1000 पूर्व पंजीकृत परिवारों को गणेश प्रतिमा का वितरण कल से

0
7

पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने वाले परिवारों को मिलेगा ‘इको-फ्रेंडली सोशल क्रांतिकारी गौरव सम्मान’

कोटा। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के संयोजन में चल रही पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता पहल के तहत् शनिवार से पूर्व पंजीकृत परिवारों को निशुल्क गणपति प्रतिमाओं का वितरण किया जाएगा।

महासंघ के मुख्य संयोजक अध्यक्ष गोविन्दनारायण अग्रवाल ने बताया कि शहर के 100 वार्डों में कुल 1000,इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं का निशुल्क वितरण किया जाएगा।

इस आयोजन के तहत पर्यावरण रक्षा का संकल्प लेने वाले प्रत्येक वार्ड के 10 चयनित परिवारों को ‘इको-फ्रेंडली सोशल क्रांतिकारी परिवार गौरव सम्मान’ से भी अलंकृत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शनिवार को शाम 4 बजे टीलेश्वर महादेव मंदिर से प्रतिमाओं के वितरण की शुरुआत होगी। जहाँ से प्रत्येक प्रभारी को 40-40 प्रतिमाएं प्रदान की जाएंगी। इसके पश्चात् वार्डों में नियुक्त ‘भुजबंद प्रभारी’ पूर्व में पंजीकृत 1000 परिवारों तक उनके घर-घर जाकर ये प्रतिमाएं पहुंचाएंगे।

इको फ्रेंडली श्री गणपति क्लब क्या है अध्यक्ष डॉ एम,एल अग्रवाल ने बताया कि इस वृहद वितरण व्यवस्था को सुनियोजित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कोटा किटी क्लब की 100 महिलाओं को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें से 25 महिलाओं को ‘चारभुजा धारी प्रभारी’ नियुक्त किया गया है। जिनमें से प्रत्येक प्रभारी चार वार्डों की व्यवस्था संभालेंगी।

इस अभियान में पारदर्शिता और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी लाभार्थी परिवारों के मुखिया का नाम, फोटो और मोबाइल नंबर प्राप्त कर अग्रिम पंजीकरण किया जा चुका है। पंजीकृत परिवारों को प्रतिमाएं सौंपने के बाद, शेष 100 प्रतिमाओं का वितरण टीलेश्वर चौराहा स्थित टीलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में किया जाएगा।

संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने बताया कि 9 इंच तथा 12 इंच की साइज में शुद्ध मिट्टी से निर्मित इन प्रतिमाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रिंटेड संदेश युक्त विशेष बॉक्स में सुरक्षित पैक किया गया है। प्रत्येक बॉक्स में जल शुद्धता, जलीय जीवों की सुरक्षा एवं पर्यावरण रक्षा का संकल्प दिलाने वाला एक विशेष जागरण पत्रक, ‘पर्यावरण प्रहरी परिवार’ प्रिंटेड ध्वज तथा परिवार के उत्साहवर्धन हेतु ‘इको-फ्रेंडली सोशल क्रांतिकारी गौरव सम्मान पत्र’ साथ में रखा गया है।

अभियान के दूसरे चरण में रविवार को अपराह्न 2 बजे एक विशेष समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें शहर के आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति में 56 विभिन्न पंजिकृत सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं को सार्वजनिक पंडालों में स्थापना हेतु 4 फीट एवं 6 फीट की विशाल इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं निशुल्क वितरित की जाएंगी।

सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ ने समस्त शहरवासियों से इस बार पर्यावरण-अनुकूल मिट्टी के गणेश जी स्थापित कर प्रकृति रक्षा के इस पुनीत कार्य में भागीदार बनने का आह्वान किया है।