मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद सरपंचों का राज. विधानसभा घेराव का कार्यक्रम स्थगित

0
417
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ सरपंचों का प्रतिनिधिमंडल।

जयपुर। विभिन्न मांगों को लेकर 8 मार्च को सरपंचों द्वारा किया जाने वाला राजस्थान विधानसभा का घेराव मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से राजस्थान सरपंच संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई वार्ता के बाद स्थगित कर दिया गया है।

राजस्थान सरपंच संघ के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर गढ़वाल व प्रदेश प्रवक्ता रफीक पठान  ने बताया कि सरपंचों द्वारा विधानसभा घेराव की चेतावनी की तैयारियों को देखते हुए राज्य सरकार लगातार सरपंचों के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कर रही थी। इस संदर्भ में शुक्रवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित सिंह, वित्त सचिव अखिल अरोड़ा, शासन सचिव मंजू राजपाल एवं नरेगा सचिव पीसी किशन के साथ हुई सार्थक वार्ता के परिणाम स्वरूप शनिवार को प्रमुख शासन सचिव निरंजन आर्य से वार्ता के दौरान सभी प्रमुख मांगों पर सहमति हुई।

प्रतिनिधिमंडल की  बाद में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ सकारात्मक वार्ता हुई। मुख्यमंत्री द्वारा सरपंचों से करीब 1 घंटे की वार्ता के बाद सभी प्रमुख मांगों पर सहमति जताई गई। इसके बाद सरपंच संघ द्वारा 8 तारीख का विधानसभा घेराव स्थगित किया गया।

वार्ता में इन मांगों पर बनी सहमति

  • पांचवें राज्य वित्त आयोग की बकाया राशि पंचायतों को स्थानांतरित करने के आदेश प्रदान कर दिए हैं ।
  • निविदा प्रक्रिया को वापस ग्राम पंचायत स्तर पर कराया जायेगा।
  • पंचायत राज को जो अधिकार प्राप्त हैं, उनका सर्कुलर नए सिरे से जारी कराया जायेगा ।
  • पीडी खातों में जो राशि स्थानांतरित कर दी गई थी, उन्हें वापस पंचायतों के खातों में डाला जाएगा।
  • केंद्र सरकार से एफएफसी बकाया राशि जारी करवाई जा सके।
  • छठे राज्य वित्त आयोग का शीघ्र गठन कर दिया जाएगा।
  • जब तक आयोग नहीं बनता है तब तक पंचायतों को अंतरिम अंशदान के रूप में राशि दी जाएगी।
  • नरेगा योजना में राज्य मध्य का जो बकाया भुगतान है, उसे शीघ्र जारी किया जायेगा।
  • पूर्व की गुरु गोवलकर योजना में बकाया राशि का भुगतान शीघ्र कर दिया जाएगा।
  • सरपंचों  द्वारा की गई मांग पर प्रशासन गांव के संग अभियान मई माह से शुरू कर दिया जाएगा।

सरपंचों की मांग पर विधवा व परित्यक्ता महिलाओं को मिलने वाली  पेंशन  में बढ़ोतरी हो, इस पर भी मुख्यमंत्री ने सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया। इसके बाद सभी ने अशोक गहलोत व अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल में सरपंच संघ के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर गढ़वाल, संरक्षक भंवरलाल जानू, संयोजक महेंद्र सिंह, गोविंद सिंह लांबा, मुख्य महामंत्री शक्ति सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष रोशन अली, प्रदेश प्रवक्ता रफीक पठान, जयराम पलसानिया, शारदा मेहता, जयपुर जिला अध्यक्ष मेहर सिंह धनखड़, प्रदेश उपाध्यक्ष हंसराज गुर्जर शामिल थे।