दिसंबर 2027 तक नए एयरपोर्ट से नियमित व्यावसायिक हवाई सेवाएं शुरू होंगी: बिरला

0
4

ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को लेकर लोक सभा अध्यक्ष बिरला ने की समीक्षा बैठक

कोटा। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को संसद भवन स्थित अपने कार्यालय में कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना की प्रगति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि संभागीय आयुक्त कोटा, बूंदी जिला कलेक्टर, कोटा डेवलपमेंट अथॉरिटी, पावर ग्रिड, पीएचईडी, वन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

बैठक में अधिकारियों ने लोक सभा अध्यक्ष को परियोजना की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुसार तेजी से आगे बढ़ रहा है।

अक्टूबर 2027 तक एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा और दिसंबर 2027 तक यहां से नियमित व्यावसायिक हवाई सेवाएं शुरू हो जाएगी। अधिकारियों ने जानकारी दी कि 1088 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहा यह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। एयरपोर्ट का रनवे 3.2 किलोमीटर लंबा होगा। इस रनवे पर दुनिया के बड़े एयरक्राफ्ट भी आसानी से उतर सकेंगे।

पुराने एयरपोर्ट पर फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल खोला जाए

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोटा एयरपोर्ट पर ही इमीग्रेशन संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों को दिल्ली, मुंबई अथवा जयपुर जैसे अन्य शहरों में इमीग्रेशन प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़े और उन्हें कोटा से ही अंतरराष्ट्रीय यात्रा की सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हो सकें। साथ ही, श्री बिरला ने पुराने एयरपोर्ट के स्थान पर एक फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल खोलने की संभावनाओं पर विचार करने को भी कहा।

लोक सभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए एयरपोर्ट के पास एक MRO (Maintenance, Repair and Overhaul) फैसिलिटी स्थापित करने की संभावना भी तलाशी जाए, जिससे क्षेत्र में एक इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम विकसित हो और युवाओं को रोजगार मिल सके। बैठक में लोक सभा सचिवालय के जॉइंट सेक्रेटरी गौरव गोयल तथा लोक सभा अध्यक्ष के ओएसडी राजेश गोयल भी उपस्थित रहे।