भारतीय योग संस्थान का महिला योग शक्ति दिवस 25 दिसंबर को

0
100

कोटा। भारतीय योग संस्थान की ओर से हर वर्ष देश व विदेश में महिला योग शक्ति दिवस का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में भारतीय योग संस्थान कोटा विभाग की ओर से 25 दिसंबर को सुबह 6:30 से 8:30 बजे एलन सौहार्द सभागार जवाहर नगर कोटा में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

भारतीय योग संस्थान के कोटा विभागाध्यक्ष राजेश चतर ने प्रेस वार्ता में बताया कि इसका उद्देश्य महिलाओं को स्वयं के स्वास्थ्य के लिए जागरूक करना, परिवार के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा महिलाओं को योग से जोड़ना व उनका सशक्तीकरण करना है। इस कार्यक्रम का सम्पूर्ण सञ्चालन जिसमे दीप प्रज्जवलन से लेकर आसन, प्राणायाम व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी महिलाओं द्वारा होती है।

कार्यक्रम में कोई भी आम जन भाग ले सकता है, जो महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो। इस अवसर पर जिला प्रधान सीएल वर्मा, अर्चना जैन, संतोष गुप्ता, रूचि गुप्ता तथा अशोक जैन व वत्सल उपस्थित थे। क्षेत्रीय प्रधान एवं मीडिया संयोजक अंकेश जैन ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क है। महिलाए अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसका लाभ उठाये।

इस कार्यक्रम में महिला रोग निवारण के विशेष आसन व प्राणायाम महिला प्रशिक्षकों द्वारा करवाए जाएंगे, जिसमे पद्मासन, गहरे लम्बे श्वास, सूर्य नमस्कार, वृक्षासन, वक्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, सिंह गर्जना, सर्पासन व उत्तानपाद हस्तासन साथ ही प्राणायाम में भस्त्रिका व अग्निसार प्रमुख है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एलन के डायरेक्टर गोविन्द माहेश्वरी होंगे। साथ ही संस्थान के सातों जिले के जिला प्रधान एवं सभी अधिकारीगण भी उपस्थित होंगे।

राजेश चत्तर व सीएल वर्मा ने बताया कि 20 व 21 जनवरी को एलन के समुन्नत सभागार में भारतीय योग संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष देश राज के सानिध्य में युवाओं के लिए योग तथा महिला रोग एवं योग विषय पर राजस्थान प्रान्त का सामूहिक कार्यक्रम होगा। जिसमे राजस्थान के सभी केंद्र भाग लेंगे।