क्या 100, 10 और 5 रुपए के पुराने नोट बंद होंगें, जानें RBI की योजना

0
786

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) 100, 10 और 5 रुपए के पुरानी सीरिज के नोट को बंद करने की योजना बना रहा है। RBI के असिस्टेंट जनरल मैनेजर (AGM) बी. महेश ने यह बात कही है। मेंगलुरु में डिस्ट्रिक्ट लेवल सिक्युरिटी कमेटी और डिस्ट्रिक्ट लेवल करेंसी मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में AGM ने कहा कि RBI मार्च-अप्रैल से धीरे-धीरे इन नोटों को सर्कुलेशन से हटाने की योजना बना रहा है।

कार्यक्रम में बी. महेश ने कहा कि 15 साल बाद भी कारोबारी और आम लोग 10 रुपए के सिक्के को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। इस कारण 10 रुपए के यह सिक्के बैंकों और RBI के लिए समस्या बन गए हैं। 2019 में RBI ने लैवेंडर (हल्का बैंगनी) कलर में 100 रुपए का नया नोट जारी किया था। इस नोट के पीछे ‘रानी की वाव’ का चित्र है। यह एक बावड़ी है जो गुजरात के पाटन में सरस्वती नदी के किनारे स्थित है। नए नोट को जारी करते समय RBI ने कहा था कि सभी प्रकार के 100 रुपए के नोट प्रचलन में रहेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर 2016 को देश में नोटबंदी की घोषणा की थी। इसके तहत पीएम ने उस समय प्रचलित 1000 और 500 रुपए के नोट को तत्काल प्रभाव से बंद करने का ऐलान किया था। इसके कुछ दिनों बाद RBI ने 2000 रुपए का नया नोट जारी किया था। 2019 में एक RTI के जवाब में RBI ने कहा कि उसने हाई वैल्यू वाले बैंक नोट की छपाई पर रोक लगा दी है। 2000 रुपए के नोट को बंद करने की रिपोर्ट्स के बाद RBI ने यह सफाई दी थी।

नोटबंदी के बाद से अब तक RBI अलग-अलग वैल्यू वाले 7 बैंक नोट जारी कर चुका है। इसमें 2000, 500, 200, 100, 50, 20 और 10 रुपए की वैल्यू वाले बैंक नोट शामिल हैं। ये सभी महात्मा गांधी सीरिज के बैंक नोट हैं। सभी बैंक नोट के पीछे ऐतिहासिक स्थानों की तस्वीरों को स्थान दिया गया।