कोटा। कोटा नागरिक सहकारी बैंक के प्रधान कार्यालय में स्वाधीनता समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बैंक अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने झंडारोहण किया।
प्रबंध निदेशक बीना बैरवा ने बताया कि झंडारोहण के पश्चात राष्ट्रगान कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी और बैंक को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने आजादी के प्रति जनता के कर्तव्य व भूमिका और जिम्मेदारियां को बताया।
बिरला ने कहा कि बैंक की वित्तीय स्थिति सही है और बैंक सुचारू रूप से कार्य कर रहा है। यह सभी संचालकों की मेहनत व कर्मचारी अधिकारियों लगन से संभव हुआ है। उन्होंने बैंक स्टाफ से प्रतिस्पर्धा के युग में बैंक को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिकता के साथ नए तरीके सोचने की भी अपील की।
स्वतंत्रता दिवस पर कर्मचारियों का किया सम्मान
उपभोक्ता होलसेल भंडार में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर भंडार के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को नमन करने और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का अवसर है। प्रबंध निदेशक बीना बैरवा ने बताया कि इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कर्मचारियों का सम्मान करते हुए अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला ने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता में कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
भाजपा जिला कार्यालय पर किया ध्वजारोहण
भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने भाजपा जिला कार्यालय पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर राकेश जैन ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में स्वतंत्रता से सांस ले रहे हैं, हमें आजादी ऐसे ही नहीं मिली, हजारों लोगों ने, विशेष कर युवाओं ने इस आजादी के लिए अपने जीवन का बलिदान किया है।
कोटा विश्वविद्यालय में कुलगुरु सारस्वत ने किया ध्वजारोहण
कोटा विश्वविद्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के साथ ही उपस्थित विश्वविद्यालय परिवार ने राष्ट्रगान के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
