भाजपा कोटा शहर प्रबुद्धजन सम्मेलन में बोले वक्ता
कोटा। Budget 2025: भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में भाजपा शहर जिला कोटा द्वारा पुरूषार्थ भवन में प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया।
भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने केन्द्रीय बजट की परिचर्चा को लेकर संबोधित करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वप्न के विकसित भारत निर्माण की नींव है बजट। जिससे जब भारत अपना 100वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा होगा, तब भारत में जीरो गरीबी हो। भारत ग़रीबी की समस्या से मुक्त होकर पूर्ण विकसित देश बने।
उन्होंने कहा कि भारत को विकसित बनाने के लिए बहुअयामी लक्ष्य तय करके, पूरी जबाबदेही से कार्यों को पूरा करने की रणनीति से मोदी सरकार काम कर रही है। जिससे भारत पूर्ण विकसित राष्ट्र बने। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने बजट में कर प्रणाली को आसान किया है और मध्यमवर्ग को बड़ी राहत दी है।
भारतीय अर्थव्यवस्था विश्व में सबसे तेज और व्यवस्थित गति से आगे बढ़ रही है। जिसकी जीडीपी दर विश्व में सबसे तेज है। विदेशी मुद्रा भंडार में हम आत्मनिर्भर हैं। इतिहास का सबसे बड़ा विदेशी मुद्रा भंडार वर्तमान में भारत के पास है।
देश अपनी सभी आयात जरूरत को पूरा करने में आत्मनिर्भर है। प्रधानमंत्री मोदी के विजन आत्मनिर्भर भारत 2047 के लिए वर्तमान बजट में चार ग्रोथ इंजन तय किए गए हैं। यह है कृषि, लघु उद्योग, निवेश और निर्यात, जिन पर विशेष फोकस करके देश की प्रगति को नई ऊंचाई प्रदान करने की कोशिश की जाएगी।
रेडक्रॉस सोसायटी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश बिरला ने कहा कि हम सभी का लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों को मजबूत बनाना होना चाहिये। केन्द्रीय बजट को हम सभी जन जन तक पहुंचायें, ताकि आमजन इस बजट के महत्व को समझ सके।
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि देश की दिशा व दशा बदलने वाला बजट है। 2047 का ऐसा विकसित भारत का सपना है, जिसमें गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले व्यक्तियों को उस रेखा से बाहर निकालना है। सभी को शिक्षा, चिकित्सा सहित सभी मूलभूत सुविधायें मिले। अन्त्योदय का विकास से ही समग्र देश का विकास संभव है।
जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि केंद्रीय बजट विकसित भारत 2047 को समर्पित बजट है। मोदी का बजट गरीब, युवा, अन्नदाता किसान एवं नारी शक्ति इन चारों पर फोकस किया गया है। बजट में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, इसी संकल्प के साथ इस बजट में आमजन से लेकर व्यापारी तक के लिए बहुत कुछ है। इस बजट में मध्यम वर्ग के लिए विशेष ध्यान रखते हुए 12 लाख तक आय वाले नागरिकों को टैक्स फ्री किया गया है। यह बजट हम सब की आशाओं, अपेक्षाओं का बजट है।
कोटा शहर में पर्याप्त पीने का पानी, प्रचुर मात्रा में बिजली की व्यवस्था, विशाल रेल नेटवर्क है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से ही कोटा रेल्वे स्टेशनों का कायाकल्प हुआ है। कोटा में एयरपोर्ट के निर्माण के लिए निविदाएं जारी हो चुकी हैं तथा जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू होगा।
ओम बिरला के मन में लगातार कोटा के विकास को लेकर चिंता रहती है। ओम बिरला के प्रयास से मेडिकल एजुकेशन में 10 हजार सीटें बढेंगी, मेडिकल में पांच वर्षों तक 7500 सीटे प्रति वर्ष बढेंगी। आईआईटी में 6500 सीटें बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। कोटा कोचिंग का हब है। इससे कोटा शहर में कोचिंग व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, तो कोटा की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
प्रबुद्धजन सम्मेलन में जिला उपाध्यक्ष देवेन्द्र राही, कुलदीप सिंह नरूका, नीरज मनचंदा, रमेश आहूजा पूर्व पार्षद, राजेंद्र गुप्ता गणेश नगर मंडल प्रभारी, मण्डल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश महावर, दिनू बंजारा, अक्षय चौधरी, मनोज गोस्वामी, नरेन्द्र मेघवाल, मनोज तलाईचा, रामचंद्र नागर, मण्डल प्रतिनिधि सोनिया सिंह राठौड, महेन्द्र गर्ग, सहित कोटा शहर से व्यापारीगण, शिक्षा, चिकित्सा, कोचिंग सहित अनेको क्षैत्रों से प्रबुद्धजन सम्मिलित हुए।
एसएसआई से गोविंद राम मित्तल, मनीष माहेश्वरी, चिकित्सा प्रकोष्ठ से डॉ अमित व्यास, व्यापार प्रकोष्ठ से विक्रम खण्डेलवाल, व्यवसायिक प्रकोष्ठ से अनिल तिवारी, आर्थिक प्रकोष्ठ से मिलिंद विजयवर्गीय एवं लघु उद्योग प्रकोष्ठ से केपी सिंह आदि मंचस्थ रहे।