देश के लिए मरने की नहीं, जीने की आवश्यकता है: संजय जोशी

0
208

लाड़पुरा विधानसभा सेवा मंच का ‘सेवक श्री’ अधिवेशन

कोटा। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संजय विनायक जोशी ने कहा कि देश में हर क्षेत्र में कार्य करने वालों के लिए विशेष सम्मान दिए जाने की व्यवस्था है। लेकिन, समाज सेवा के लिए कोई अलग से पुरस्कार देने की व्यवस्था नहीं है। समस्या के समाधान के लिए राजनीति भी एक माध्यम है, लेकिन हर समस्या राजनीति से ही हल होगी, यह सोच ठीक नहीं है।

वे रविवार को लाड़पुरा विधानसभा सेवा मंच के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बोरखेड़ा स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित ‘सेवक श्री’ अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की पांचवी आर्थिक महाशक्ति बन गया और जी-20 की मेजबानी का अवसर भारत को मिला है। यह हिंदुस्तान की बढ़ती ताकत का परिचायक है। कोई भी देश सामान्य व्यक्ति के कार्यों से ही बड़ा बनता है।

उन्होंने कहा कि आज इमारतों की ऊंचाई बढ़ रही है, लेकिन मानवता घट रही है। रास्ते चौड़े हो रहे हैं, लेकिन दृष्टि सिकुड़ रही है। दवा और चिकित्सक बढ़ रहे हैं, लेकिन आरोग्य में कमी आ रही है। अधिकार की बात होती है, लेकिन कर्तव्य पर नजर नहीं टिकती है। आज देश के लिए मरने की नहीं, देश के लिए जीने की आवश्यकता है। जिस क्षेत्र में भी कार्य करें, वह देश के लिए करें, यही सच्ची देश सेवा है।

व्यक्ति साधना से महान बनता है
शनि मंदिर इंदौर के गजासीन महामंडलेश्वर दादू महाराज ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि किसी को सुखी रखने का कार्य सबसे बड़ा धर्म है। सेवा की शपथ लेकर घर नहीं बैठना है। यहाँ से ऊर्जा लेकर दुगुने उत्साह से कार्यक्षेत्र में जुटना है। व्यक्ति साधनों से नहीं साधना से महान बनता है। उच्चारण से नहीं उच्च आचरण से महान बनता है। कारों से नहीं संस्कारों से महान बनता है। जीवन में योगी बनो या न बनो लेकिन किसी के काम आ सको इतने उपयोगी जरूर बनो। श्री सरस्वती शक्तिपीठ जम्मू कश्मीर के सुनील श्रीव्रत महाराज भी उपस्थित रहे।

हजारों लोगों ने लिया सेवा का संकल्प
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संजय जोशी ने अधिवेशन में हजारों लोगों को सेवा के संकल्प की शपथ दिलाई। स्वास्थ्य, पानी, बिजली, सड़क से जुड़ी समस्याओं के निराकरण, वंचितों को शिक्षा, पीड़ित और पिछड़े को सम्मान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, भ्रष्टाचार को समाप्त करने, नशाबंदी, स्वच्छ पर्यावरण की शपथ ली। सेवक श्री ने रक्तदान, नेत्रदान और देहदान के प्रति लोगों में जनजागृति लाने के लिए भी कार्य करने का संकल्प लिया। इस्कॉन टेंपल की ओर से हरिनाम संकीर्तन और गीता पर व्याख्यान किए गए। इस दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में 51 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। दादू महाराज ने 51वां यूनिट रक्तदान किया।

हर मौहल्ले में सेवक श्री’ नियुक्त होंगे
मंच के अध्यक्ष खेमचंद शाक्यवाल ने कहा कि मंच की ओर से हर मौहल्ले में ‘सेवक श्री’ की नियुक्ति की जाएगी। इन्हें प्रशासन के सामने रखने के लिए सजग समितियों का गठन होगा। ये समितियां आमजन की समस्याओं को नौकरशाही के सामने रखकर त्वरित निस्तारण का प्रयास करेगी। ऐसी नियुक्तियां वार्ड, मंडल, प्रकोष्ठ स्तर पर भी की जाएगी। लाड़पुरा विधानसभा सेवा मंच गैर राजनीतिक संगठन है। जो 26 जनवरी 2021 को गठन के समय से ही पूरी तरह से सेवाकार्यों के प्रति समर्पित रहा है।

समस्या निवारण यात्रा आपके द्वार
संयोजक मनीष गालव ने कहा कि प्रत्येक रविवार को ‘समस्या निवारण यात्रा.. आपके द्वार’ निकाली जाएगी। इस दौरान लोगों से प्रत्यक्ष संवाद कर समस्याओं को सुना जाएगा। जिन्हें सेवा मंच की विभिन्न कमेटियों को प्रेषित कर हल कराया जाएगा। मंच शासन, प्रशासन और आमजन के मध्य सेतु की भूमिका में कार्य करता है।