राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज जयपुर में संविधान पार्क का करेंगी लोकार्पण

0
179

जयपुर। सेना के विशेष विमान से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर पर पहुंचेगी। यहां से सिविल लाइंस पहुंचकर राजभवन में बने संविधान पार्क का लोकार्पण करेंगी। सुबह 11.20 बजे से यह कार्यक्रम है। राष्ट्रपति के लिए राजभवन में लंच भी रखा गया है।

राष्ट्रपति मुर्मू राजभवन में कथौड़ी और सहरिया आदिवासी समूहों के साथ संवाद भी करेंगी। वह संविधान पार्क में बने मयूर स्तम्भ, फ्लैग पोस्ट, गांधी प्रतिमा और महाराणा प्रताप की अपने प्रिय घोड़े चेतक के साथ स्थापित प्रतिमा भी देखेंगी। प्रोग्राम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, नगरीय विकास और आवासन मंत्री शांति धारीवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शिरकत करेंगे।

राज्यपाल कलराज मिश्र की पहल पर राजस्थान देश का पहला ऎसा राज्य बन गया है जहां आमजन में संवैधानिक जागरुकता लाने के लिए राजभवन में संविधान पार्क बनाया गया है। राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने 26 जनवरी 2022 को राजभवन में संविधान पार्क का शिलान्यास किया था।

ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रोग्राम में होंगी मुख्य अतिथि
दोपहर बाद राष्ट्रपति माउंट आबू में ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से जाएंगी। जहां वह मुख्य अतिथि होंगी। इसके बाद उनका माउंट आबू में ही डिनर और नाइट स्टे का प्रोग्राम है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ब्रह्माकुमारी संस्था के साथ लंबे वक्त से जुड़ाव है। वह उनके कार्यक्रमों में शामिल होती रही हैं। राष्ट्रपति 4 जनवरी तक राजस्थान दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति बनने के बाद उनका यह पहला राजस्थान दौरा है।

स्काउट-गाइड जंबूरी में करेंगी शिरकत
4 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सेना के विमान से जोधपुर जाएंगी। वह पाली के रोहट पहुंचकर भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की राष्ट्रीय जंबूरी में शामिल होंगी। 4 से 10 जनवरी तक राष्ट्रीय जम्बूरी होने जा रही है। जिसमें राष्ट्रपति दौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि रहेंगी। जबकि राज्यपाल कलराज मिश्र समारोह की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और भारत स्काउट गाइड के अध्यक्ष अनिल जैन विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। मुख्य समारोह 4 जनवरी को दोपहर 3.15 बजे शुरू होगा। इस जम्बूरी में 400 विदेशियों समेत भारत के विभिन्न राज्यों से करीब 35 हजार स्काउट और गाइड हिस्सा लेने आए हैं।

बीकानेर सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट की रखेंगी आधारशिला
राष्ट्रपति का आज राजस्थान में सौर ऊर्जा क्षेत्रों के लिए ट्रांसमिशन सिस्टम का भी उद्घाटन करने और 1000 मेगावाट के बीकानेर सोलर एनर्जी पार्क प्रोजेक्ट की आधारशिला रखने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। शाम को माउंट आबू में राष्ट्रपति प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में ब्रह्म कुमारियों की ओर आयोजित ‘राइज-राइजिंग इंडिया थ्रू स्पिरिचुअल एम्पावरमेंट’ पर एक राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत करेंगी। जिसमें वह ऑनलाइन सिकंदराबाद, तेलंगाना में ब्रह्म कुमारीज साइलेंस रिट्रीट सेंटर का भी उद्घाटन करेंगी। मध्य प्रदेश के इंदौर में ब्रह्म कुमारियों के सभागार और आध्यात्मिक कला दीर्घा की आधारशिला भी रखेंगी।
फॉलो करें और पाएं ताजा अपडेट्स