वो फूट डालकर राज करते हैं और हम साथ लेकर सेवाः बिरला

15

कापरेन में आयोजित हुआ केशवराय पाटन विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन

कोटा। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को कापरेन में केशवराय पाटन विधानसभा क्षेत्र के बूथ कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कोटा-बूंदी लोकसभा प्रत्याशी ओम बिरला ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा समाज और वर्गों में लोगों को बांट कर वोट बैंक बनाया है। जबकि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने सभी को साथ लेकर उनके विकास पर काम किया है। वो फूट डालकर राज करने की नीति पर चल रहे हैं और हम सभी को साथ लेकर सेवा के लिए संकल्पित हैं।

एक निजी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ओम बिरला ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता 365 दिन और 24 घंटे जनता की सेवा में जुटा रहता है। उसका प्रयास रहता है कि वह आमजन की समस्याओं का समाधान कर उनके जीवन को बेहतर बनाए। इसके उलट कांग्रेस समाज को बांटकर राज करने की कोशिशों में जुटर रहती है।

उन्होंने कहा कि कोरोना का भयावह दौर इसका सबसे जीवंत उदाहरण है। उस दौर में राजस्थान की कांग्रेस सरकार वेंटिलेटर पर चली गई थी, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता ही था जो अपने प्राण संकट में डालकर गांव-गांव, घर-घर जा रहा था ताकि लोगों को पल्सऑक्सीमीटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, दवाएं मुहैया कराई जा सकें। हालात बिगड़े तो एंबुलेंस लेकर बड़े अस्पतालों तक ले गए और अपने प्राण संकट में डालकर इलाज से लेकर खाने पीने तक का हर इंतजाम किया।

भाजपा का कार्यकर्ता कितना भी संकट क्यों न आ जाए, सेवा से पीछे नहीं हटता, लेकिन इसका अभिमान नहीं करता। वहीं कांग्रेसियों को मैं के सवाय कोई दिखाई ही नहीं देता। सेवा से उनका दूर दूर तक कोई नाता नहीं, सिर्फ और सिर्फ मेवा के लिए तड़पते रहते हैं। अहम के वहम में डूबे यह लोग हर वक्त अपना भला कैसे हो इसी कोशिश में रहते हैं।

ओम बिरला ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि कोटा बूंदी लोकसभा में सेवा का यह कारवां यूं ही चलता रहना चाहिए। कोटा बूंदी के हर उस आदमी तक जाइए जो किसी भी तरह की तकलीफ या समस्या में है। सुनिए और समस्या लिखकर मुझ तक लाइए, ताकि हर उस व्यक्ति तक समाधान पहुंचाया जा सके। जब दोबारा जाएं तो आपके पास बताने को हो कि आपने उस व्यक्ति की समस्या के समाधान के लिए क्या किया।

भाजपा से जुड़े विभिन्न समाजों के 100 कांग्रेसी
कार्यक्रम क दौरान विभिन्न समाजों के 100 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की शपथ ग्रहण की। केशवरायपाटन क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने उनका भाजपा परिवार में स्वागत किया।

इन्होंने भी किया सम्बोधित
कार्यक्रम को पूर्व मंत्री बाबूलाल वर्मा, पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता छीतरलाल राणा, शंकरलाल ठाड़ा, राकेश बोयत, वीरेंद्र सिंह हाड़ा, जुगल किशोर शर्मा आदि ने भी सम्बोधित किया। जिला अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।