जरूरतमंद शवों के लिए कफन की व्यवस्था करेगा कर्मयोगी सेवा संस्थान

0
7

एमबीएस चिकित्सालय की पुलिस चौकी पर रखे जाएंगे कफन के कपड़े

कोटा। संभाग के सबसे बड़े चिकित्सालय महाराव भीमसिंह अस्पताल में मोर्चरी में रखे शवों के लिए कफन की कमी को देखते हुए कर्मयोगी सेवा संस्थान आगे आया है। संस्थान के संस्थापक राजाराम जैन कर्मयोगी तथा अध्यक्ष अलका दुलारी जैन कर्मयोगी ने बताया कि शुक्रवार को प्रातः 11 बजे एमबीएस अस्पताल अधीक्षक को कफन का कपड़ा सौंपा जाएगा।

इसके बाद कर्मयोगी सेवा संस्थान के संस्थापक द्वारा व्यवस्था करते हुए एमबीएस पुलिस चौकी पर कफन रखने की व्यवस्था कर दी जाएगी। जरूरतमंद व्यक्ति वहां से निशुल्क कफन प्राप्त कर सकेंगे।

राजाराम जैन ने बताया कि महाराव भीमसिंह चिकित्सालय संभाग का सबसे बड़ा अस्पताल होने से यहां कोटा जिले के आसपास के जिलों एवं सीमावर्ती राज्य मध्य प्रदेश के मरीज इलाज के लिए बड़ी संख्या में आते हैं। इनमें प्रतिदिन कईं मरीज उपचार के दौरान दम तोड़ देते हैं। कईं तो ऐसी हालत में आते हैं कि उपचार के बाद भी उनका बचना संभव नहीं हो पाता।

इसके अलावा भी पुलिस केस से संबंधित मामले जैसे सड़क दुर्घटना आत्महत्या हत्या आकस्मिक मौत आदि मामलों में मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया जाता है। चिकित्सकों द्वारा मृत्यु घोषित करने के बाद अस्पताल से डेड बॉडी को एमबीएस मोर्चरी ले जाते हैं।

उस समय डेड बॉडी पर कफन की आवश्यकता विशेष रूप से होती है। जिससे कि अस्पताल में आने वाले लोगों की निगाह बॉडी पर नहीं पड़े। बिना कफन के बॉडी को देखकर लोगों के दिल दहल जाते हैं। उन्होंने बताया कि एक माह में लगभग 100 से भी अधिक कफन की आवश्यकता होती है। इस आवश्यकता की पूर्ति वर्ष भर सहजता के साथ करवाए जाने का बीड़ा कर्मयोगी सेवा संस्थान द्वारा उठाया जाएगा।