विदेशी मुद्रा भंडार में फिर कमी, 1.09 अरब डॉलर घटकर 529.99 अरब डॉलर रहा

0
154

मुंबई। देश के विदेशी मुद्रा भंडार में फिर कमी आई है। चार नवंबर 2022 को समाप्त सप्ताह में यह 1.09 अरब डॉलर घटकर 529.99 अरब डॉलर रह गया। इसका कारण स्वर्ण भंडार में आई भारी गिरावट है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।

रिजर्व बैंक के मुताबिक 28 अक्टूबर 2022 को समाप्त सप्ताह में अपना विदेशी मुद्रा भंडार 6.56 अरब डॉलर बढ़ा था। उस समय यह बढ़ कर 531.08 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। यह वर्ष के दौरान किसी एक सप्ताह में आई सबसे अधिक तेजी थी। एक साल पहले अक्टूबर, 2021 में देश का विदेश मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के अबतक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था।

देश के मुद्रा भंडार में गिरावट आने का मुख्य कारण यह है कि वैश्विक घटनाक्रमों की वजह से रुपये की गिरावट को थामने के लिए केन्द्रीय बैंक मुद्रा भंडार से मदद ले रहा है। खुले बाजार में भी रुपये की कीमत थामने के लिए डॉलर की बिक्री करनी पड़ रही है। इसी वजह से डॉलर का भंडार कम हो रहा है।

एफसीए में भी कमी
रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, चार नवंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान मुद्रा भंडार का महत्वपूर्ण घटक मानी जाने वाली, विदेशी मुद्रा आस्तियां (FCA) 12 करोड़ डॉलर घटकर 470.73 अरब डॉलर रह गयीं। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में मुद्रा भंडार में रखे यूरो, पौंड और जापानी येन जैसे गैर डॉलर मुद्रा के मूल्य में आई कमी या बढ़त के प्रभावों को दर्शाया जाता है।

स्वर्ण भंडार और एसडीआर में भी कमी
आंकड़ों के अनुसार, मूल्य के संदर्भ में देश का स्वर्ण भंडार 70.5 करोड़ डॉलर घटकर 37.057 अरब डॉलर रह गया। केंद्रीय बैंक ने कहा कि विशेष आहरण अधिकार (SDR) 23.5 करोड़ डॉलर घटकर 17.39 अरब डॉलर रह गया है।