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में ‘पंचरत्न’ योजना के तहत चयनित चंबल रिवर फ्रंट को और अधिक आकर्षक बनाने तथा वहां खाली पड़ी दुकानों के आवंटन के कोटा विकास प्राधिकरण के अधिकारियो को निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि 26 से 28 अप्रैल को जयपुर में आयोजित ‘द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार’ में पर्यटन विभाग, कोटा विकास प्राधिकरण एवं होटल फेडरेशन सक्रिय भागीदारी निभाएं। जिससे हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार हो सके।

माहेश्वरी ने जगमंदिर एवं लक्की बुर्ज़ क्षेत्र में कैफेटेरिया को आधुनिक सुविधाओं के साथ शीघ्र प्रारंभ करने तथा चंबल रिवर सफारी के पर्यटकों के लिए सुरक्षित वेटिंग एरिया बनाने का सुझाव दिया।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर सिंलिंग कृष्णा शुक्ला ने कोटा महोत्सव एवं प्रस्तावित कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट के आयोजनों को और अधिक आकर्षक बनाने तथा कोटा महोत्सव को पर्यटन कैलेंडर में शामिल करने की बात कही।

इसके अलावा बैठक में गेपरनाथ महादेव मंदिर में पर्यटकों की सुविधा और प्रवेश शुरू करने, रंगपुर डाक बंगले के पर्यटन विकास, शहर के प्रवेश मार्गों से अतिक्रमण हटाने, साइन बोर्ड लगाने, सेवन वंडर्स पार्क के रखरखाव, मथुराधीश मंदिर कॉरिडोर की DPR तैयार करने तथा अन्य पर्यटन विकास कार्यों पर भी विस्तार से विचार- विमर्श किया गया।

बैठक में पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव, नगर निगम के जवाहर जैन, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक हरी मोहन शर्मा, कोटा विकास प्राधिकरण, वन विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

परफेक्ट रिश्ते की तलाश के बजाय सही रिश्ते के चयन पर ध्यान जरूरी

विवाह की जटिलताओं पर विशेषज्ञों ने बताए समाधान

कोटा। समग्र दिगंबर जैन बघेरवाल महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में विवाह तय होने में तकलीफ़, और हो जाए तो टिकने में तकलीफ़, कारण व समाधान विषय पर आयोजित ऑनलाइन परिचर्चा में गंभीर मंथन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से जुड़े प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सीमा हरसोरा ने बताया कि परिचर्चा में महाराष्ट्र के नागपुर से प्रख्यात वक्ता प्रफुल्ल पारेख ने वर्तमान समय में विवाह संस्थान के समक्ष खड़ी जटिलताओं और उनके व्यवहारिक समाधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि परफेक्ट रिश्ते की तलाश के बजाय सही रिश्ते के चयन पर ध्यान केंद्रित करना आवश्यक है। उनके प्रेरणादायी वक्तव्य ने उपस्थित सदस्यों को व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में लगभग 150 सदस्यों की उल्लेखनीय सहभागिता रही, जिससे आयोजन अत्यंत सार्थक सिद्ध हुआ। प्रकोष्ठ की सचिव प्रियंका हरसोरा ने जानकारी दी कि इस अवसर पर समाज के कई गणमान्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

इनमें पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष निर्मल ठग (भीलवाड़ा), पूर्व केंद्रीय महामंत्री नरेश सुरलाया, ‘बघेरवाल दर्पण’ के संपादक सुभाष सेठिया (इंदौर), निशांत बघेरवाल (भीलवाड़ा), मीना ठोरा (इंदौर), अमित हरसोरा (भानपुरा), सुषमा हरसोरा (कोटा) एवं राजेंद्र जी ताथेड़िया प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन नीलिमा डुंगरवाल, पूजा सेठिया, बीना सुरलाया एवं सोना सेठिया द्वारा किया गया। अंत में आयोजकों ने विश्वास जताया कि इस प्रकार की संवादपरक पहल समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेंगी।

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन का 30वां राष्ट्रीय अधिवेशन चांदखेड़ी में कल

कोटा। दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन का 30वां राष्ट्रीय अधिवेशन 12 अप्रैल को चांदखेड़ी अतिशय जैन तीर्थ क्षेत्र में आयोजित होगा। अधिवेशन में देशभर से 800 से अधिक राष्ट्रीय, रीजन व ग्रुप पदाधिकारी सपत्नीक भाग लेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोहर झांझरी, महासचिव विनय जैन, कोषाध्यक्ष अश्विन कासलीवाल, निवर्तमान अध्यक्ष राकेश विनायका एवं शिरोमणि संरक्षक पुष्पा कासलीवाल के नेतृत्व में 350 से अधिक ग्रुप्स के प्रतिनिधि 11 अप्रैल को चांदखेड़ी पहुंचेंगे। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नितिन जैन ने यह जानकारी दी।

अधिवेशन में वर्ष 2025 के दौरान देशभर के 350 से अधिक ग्रुप्स द्वारा किए गए उत्कृष्ट सामाजिक, धार्मिक व सेवा कार्यों के लिए विभिन्न श्रेणियों में राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किए जाएंगे। साथ ही बैनर प्रेजेंटेशन, स्क्रैपबुक व नवाचार गतिविधियों का मूल्यांकन कर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

आयोजन की सफलता हेतु सुरेंद्र कुमार पांड्या, सुशील पांड्या व यशकमल अजमेरा को कॉन्फ्रेंस प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि विमल अजमेरा, निर्मल सेठी, हेमचंद्र झांझरी, टी.के. वेद, हसमुख गांधी, राजेश लॉरेल व कमलेश कासलीवाल को संरक्षक बनाया गया है।

Kota Mandi: वायदा तेज रहने से कोटा मंडी में धनिया 300 रुपये उछला

कोटा। Kota Mandi Price Today: एनसीडीईएक्स पर वायदा तेज रहने से भामाशाह अनाज मंडी में शुक्रवार को धनिया 300 रुपये उछल गया। आवक की कमी से अलसी 200 रुपये और लहसुन 500 रुपये ऊंचा बिका। कमजोर उठाव से सरसों 50 रुपये मंद़ी रही। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब ढाई लाख कट्टे और लहसुन 8000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे –

गेहूं नया मिल लस्टर 2250 से 2350, गेहूं एवरेज टुकड़ी 2350 से 2450, बेस्ट टुकड़ी 2450 से 2700, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1800, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ नया 1900 से 2250 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3601, धान (1509) 3400 से 4200, धान (1847) 3200 से 4151, धान (1718-1885) 4000 से 4700, धान (पूसा-1) 3000 से 4300, धान (1401-1886) 4100 से 4550, धान दागी 1500 से 3900 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 5000 से 5700, सरसों 6300 से 6851, अलसी 6800 से 7600, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 7000, उड़द 4500 से 8000, चना देशी पुराना 4700 से 5001, चना मौसमी नया 5100 से 5150, चना पेप्सी 5100 से 5401, चना डंकी पुराना 3500 से 4500, चना काबुली 5500 से 7500, नया चना देशी 5000 से 5250 रुपये प्रति क्विंटल।

लहसुन 3000 से 12500, मैथी पुरानी 5000 से 5800, मैथी नयी 5800 से 6200, धनिया बादामी 11000 से 11700, धनिया ईगल 11500 से 12300, धनिया रंगदार 13000 से 15000 रुपये प्रति क्विंटल।