जनप्रतिनिधि का दायित्व विकास समावेशी और गैर-पक्षपातपूर्ण होः बिरला

0
60

कोटा। संसदीय क्षेत्र कोटा-बूंदी के प्रवास पर आए लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कोटा दक्षिण विधानसभा के केशवपुरा क्षेत्र में प्रबुद्धजन से संवाद और वरिष्ठजन का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 से उन्हें केशवपुरा क्षेत्र के लोगों का अपार प्यार और स्नेह निरंतर मिला है। इस क्षेत्र के लोगों की भाईचारे और आपसी प्रेम की संस्कृति ने उन्हें सदैव जनसेवा को प्रेरित किया है। उनका भी प्रयास रहा है कि सर्वांगीण विकास के माध्यम से जनता के इस प्रेम का कर्ज चुका सकें।

स्पीकर बिरला ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कारण विश्व में भारत की एक नई पहचान बनी है। वे जहां भी जाते हैं, सभी देश उनका बेहद सम्मान करते हैं। यह सम्मान 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। आज पूरा विश्व मान रहा है कि वर्ष 2047 तक भारत दुनिया का नेतृत्व करेगा, यह भी मोदी जी के कारण ही है तो देश को सक्षम नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं।

बिरला ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि विकास समावेशी और गैरपक्षपातपूर्ण हो। चुनाव के बाद जनप्रतिनिधि का दृष्टिकोण व्यक्ति, विधानसभा या प्रदेश के लिए समान होना चाहिए। ऐसा नहीं होना चाहिए कि एक ही शहर में सिर्फ एक विधानसभा क्षेत्र का विकास हो और दूसरे को महज इस कारण विकास से वंचित कर दिया जाए क्योंकि वहां के लोगों ने दूसरी विचारधारा का जनप्रतिनिधि चुना है। यह लोकतंत्र के लिए न्यायपूर्ण स्थिति नहीं है।

विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने पिछले साढ़े चार साल में प्रदेश की जनता को सिर्फ ठगने का काम किया है। न किसानों का कर्ज माफ हुआ, न बेरोजगारों का भत्ता मिला, न लोगों को अस्पतालों में निशुल्क उपचार मिला और अब फ्री बिजली का झांसा देकर गरीब लोगों को सरचार्ज के नाम पर लूटने का काम कांग्रेस सरकार कर रही है। कोटा शहर में विकास के नाम पर सारा पैसा कोटा उत्तर विधान सभा में लगा दिया। रिवर फ्रंट और ऑक्सीजोन के नाम पर जो सफेद हाथी खड़े किए गए हैं, उनमें प्रवेश इतना महंगा रखा है कि आमजन और गरीब व्यक्ति तो वहां जाने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाएगा।

उन्होंने कहा कि कोटा दक्षिण में कुछ लोग स्वयं पर दर्ज आपराधिक मुकदमों को गिनाकर आमजन को डराने का काम कर रहे हैं। पुलिस में मुकदमे तो भाजपा कार्यकर्ताओं पर भी दर्ज हुए हैं, लेकिन यह सभी मुकदमें जनता के हित और भ्रष्टाचार के खिलाफ किए गए संघर्ष का नतीजा है, जिसे हम गर्व से स्वीकार करते हैं। जनता के हित में यदि और भी मुकदमे लगते हैं तो भाजपा कार्यकर्ता उसके लिए तैयार है क्योंकि उसे जनता के लिए संघर्ष की प्रेरणा लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला के व्यक्तित्व से मिल रही है।

कार्यक्रम को भाजपा शहर जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी, नगर निगम, कोटा दक्षिण के नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी और स्थानीय पार्षद नंद कंवर हाड़ा ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कविता पचवारिया, भाजपा शहर जिला महामंत्री जगदीश जिंदल, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष सुदर्शन गौतम पूर्व पार्षद बृजमोहन सेन, लालचंद गुप्ता, नरेंद्र सिंह हाड़ा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।