21 फीट ऊंचे रथ पर होकर सवार प्रभु जगन्नाथ नगर भ्रमण कर अपने धाम लौटे

0
15

कोटा। रंग-बिरंगे कपड़ों और फूलों से सजे भव्य व दिव्य 21 फीट ऊंचे हाईड्रोलिक रथ पर सवार जगत प्रभु भगवान जगन्नाथ ढोल, नगाड़े और शंख की ध्वनि एवं भक्तिमय माहौल में बलभद्र और सुभद्रा संग दर्शन देते मुकंदरा स्थित अपने धाम पधारे।

भगवान जगन्नाथ की सोमवार को गीता भवन से रथयात्रा प्रारंभ हुई। रथ यात्रा में विशेष अतिथि श्रीराम रेयंस के पूर्व सीईओ वीके जेटली, कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला मौजूद थे।

रथ यात्रा का प्रारंभ शंखनाद की ध्वनि तथा भगवान की आरती के साथ हुआ। तत्पश्चात रथ को खींचने से पहले हजारों वर्ष पुरानी परंपरा का पालन करते हुए भगवान जगन्नाथ के रथ के आगे मार्ग की झाडू से सफाई की गई। रथ पर सवार होकर प्रभु जगन्नाथ दर्शन देते हुए आगे बढ़ रहे थे।

हरे कृष्ण मूवमेंट हर साल भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा का आयोजन करता है। रथ यात्रा गीता भवन से न्यू क्लॉथ मार्केट, सरोवर मार्ग, सेवन वंडर पार्क, कोटरी रोड़, गुमानपुरा फ्लाईओवर के नीचे से होते हुए, घोड़े वाले बाबा चौराहा से रात्रि 8.15 बजे दशहरा मैदान पर यात्रा समाप्त हुई।

1500 किलो फूलो से स्वागत
मंदिर के उपाध्यक्ष राधाप्रिय दास ने बताया कि भगवान जगन्नाथ के आनंद हेतु भक्तों ने भगवान पर अनेकों प्रकार के फूलों से वर्षा की। यात्रा में 1500 किलो फूलो से भगवान जगन्नाथ का स्वागत सत्कार किया गया। साथ ही साथ 800 किलो बूंदी प्रसादम यात्रा के दौरान वितरित किया गया। यात्रा के दौरान प्रभु जगन्नाथ को अनेकों प्रकार के व्यंजनों जैसे कचौरी, ठंडाई , बर्फी इत्यादि का भोग लगाकर भक्तों में वितरित किया गया।