लॉकडाउन नहीं माना तो देखते ही गोली मारने का आदेश, तेलंगाना सीएम बोले

0
990
  • कोरोना संक्रमण के देश में 567 केस और 11 मौतें
  • लॉकडाउन का नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई

नई दिल्ली। देश के 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश कोरोना संक्रमण की चपेट में हैं। संक्रमितों की संख्या बुधवार सुबह तक 567 हो गई, अब तक 11 लोगों की जान गई है। तमिलनाडु के मदुरै में सुबह 54 वर्षीय संक्रमित मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कोरोना के सबसे ज्यादा 109 मामले केरल में हैं, जबकि महाराष्ट्र (101) दूसरे नंबर पर है। मंगलवार आधी रात से अगले 21 दिनों के लिए सभी राज्यों में लॉकडाउन रहेगा।

इस बीच तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने कहा कि लोग लॉकडाउन का उल्लंघन न करें। अमेरिका में इसके लिए सेना बुलानी पड़ी थी, अगर हमारे यहां हालात काबू में नहीं आए तो नियम तोड़ने पर देखते ही गोली मारने का आदेश देना पड़ सकता है।

लॉकडाउन और कर्फ्यू लागू कराने के लिए पुलिस मुस्तैद है। गृह मंत्रालय के अनुसार लॉकडाउन का नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें एक से दो साल की जेल के अलावा कुछ मामलों में जुर्माने का भी प्रावधान है।

अपडेट्स:

  • मध्य प्रदेश के इंदौर में 6 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से 5 लोग इंदौर के और एक उज्जैन का रहने वाला है।
  • गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को राज्य और जिला स्तर पर 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम बनाने के लिए कहा।
  • महान एयरलाइन्स का विमान ईरान के तेहरान शहर से 277 भारतीयों को लेकर जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचा। सभी लोगों को जांच के लिए सेना के क्वारैंटाइन सेंटर ले जाया गया।
  • उत्तराखंड के मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा है कि राज्य में सभी जरूरी सामान की दुकानें सुबह 7 से 10 बजे तक खुली रहेंगी। 10 बजे के बाद लाॅकडाउन सख्ती से लागू होगा।
  • छत्तीसगढ़ में सरकार ने सभी गरीब परिवारों को अप्रैल और मई महीने में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मुफ्त चावल देने की घोषणा की है।
  • उत्तरप्रदेश-दिल्ली बोर्डर पर पुलिस की बैरिकेडिंग जारी है। पुलिस केवल जरूरी सामान वाली गाड़ियों को जाने की इजाजत दे रही है।

देश में 42 लोग पूरी तरह स्वस्थ हुए, 469 मरीजों का इलाज जारी
महाराष्ट्र में सबसे पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए दोनों लोग ठीक हो गए हैं। दो सप्ताह पहले जांच में इन्हें संक्रमित पाया गया था। मंगलवार को दोनों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। बुधवार सुबह दोनों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके साथ ही देश में अब तक 42 लोग पूरी तरह ठीक होकर घर जा चुके हैं, जबकि 469 मरीजों का इलाज क्वारैंटाइन सेंटरों में चल रहा है।

तेलंगाना में महिला डॉक्टर के साथ बदसलूकी
तेलंगाना के खम्मम में लॉकडाउन के दौरान ड्यूटी पर जा रही महिला डॉक्टर के साथ पुलिस ने बदसलूकी की। डॉ हिमाबिंदु ने बताया कि एक पुलिसकर्मी ने मेरे साथ मारपीट की। बाल पकड़कर मुझे घसीटा। मेरा आईडी और फोन जब्त कर लिया। जब मैंने इसकी शिकायत की तो उन्होंने माफी मांग ली।