शुद्ध वातावरण के लिए पेड़ों का होना बहुत आवश्यक: विधायक शर्मा

0
111

पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान

कोटा। विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि जागरूक समाज ही शहर को प्रदूषण मुक्त कर सकता है। उन्होंने पर्यावरण की रक्षा के लिए नागरिकों से एकजुट होने का आह्वान किया। वे शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शहर को बचाने के लिए चंबल को प्रदूषण मुक्त करना एवं शुद्ध वातावरण के लिए पेड़ों का होना बहुत आवश्यक है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि मुकुंदरा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र निदेशक शारदा प्रताप सिंह ने पर्यावरण की रक्षा के लिए स्वच्छता पर जोर देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार बहुत कुछ कर रही है, इसमें हर नागरिक का सहयोग वांछनीय है। प्लास्टिक, पॉलिथीन के कचरे का निष्पादन अपने ही देश में शुरू हो गया है, जो अन्य शहरों में भी मॉडल बन सकता है।

इस अवसर पर खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता ने कोटा के आसपास हो रहे अवैध खनन पर चिंता व्यक्त करते हुए वन अधिकारियों से इस पर लगाम लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वन विभाग में ही क्या हर विभाग में ही पर्याप्त स्टाफ का अभाव है।

कार्यक्रम में मंडल वन अधिकारी जयराम पांडे ने वन भूमि पर हो रहे अवैध खनन की चुनौतियों की चर्चा करते हुए कहा कि विभाग सीमित संसाधनों में अपने कर्तव्यों की पालना करने में पीछे नहीं उठेगा।

उन्होंने वन क्षेत्र में हो रहे वन संरक्षण और स्मृति वन लव कुश वाटिका बॉटनिकल गार्डन, नगर वन एवं आने वाले समय में व्यापक पौधारोपण की चर्चा की। चंबल संसद के अध्यक्ष कुंज बिहारी नंदवाना ने वन एवं वन्य जीव संरक्षण चंबल नदी को प्रदूषण से मुक्त करने के लिए नागरिकों से संगठित होने का आह्वान किया।

शंकर आसकंदानी ने पर्यावरण में योगदान देने वालों की प्रशंसा की। गायत्री परिवार के मुख्य ट्रस्टी एवं चंबल संसद के संरक्षक जीडी पटेल ने गायत्री परिवार द्वारा विकसित श्रीराम शर्मा वन वाटिका के प्रयासों की जानकारी दी। शिक्षाविद डॉक्टर मदन मोहन ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इनका हुआ सम्मान: चंबल संसद के समन्वयक बृजेश विजयवर्गीय ने बताया की कार्यक्रम में पर्यावरण वन वन्यजीवों के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले महेश चंद्र श्रीवास्तव, कमला नंदवाना, संजय पारीक, विनोद चतुर्वेदी, संदीप नरूका, गौरव गुप्ता, कपिल भट्ट, डीके शर्मा, वनपाल धर्मराज टाटावत, वन रक्षक नीतू मालव, समाज सेवी रश्मि गौड़, बनवारी पंचोली, श्रीराम वाटिका से ललित सोनी, प्रेम नगर समेत एक दर्जन से अधिक पर्यावरण प्रेमियों का सम्मान किया गया।

इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिकों में ईश्वर लाल सैनी, शशि गौतम, डॉ, वीके सक्सेना, डॉ, विनीत महोबिया, डॉ, कृष्णेंद्र सिंह, मुकेश सुमन, चतुर्भुज जोशी एवं गायत्री परिवार ट्रस्ट के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पर्यावरणविद गीता दाधीच ने किया।