सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिश्रम ने देश में रेल नेटवर्क को बनाया मजबूतः बिरला

0
205

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि रेलवे ने देश में सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अथक परिश्रम के कारण ही देश में मजबूत रेल नेटवर्क स्थापित हुआ। देश के प्रति उनका यह योगदान प्रशंसनीय है। वे सोमवार को सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों के स्नेह मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

ऑल इंडिया रिटायर्ड रेलवेमेन्स फेडरेशन के तत्वावधान में उमरावमल पुरोहित सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रेल भारत को जोड़ने का काम करती है। यह सस्ती, सुलभ तथा सुरक्षित यात्रा का माध्यम है। देश में जहां भी रेल पहुंची, वहां विकास होता चला गया। आजादी के बाद देश को रेल के प्रत्येक कौने तक पहुंचाने का कार्य सेवानिवृत्त हो चुके रेल कर्मचारियों ने ही किया।

उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों के दीर्घकालिक अनुभव का लाभ देश को मिलते रहना चाहिए। वे अपने सुझाव देते रहें ताकि रेलनेटवर्क को और मजबूत बनाने के साथ यात्री सुविधाओं में विस्तार किया जा सके। उन्होंने सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का प्रयास करने को आश्वस्त किया तथा कर्मचारियों का सम्मान भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि भारत विविधता भरा देश है। रेलों के माध्यम से ही विविध संस्कृति वाले प्रदेश आपस में जुड़े हुए हैं। इससे हमारा सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी बढ़ा है।

वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के मंडल सचिव मुकेश गालव ने सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख कर स्पीकर बिरला से निराकरण करवाने का आग्रह किया। इससे पूर्व फेडरेशन के अध्यक्ष केसी रावत और सचिव एससी गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया।