सेंसेक्स 598 अंक लुढ़क कर 50,846 पर बंद, अदानी ग्रुप के सभी शेयरों में तेजी

0
954

मुंबई। शेयर बाजार में गुरुवार को लगातार तीन दिन की बढ़त पर ब्रेक लग गया। BSE सेंसेक्स 598 अंकों की गिरावट के साथ 50,846.08 पर बंद हुआ है। कारोबार के दौरान इंडेक्स ने दिन के सबसे निचले लेवल 50,539.92 को भी छुआ। दुनियाभर के शेयर बाजारों में भारी बिकवाली और बड़े शेयरों में गिरावट के बाजार पर दबाव रहा। इससे पहले लगातार तीन दिन से शेयर बाजार बढ़त दर्ज की जा रही थी।

बाजार में भारी गिरावट के बावजूद अदानी ग्रुप के सभी शेयरों में भारी तेजी दर्ज की गई। अदानी पावर, अदानी गैस, अदानी पोर्ट और अदानी ग्रीन के शेयर एक साल के सबसे ऊंचे स्तर पर बंद हुए। कल भी सभी शेयर 52 हफ्ते के ऊपरी स्तर पर बंद हुए थे।

बैंकिंग और मेटल शेयरों में गिरावट
बाजार की गिरावट में बैंकिंग और मेटल सेक्टर के शेयर सबसे आगे रहे। निफ्टी मेटल इंडेक्स 2% की गिरावट के साथ 3,976.85 अंकों पर बंद हुआ है। इसी तरह बैंक इंडेक्स में भी 565.55 अंकों की गिरावट रही। सेंसेक्स में HDFC और बजाज फिनसर्व के शेयरों में सबसे ज्यादा 2.55% की गिरावट रही। दूसरी ओर अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर में 4% से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद हुआ है। निफ्टी भी 164 अंक नीचे 15,080.75 पर बंद हुआ है।

एक्सचेंज पर 49% शेयरों में बढ़त
BSE पर 3,170 शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें 1,602 शेयर बढ़त और 1,372 में गिरावट रही। इसमें 321 शेयरों ने एक साल के सबसे ऊंचे लेवल को छुआ। लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप 209.69 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 210.22 लाख करोड़ रुपए रहा था।