सीबी गार्डन में पैंथर के आने से मॉर्निग वाक पर आए लोगों में मचा हड़कंप

0
31

वन विभाग ने 20 फीट ऊंचे पेड़ पर ट्रेंकुलाइज कर दबोचा, जाल से किया रेस्क्यू

कोटा। Panther in Chhatra Vilas Garden: कोटा शहर के नयापुरा स्थित सीबी गार्डन में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां एक मादा पैंथर नजर आई। पैंथर के गार्डन में होने की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।

सुरक्षा के मद्देनजर मॉर्निंग वॉक करने आए लोगों को गार्डन से बाहर निकाल दिया गया और सीबी गार्डन के दरवाजे बंद कर दिए गए। इसके बाद वन विभाग की टीम ने करीब तीन घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मादा पैंथर को सुरक्षित पकड़ लिया है।

जानकारी के अनुसार, मादा पैंथर नजदीकी आर्मी एरिया से निकलकर शहर के बीच स्थित सीबी गार्डन तक पहुंच गई थी। सुबह गार्डन में उसकी मौजूदगी का पता चलने के बाद वन विभाग की टीम करीब 7 बजे से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई। पैंथर करीब 20 फीट ऊंचे एक पेड़ पर चढ़कर बैठी थी। ऊंचाई अधिक होने के कारण उसे सुरक्षित तरीके से नीचे उतारना वन विभाग के सामने बड़ी चुनौती थी।

रेस्क्यू के दौरान वन विभाग की टीम ने क्रेन की मदद से पेड़ के पास पहुंचकर मादा पैंथर को ट्रेंकुलाइज किया। इसके बाद नीचे जाल यानी नेट की व्यवस्था की गई। ट्रेंकुलाइज होने के बाद पैंथर को टीम ने सावधानी से पेड़ से नीचे उतारा। पूरी कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस और वन विभाग की टीमों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाले रखी।

वन अधिकारियों का मानना है कि लेपर्ड शिकार की तलाश में आया हो सकता है, क्योंकि गार्डन में बड़ी संख्या में बंदर रहते हैं। कोटा विकास प्राधिकरण द्वारा संचालित सीवी गार्डन शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है।

यहां रोजाना सुबह सैकड़ों की तादाद में मॉर्निंग वॉकर्स पहुंचते हैं, जिनमें न्यायपालिका के अधिकारी, अफसर, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, राजनेता और बड़े व्यापारी शामिल होते हैं। मंगलवार सुबह भी लोग रोजाना की तरह सैर कर रहे थे। इसी दौरान उम्मेद क्लब के पास वाले मुख्य गेट से दाईं तरफ जाने वाले ट्रैक के नजदीक एक पेड़ पर लोगों ने पैंथर को आराम फरमाते देखा।

अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में किया शिफ्ट
वन विभाग ने मादा पैंथर को सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में शिफ्ट कर दिया। सीसीएफ टी. मोहनराज ने रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी दी। करीब तीन घंटे चले इस ऑपरेशन के सफल होने के बाद वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।

पैंथर के सीबी गार्डन में पहुंचने की खबर फैलने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। हालांकि, प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लोगों को गार्डन से दूर रखा। मादा पैंथर के सुरक्षित रेस्क्यू होने के बाद शहरवासियों ने भी राहत की सांस ली।