सेंसेक्स 1016 अंक उछल कर 58,649 पर बंद, मार्केट कैप 3.53 लाख करोड़ बढ़ा

0
410

मुंबई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स बुधवार को 1016 अंक उछल कर 58,649 अंक पर बंद हुआ। मार्केट कैप में 3.53 लाख करोड़ रुपए की बढ़त रही। मंगलवार को यह 260.67 लाख करोड़ रुपए था। आज 264.20 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

मारुति, बजाज फाइनेंस, SBI और बजाज फिनसर्व के शेयर 3-3% से ज्यादा बढ़े। जबकि सनफार्मा, एशियन पेंट्स, ICICI बैंक, एयरटेल, इंफोसिस और टाटा स्टील के शेयर 2-2% बढ़कर बंद हुए। बाजार में बैंकिंग और IT सेक्टर के शेयर्स ने धमाल मचाया।

दरअसल आज भारतीय रिजर्व बैंक ने पॉलिसी की दरों में कोई कटौती नहीं की। रिजर्व बैंक ने रेपो रेट को जस का तस रखा है। जबकि ओमिक्रॉन से पहले रेट में बढ़त किए जाने की उम्मीद की जा रही थी। सेंसेक्स आज 525 पॉइंट्स ऊपर 58,158 पर खुला था। इसके बाद इसमें तेजी की रफ्तार शुरू हो गई।

सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से आज केवल कोटक बैंक और पावरग्रिड के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। बाकी 28 शेयर्स अच्छी खासी बढ़त में रहे। सेंसेक्स ने आज दिन में 58,702 का ऊपरी स्तर जबकि 58,122 का निचला स्तर बनाया।

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 293 अंकों की बढ़त के साथ 17,469 पर बंद हुआ। यह 17,315 पर खुला था और दिन में 17,484का हाई बनाया। 17308 का इसने निचला स्तर भी बनाया। इसके 50 शेयर्स में से 45 शेयर बढ़त में हैं और 5 शेयर गिरावट में बंद हुए।

आईटी शेयर्स में तेजी
इसके बढ़त वाले शेयर्स में विप्रो, इंफोसिस और HCL टेक हैं। इनमें 2 से 3% की तेजी आई है। टेक महिंद्रा और ONGC भी 2-2% की तेजी में रहे। गिरावट वाले शेयर्स में कोल इंडिया और NTPC रहे। निफ्टी नेक्स्ट 50, मिडकैप, निफ्टी बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेस इंडेक्स तेजी में हैं। इससे पहले कल बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 886 पॉइंट्स (1.56%) की बढ़त के साथ 57,633 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 267 अंक बढ़कर 17169 पर बंद हुआ। लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में 3.54 लाख करोड़ रुपए की बढ़त हुई थी।