नई दिल्ली। महाभारत में द्रौपदी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस और पॉलिटिकल लीडर रूपा गांगुली ने सुशांत सिंह राजपूत के इंस्टाग्राम एकाउंट से छेड़छाड़ की आशंका जताई है। रूपा ने दावा किया है कि इंस्टाग्राम पर सुशांत जिन लोगों को फॉलो कर रहे थे, उनकी संख्या में गिरावट आ रही है।
रूपा ने आशंका जताई है कि कोई फोन से उनके एकाउंट का संचालन करके अनफॉलो कर रहा है, जो कि टेम्परिंग ऑफ़ एविडेंस यानि सबूतों से छेड़छाड़ की श्रेणी में आता है। इसके मद्देनज़र रूपा ने एक बार फिर सीबीआई जांच की मांग तेज़ की है।
रूपा गांगुली ने ट्विटर पर वीडियो पोस्ट करके इसकी जानकारी दी। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा- अभी मैंने जो सुना उससे हैरान हूं। फिर मैंने ख़ुद देखा। क्या कोई सुशांत का फोन चला रहा है। उनके इंस्टाग्राम एकाउंट से वो लोग अनफॉलो क्यों हो रहे हैं, जिन्हें वो फॉलो करते थे। क्या सीबीआई की ज़रूरत नहीं है?
रूपा आगे लिखती हैं कि अगर यह सही है तो मुझे यह स्वीकार करने में कोई दिक्कत नहीं कि यह विचलित करने वाला है, क्योंकि सबूतों से छेड़छाड़ की जा रही है। इस केस में पारदर्शिता के लिए हमें कितना और इंतज़ार करना होगा? सीबीआई के दखल के लिए? रूपा ने पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी इसमें टैग किया है।
फॉलोअर्स बढ़े, फॉलोइंग घटे
रूपा गांगुली के आरोपों के मद्देनज़र जब हमने सुशांत सिंह राजपूत के इंस्टाग्राम एकाउंट की पड़ताल की तो पता चला कि सुशांत के एकाउंट से करीब एक हफ़्ते में 36 लोगों को अनफॉलो किया गया है। पहला स्क्रीन शॉट 20 जून के आसपास का है, जबकि दूसरा स्क्रीन शॉट 26 जून का है। वहीं, सुशांत के फॉलोअर्स की संख्या में एक लाख 10 हज़ार का इजाफ़ा हुआ है।
Memorialized एकाउंट में बदलाव सम्भव नहीं
सुशांत के इंस्टाग्राम से फॉलोइंग का घटना वाकई हैरान करने वाला है, क्योंकि इंस्टाग्राम ने उनके एकाउंट को Memorialized कर दिया है और उनके नाम के आगे Remembering जोड़ दिया है। इंस्टाग्राम के नियमों के मुताबिक एकाउंट एक बार मेमोरियलाइज़्ड हो जाए तो उसमें कोई बदलाव नहीं किया जा सकता। उसे लॉग इन नहीं किया जा सकता। एक तरह से वो ऑनलाइन स्मारक की तरह हो जाता है। जहां फैंस अपने चहेते सितारे की तस्वीरों और वीडियोज़ को देख सकते हैं।
इस एकाउंट से ना कुछ हटाया जा सकता है और ना ही कुछ जोड़ा जा सकता है। कोई इसे ऑपरेट भी नहीं कर सकता। सुशांत के एकाउंट पर आख़िरी पोस्ट 3 जून की है। उन्होंने अपनी मां के साथ अपनी तस्वीर का कोलाज शेयर किया था। यानि सुशांत के एकाउंट को लोग फॉलो तो कर सकते हैं, मगर उस एकाउंट से किसी को फॉलो /या अनफॉलो नहीं किया जा सकता है।
बता दें कि रिपोर्ट्स ये भी आयी थीं कि मुंबई पुलिस को सुशांत के ट्विटर एकाउंट को लेकर भी शक हुआ है कि कहीं उनके एकाउंट से ट्वीट डिलीट तो नहीं किये जा रहे है। इसके लिए ट्विटर से पिछले छह महीने की जानकारी मांगी गयी है।