अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयी खेलकूद अक्टूबर में, 100 से अधिक टीमें लेंगी भाग

0
8

कोटा। कोटा विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान खेल गतिविधियों का व्यापक कैलेंडर जारी किया गया है। विश्वविद्यालय में महिला एवं पुरुष वर्ग की कुल 80 अंतरमहाविद्यालयी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में 43 विभिन्न खेलों में छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

मंगलवार को कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने विश्वविद्यालय के खेल कैलेंडर का विमोचन किया। इस अवसर पर खेल मण्डल सचिव डॉ. विजय सिंह, प्रो. घनश्याम शर्मा, प्रो. रीना दाधीच एवं डॉ. अमित सिंह राठौड़ उपस्थित रहे।

कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। कोटा विश्वविद्यालय का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच, संसाधन और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि 22 सेल्फ फाइनेंस खेलों को नियमित खेलों की श्रेणी में शामिल करने से अधिक विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय इन खेलों को आवश्यक वित्तीय सहयोग प्रदान कर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार करेगा।

खेल मण्डल सचिव डॉ. विजय सिंह ने बताया कि अंतरमहाविद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 15 सितम्बर से 15 दिसम्बर तक किया जाएगा। लगभग तीन माह तक चलने वाली इन प्रतियोगिताओं में कोटा विश्वविद्यालय से संबद्ध करीब 240 महाविद्यालयों एवं संस्थानों के नियमित विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं के आयोजन में छह जिलों के लगभग 20 महाविद्यालय एवं संस्थान सहयोग करेंगे।

खेल कैलेंडर में हैंडबॉल, शतरंज, मलखंब, कबड्डी, तीरंदाजी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, रग्बी, ताइक्वांडो, गतका, कराटे, योग, बेसबॉल, मुक्केबाजी, हॉकी, सॉफ्टबॉल, स्क्वैश और जिम्नास्टिक सहित 43 खेलों को शामिल किया गया है। इन खेलों में महिला एवं पुरुष वर्ग के खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।इन खेलों की विजेता टीमें खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स तथा इंटर-जोन प्रतियोगिताओं में कोटा विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।

अक्टूबर में होगी अखिल भारतीय मलखंब प्रतियोगिता
सत्र 2026-27 में कोटा विश्वविद्यालय को भारतीय विश्वविद्यालय संघ द्वारा पुरुष वर्ग की अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयी मलखंब प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता अक्टूबर 2026 के अंत में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में देशभर के 100 से अधिक विश्वविद्यालयों की टीमों के भाग लेने की संभावना है, जिसमें लगभग 600 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इन खेलो में विजेता टीमो खेला इण्डिया यूनवसिर्टी गेम्स,ऑल इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स,इंटर जोन गेम्स,में कोटा यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व करेंगे। मंगलवाल को खेल कलैण्डर का विमोचन कुलगुरू प्रो.बी.पी. सारस्वत ने किया। वहीं इस अवसर खेल मण्डल सचिव डा.विजय सिंह, प्रो घनश्याम शर्मा, प्रो.रीना दाधीच, डॉ. अमित सिंह राठौड़ उपस्थिन रहे।

22 खेलों को मिला नियमित खेलों का दर्जा
कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत के सहयोग एवं मार्गदर्शन में 22 सेल्फ फाइनेंस खेलों को नियमित खेलों की श्रेणी में शामिल किया गया है। इस निर्णय से इन खेलों को प्रोत्साहन मिलेगा और खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही विश्वविद्यालय इन खेल गतिविधियों के लिए वित्तीय सहयोग भी उपलब्ध कराएगा।