दिल्ली मेयर चुनाव: आप की शैली निर्विरोध मेयर चुनी, भाजपा प्रत्याशी ने छोड़ा मैदान

0
75

नई दिल्ली। Delhi Mayor Election: दिल्ली मेयर चुनाव में बुधवार को एक बड़ा उलट-फेर देखने को मिला। भाजपा उम्मीदवार शिखा राय ने वोटिंग से ऐन पहले ही मैदान छोड़ दिया, जिससे आम आदमी पार्टी (आप) की प्रत्याशी शैली ओबरॉय निर्विरोध मेयर चुन ली गईं।

जानकारी के अनुसार, चुनाव में हिस्सा लेने के लिए सदन में पहुंचीं भाजपा उम्मीदवार शिखा राय ने वोटिंग से पहले ही अपना नाम चुनाव से वापस ले लिया। इसके बाद ‘आप’ की प्रत्याशी शैली ओबरॉय को मेयर निर्वाचित घोषित कर दिया गया। नाम वापस लेने के दौरान शिखा राय ने कहा, ”निगम की स्थायी समिति को बनने दें। सभी लोग जो वोट करने आए थे उनका धन्यवाद।”

शैली ओबरॉय आज दूसरी बार दिल्ली की मेयर चुनी गई हैं। इससे पहले वह 22 फरवरी को दिल्ली की मेयर चुनी गई थीं। उन्होंने भाजपा की रेखा गुप्ता को 34 मतों के अंतर से हराया था। शैली को 150 वोट मिले थे, जबकि रेखा को कुल 266 वोट में से 116 वोट मिले थे।

बता दें कि, दिल्ली में मेयर पद के लिए होने वाले चुनाव में सीधा मुकाबला आम आदमी पार्टी की शैली ओबरॉय और भारतीय जनता पार्टी की नेता शिखा राय के बीच था। दिल्ली नगर निगम में आप सत्तारूढ़ है।

दिल्ली में मेयर पद के लिए बारी-बारी से एक-एक साल के पांच कार्यकाल के लिए चुनाव होता है। पहले वर्ष में मेयर का पद महिलाओं, जबकि तीसरे वर्ष में आरक्षित श्रेणी के लिए होता है। अन्य तीन वर्षों (दूसरे, चौथे और पांचवें) में यह पद अनारक्षित श्रेणी के लिए होता है।