कोटा में कोरोना पर जीत, 23 नेगेटिव मरीजों की एक साथ अस्पताल से छुट्टी

0
550

कोटा। कोरोना संक्रमण (corona infaction) के बीच कोटा में कोरोना ( corona) से जंग पर जीत हासिल हुई। कोविड अस्पताल में भर्ती 23 मरीजों की एक साथ छुट्टी की गई। अस्पताल से जैसे ही मरीजों की छुट्टी हुई चिकित्सकों ने इस महामारी की जंग से जीत की विक्ट्री साइन कर मरीजों का उत्साहवर्धन किया। छुट्टी के समय मरीजों के चेहरे पर खुशी झलक रही थी।

यह पहला अवसर है जब कोटा में पहली बार एक साथ 23 मरीजों की छुट्टी की गई। यह सभी लोग मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती थे। इस अवसर पर नए अस्पताल अधीक्षक डॉ. चंद्रशेखर सुशील, फिजिशियन डॉ. एस जैलिया, डॉ. आरपी मीणा, डॉ. निलेश जैन व अन्य स्टाफ ने विक्ट्री साइन बनाकर छुट्टी होने पर घर जाने वाले मरीजों का उत्साह वर्धन किया। अस्पताल अधीक्षक डॉ.चंद्रशेखर सुशील ने बताया कि 3 चरणों में अब तक कुल 38 मरीजों की छुट्टी की गई और घर पर ही 14 दिन और क्वारेंटाइन रहने की सलाह दी गई। इसमें 13 चन्द्रघटा, 3 तेलघर, 2 मकबरा, 1 पाटनपोल, 1 लाडपुरा, 1 घंटाघर, 2 झालावाड़ के मरीज शामिल हैं।

113 की दो बार जांच रिपोर्ट आई नेगेटिव
डॉ. सुशील ने बताया कि नए अस्पताल में 113 मरीज पॉजिटिव से नेगेटिव हुए हैं। इनमें से 38 लोग अपने घर वापस जा चुके है। यहां भर्ती मरीजों में जिनकी कोरोना जांच रिपोर्ट दो बार नेगेटिव आई है। ऐसे 75 लोग और भर्ती है, लेकिन 14 दिन का क्वारेंटाइन पूरा होने के बाद उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से छुट्टी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में 86 पॉजिटिव भर्ती हैं। वहीं 100 से अधिक संदिग्ध भी भर्ती हैं।