जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के सामूहिक प्रयास हों: बिरला

0
228

लोक सभा अध्यक्ष ने लॉयन्स क्लब की ओर से 50 महिलाओं को भेंट की सिलाई मशीन

कोटा। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को भाईदूज के अवसर पर 50 महिलाओं को सिलाई मशीन भेंट कर आत्मनिर्भरता का तोहफा दिया। इस अवसर पर उन्होंने समाज का आव्हान किया कि जरूरतमंद महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए आगे आएं।

लायन्स क्लब की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्पीकर बिरला ने कहा कि सामूहिकता से प्रयास करने पर ही समाज में अंतिम व्यक्ति को सशक्त करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि यदि देश को आत्मनिर्भर बनाना है तो प्रत्येक व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाना होगा।

उन्होंने कहा कि हम जितना अधिक स्थानीय स्तर पर बनाए गए प्रोडक्ट्स और सेवाओं को खरीदेंगे उतनी ही अधिक आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। जिन महिलाओं को सिलाई मशीन दी गई है, उनके बनाए कपड़ों को बाजार उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयास किए जाने चाहिएं। उनका स्किल डवलपमेंट करवाया जाए ताकि वे समय और मांग के अनुसार उत्पाद तैयार कर सकें।

बिरला ने कहा कि जरूरतमंद महिलाएं जो सिलाई के माध्यम से अपना घर चला रही हैं, उन्हें सिलाई मशीन देने की पहल अनूठी है। प्रारंभ में 50 महिलाओं को मशीन दी गई हैं, आने वाले समय में इन्हें अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाया जाएगा।

विशिष्ठ अतिथि कंसल्टिंग इंजीनियर्स गु्रप लि के मैनेजिंग डायरेक्टर विश्वास जैन ने कहा कि समाज को देने की पहल स्वयं से शुरू की जानी चाहिए। हम स्वयं भी जरूरतमंद लोगों की मदद की प्रेरणा प्राप्त करें और उनकी सहायता कर दूसरों के लिए भी प्रेरणा बनें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता लायन्स क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र जैन ने की। इस दौरान क्लब के सचिव पुरूषोत्तम पालीवाल सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। संचालन अशोक नुवाल ने किया।

लाभान्वितों में कारोना पीड़ित और विधवा महिलाएं
संयोजक पार्षद नंद कंवर हाड़ा ने बताया कि चिन्हित की गई अधिकांश महिलाएं वे हैं जिनके पति की कोरोना या अन्य कारणों से मृत्यु हो गई। अब यह महिलाएं सिलाई कर स्वयं परिवार का बोझ उठा रही हैं। इनमें से कई कि मशीनें पुरानी थीं, जिनको बदलने की तत्काल आवश्यकता थी। इसके लिए लायन्य क्लब से सम्पर्क करने पर उन्होंने महिलाओं की सहायता की पहल की।