पाकिस्तानी सिंगर अदनान सामी को भारत में पद्म श्री, MNS ने किया विरोध

1254

मुंबई। राज ठाकरे की अगुआई वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने गायक अदनाम सामी को पद्म श्री दिए जाने का यह कहकर विरोध किया है वह ‘असली भारतीय नागरिक’ नहीं हैं। बता दें कि शनिवार को पद्म पुरस्कारों का ऐलान हुआ। सामी समेत 118 लोगों को पद्म श्री से नवाजा गया है। 26 मई 2015 को उनका पाकिस्तानी पासपोर्ट एक्सपायर हुआ था। उसके बाद उनके पासपोर्ट का रीन्यूअल नहीं हुआ। इसके बाद सामी को 1 जनवरी 2016 को भारतीय नागरिकता दी गई।

अदनान सामी का जन्म पाकिस्तान के लाहौर में हुआ था। वह 13 मार्च 2001 को पहली बार एक साल के टूरिस्ट वीजा पर भारत आए थे। उन्होंने मानवीय आधार पर नागरिकता देने का अनुरोध किया था जिसे केंद्र सरकार से स्वीकार कर लिया था।

शनिवार शाम को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) की सिनेमा विंग के अध्यक्ष अमय खोपकर ने मराठी में ट्वीट किया, ‘सामी मूल रूप से भारतीय नहीं हैं। एमएनएस का मानना है कि उन्हें कोई अवॉर्ड नहीं दिया जाना चाहिए। हम उन्हें पद्म श्री दिए जाने के फैसले का विरोध करते हैं। हमारी मांग है कि उनसे यह सम्मान वापस लिया जाए।’

संयोग की बात है कि 23 जनवरी को पार्टी के अध्यक्ष राज ठाकरे ने गोरेगांव में एक सभा में हिंदुत्व के आधार पर अपनी पार्टी का आधार बढ़ाने के संकेत दिए थे। 2014 के बाद से उनकी पार्टी को लगातार चुनावों में हार का सामना करना पड़ा है और राज हिंदुत्व का सहारा लेने जा रहे हैं।