Pachpadra Refinery: पचपदरा रिफाइनरी में उद्घाटन से पहले लगी आग

0
8

बाड़मेर। Pachpadra Refinery: राजस्थान के बालोतरा जिले में पचपदरा रिफाइनरी में सोमवार को आग लग गई। इसने देश की सबसे बड़ी ऊर्जा परियोजनाओं में से एक की ओर सबका ध्यान खींचा है।

इस रिफाइनरी का उद्घाटन मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने वाले थे। लेकिन, एक दिन पहले ही रिफाइनरी के सीडीयू (क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट) सेक्शन में आग लग गई। पेट्रोलियम मंत्रालय ने अब कहा है कि इस घटना के बाद प्रधानमंत्री का दौरा टाल दिया गया है।

मंत्रालय ने कहा, ‘आज एचआरआरएल रिफाइनरी में क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास आग लगने की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। इसके कारण 21.04.2026 को प्रधानमंत्री की ओर से रिफाइनरी के निर्धारित लोकार्पण कार्यक्रम को टाल दिया गया है।’ मंत्रालय ने यह भी बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

दूर-दूर तक दिखा धुएं का गुबार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेज थी कि उसका धुआं करीब एक किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। आसमान में उठते धुएं के गुबार ने लोगों में डर और चिंता का माहौल पैदा कर दिया। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाना और किसी भी बड़े नुकसान को रोकना है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही पूरी तरह नियंत्रण की उम्मीद है।

रिफाइनरी से जोधपुर पहुंचे मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मैं वह से अभी आ रहा हूं। यह दुखद हादसा था । विस्तृत जांच की जा रही है। किसी की डेथ नहीं हुई है। सभी सेफ है। डिटेल अभी इकट्ठा कर रहे हैं । पूरी डिटेल आने की अपेक्षा की जा रही है। कल सुबह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का दौरा प्रस्तावित है। मैं भी कल वहां दोबारा जाऊंगा। फिलहाल रिफाइनरी में सभी कर्मचारी सेफ है और आज पूरी तरीके से काबू में है।

प्रोसेसिंग यूनिट में आग से मचा हड़कंप
सोमवार को अचानक लगी भीषण आग से रिफाइनरी परिसर में हड़कंप मच गया। यह घटना ऐसे समय हुई जब अगले ही दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन होना था। आग की खबर मिलते ही प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियां और रिफाइनरी प्रबंधन तुरंत हरकत में आ गए। तकनीकी टीम और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रही हैं। साथ ही आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

पचपदरा रिफाइनरी का माल‍िक कौन
पचपदरा रिफाइनरी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और राजस्थान सरकार के बीच एक ज्‍वाइंट वेंचर है। संयुक्त उद्यम के तौर पर एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (एचआरआरएल) के तहत इसे विकसित किया गया है।