बैंकिंग एवं ऑटो शेयरों में तेजी से सेंसेक्स 643 अंक बढ़कर रिकॉर्ड 51,374 के स्तर पर

0
493

मुंबई। बाजार की शुरुआत अच्छी बढ़त के साथ हुई है। सोमवार को सेंसेक्स 643.05 अंकों की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 51374.68 पर कारोबार कर रहा है। चौतरफा तेजी में ऑटो और बैंकिंग शेयर सबसे आगे है। सेंसेक्स में सबसे ज्यादा महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर में 5% से ज्यादा की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। इसी तरह निफ्टी इंडेक्स भी 161 अंकों की बढ़त के साथ 15,086.00 पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स सुबह 09:15 बजे 415.04 अंक ऊपर 51,146.67​​​​​​​ पर और निफ्टी 140.05​​​​​​​ अंक ऊपर 15,064.30​​​​​​​ पर खुला।

अमेरिका से आ रहे पॉजिटिव अपडेट से वैश्विक बाजारों में भी बढ़त है। जापान का निक्केई इंडेक्स 592.81 अंक यानी 2.06% बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.16% ऊपर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 0.87%, ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डिनरीज इंडेक्स 0.91% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। दरअसल, फरवरी में नए राहत पैकेज की उम्मीद से अमेरिकी बाजारों के प्रमुख इंडेक्स रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। 5 फरवरी को डाऊ जोंस इंडस्ट्रियल इंडेक्स 31,148.24 पर, S&P 500 इंडेक्स 3,886.83 और नैस्डैक कंपोजिट इंडेक्स 13,856.30 पर बंद हुए थे।

5 फरवरी को सेंसेक्स सेंसेक्स 117.34 अंकों की बढ़त के साथ 50,731.63 पर और निफ्टी 28.60 अंक ऊपर 14,924.25 पर बंद हुआ था। NSE प्रॉविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी निवेशकों (FII) ने 1,461.71 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 1,418.65 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे। बीते पांच कारोबारी दिन में FII ने लगभग 12,262 करोड़ रुपए के शेयर खरीद चुके हैं।