राजस्थान में अब WhatsApp पर घर बैठे मिलेंगी 27 सरकारी सुविधा, ऐसे करें अप्लाई

0
13

जयपुर। Rajasthan Government E mitra Whatsapp Service: राजस्थान सरकार ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देते हुए डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। अब राज्य के नागरिकों को जाति, मूल निवास, ईडब्ल्यूएस (EWS) प्रमाण पत्र बनवाने या बिजली-पानी का बिल जमा करने के लिए सरकारी दफ्तरों और ई-मित्र केंद्रों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 1 जुलाई 2026 को 29वीं ‘नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन ई-गवर्नेंस’ के उद्घाटन अवसर पर इस अनूठी ‘ई-मित्र वॉट्सएप सेवा’ की आधिकारिक शुरुआत की है।

सरकार की ओर से वॉट्सएप नंबर जारी
इस नई पहल के तहत प्रदेश का कोई भी नागरिक अपने मोबाइल से मात्र एक वॉट्सएप मैसेज भेजकर 27 प्रकार की जरूरी सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकता है। इसके लिए सरकार ने आधिकारिक वॉट्सएप नंबर 94610-62705 जारी किया है।

चार श्रेणियों में बंटी हैं 27 डिजिटल सेवाएं

आवेदन सेवाएं : इसके जरिए जाति प्रमाण पत्र (SC/ST/OBC/जनर), मूल निवास प्रमाण पत्र, EWS सर्टिफिकेट, राजस्थान पुलिस चरित्र प्रमाण पत्र और दिव्यांग पेंशन के लिए घर बैठे आवेदन किया जा सकता है।

डाउनलोड सेवाएं: आवेदन के बाद या पहले से बने दस्तावेज जैसे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, जन आधार, राशन कार्ड, आयुष्मान पॉलिसी, एलपीजी जांच कार्ड, IHMS लैब रिपोर्ट और खाद्य विभाग समर्पण प्रमाण पत्र सीधे डाउनलोड किए जा सकेंगे।

भुगतान सेवाएं : उपभोक्ता अपने बिजली का बिल, पानी का बिल, महिला निधि और ईएमआई (EMI) का भुगतान तुरंत कर सकेंगे।

अन्य ऑनलाइन सेवाएं: इसमें आवेदन की स्थिति, कक्षा 5वीं और 8वीं का रिजल्ट, IRCTC PNR स्टेटस और पुलिस विभाग की ऑनलाइन सेवाएं शामिल हैं।

ऐसे करें अप्लाई

  1. सबसे पहले वॉट्सएप नंबर 94610-62705 पर ‘Hi’ का मैसेज भेजें। तुरंत आपको भाषा (Language) चुनने का विकल्प मिलेगा।
  2. भाषा चुनते ही सेवाओं का चयन करने का मेन्यू खुलेगा, जहाँ क्लिक करते ही कई विकल्प सामने आ जाएंगे।
  3. अपनी जरूरत के अनुसार सर्टिफिकेट आवेदन या बिल भुगतान का विकल्प चुनें। क्लिक करते ही अगली स्लाइड खुलेगी, जो आपके ई-मित्र से जुड़े काम को आगे बढ़ाएगी।
  4. यदि आप बिजली बिल भरना चाहते हैं, तो अपना ‘K नंबर’ दर्ज करें। इसके बाद स्क्रीन पर बिल का स्टेटस आ जाएगा और आप UPI के जरिए सुरक्षित भुगतान कर सकेंगे।