हिंदू नववर्ष पर 30 मार्च को निकलेगी भव्य शोभायात्रा, झांकियां भी होंगी शामिल

0
5

कोटा। नववर्ष आयोजन समिति के गायत्री नगर प्रकोष्ठ द्वारा सोमवार को हिंदू नव वर्ष विक्रम संवत 2082 के उपलक्ष्य में आयोजित शो​भायात्रा को सफल बनाने के लिए बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में रैली मार्ग और व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। गायत्री नगर प्रखंड संयोजक महावीर प्रसाद नायक ने बताया कि आयोजन की तैयारियों को लेकर संपन्न हुई बैठक में महानगर आयोजन समिति अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल, महामंत्री छगन महावर, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन, गायत्री नगर आयोजन समिति अध्यक्ष राम मोहन मित्रा, आतिश सक्सेना, सुनीता सांवरिया, राकेश सफला और बोरखेड़ा व्यापार संघ अध्यक्ष शंभू सिंह कानावत उपस्थित थे।

रैली संयोजक राधेश्याम कुशवाह ने बताया कि ओखलिया भेरू से स्टील ब्रिज तक वाहन रैली का आयोजन 30 मार्च को सुबह 9.30 बजे किया जाएगा। इसके बाद रैली मुख्य शोभायात्रा से जुड जाएगी। वाहन में अनेक आकर्षक आयोजन किए जाएंगे। मार्ग में 151 स्वागत द्वार बनाए जाएंगे, जिनमें 25 स्थानों पर विशेष भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा में 3 डीजे और 15 ढोलों के साथ संगीतमय वातावरण बनाया जाएगा।

पंजाबी बैंड उज्जैन से आमंत्रित किया गया है, जो परंपरागत धुनें बजाएंगे। कच्ची घोड़ी नृत्य द्वारा लोक संस्कृति का प्रदर्शन किया जाएगा तथा ड्रोन से पुष्प वर्षा और आतिशबाजी का आयोजन भी होगा, जिससे आकाशीय दृश्य अत्यंत मनमोहक होगा। शोभायात्रा में विशेष झांकियां भी निकाली जाएंगी, जिनमें बाहुबली हनुमान जी, भारत माता व सनातन धर्म संबंधी झांकियां प्रमुख होंगी। गायत्री विहार से 200 कारें व 500 दुपहिया वाहन रैली में शामिल होंगे। वाहन रैली का प्रारंभ सुबह 9:30 बजे होगा। यात्रा में पुरुष भगवे साफे पहनकर और महिलाएं केसरिया व पीली साड़ी पहनकर शामिल होंगी।

वाहन रैली का मार्ग
रैली चार टोलियों में विभाजित होकर विभिन्न क्षेत्रों से शुरू होगी और सभी ओखलिया भेरू जी मंदिर पर एकत्रित होंगी। पहली टोली झालीपुरा, जगन्नाथपुरा, दसलाना, मंडाननयाँ, हाथीखेड़ा, छोटी बोरखंडी, बड़ी बोरखंडी से होते हुए, डीजे के साथ नया नोहरा पहुंचेगी। यहां अर्जुनपुरा और नयानोहरा के लोग शामिल होकर, मानपुरा गांव से होते हुए 60 फीट रोड से बोरखेड़ा ओखलिया भेरू जी पहुंचेंगे।

दूसरी टोली हनुवंत खेड़ा, देवली गांव, और देवली अरब रोड की सभी कॉलोनियों के निवासियों की होगी जो सीधे ओखलिया भेरू जी पहुंचेंगे। तीसरी टोली में थेकड़ा गांव और थेकड़ा रोड स्थित सभी कॉलोनियों के निवासी शामिल होंगे, जो कंचन रिसोर्ट से डीजे के साथ देवाशीष सिटी, ग्रामीण पुलिस लाइन, जय हिन्द नगर, गोकुल कॉलोनी से होते हुए ओखलिया भेरू जी पहुंचेंगे। चौथी टोली बोरखेड़ा गांव और बारां रोड के आस-पास की सभी कॉलोनियों के निवासियों की होगी, जो देवली अरब रोड से होते हुए ओखलिया भेरू जी पहुंचेंगे।

चारों टोलियां एकत्रित होकर ओखलिया भेरू जी से रवाना होंगी और देवली अरब रोड, बोरखेड़ा पुलिया, लेबर चौराहा, जय हिन्द नगर, नया गांव, पुलिस लाइन, एसपी चौराहा, केसर भाग, बजरंग नगर, स्टील ब्रिज, कोटरी चौराहे से छावनी होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेंगी, जहां से शोभायात्रा अंतिम गंतव्य श्रीनाथ स्टेडियम तक जाएगी।