नई दिल्ली। Sugar Production In India: चीनी उद्योग के लिए 2026-27 का पेराई सीजन (अक्टूबर-सितंबर) चुनौतियों और अस्थिरता से भरा साबित हो रहा है। मौसम की अनियमितता और प्रमुख उत्पादक देशों में फसल को हुए नुकसान के कारण वैश्विक और घरेलू दोनों स्तरों पर चीनी उत्पादन में गिरावट दर्ज की जा रही है।
वैश्विक चीनी उत्पादन में लगभग 5 प्रतिशत की गिरावट आने का अनुमान है। उत्पादन घटकर 17.81 करोड़ मीट्रिक टन रह सकता है। आपूर्ति में इस संभावित कमी से अंतरराष्ट्रीय बाजार से लेकर भारतीय थोक और खुदरा मंडियों तक चीनी की कीमतों को नई ऊंचाई पर पहुंचा सकता है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीनी की आपूर्ति श्रृंखला दबाव में है। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 2026-27 सीजन में वैश्विक चीनी उत्पादन करीब 5 प्रतिशत घटकर 17.81 करोड़ टन रहने का अनुमान है, जो पिछले सीजन में 18.71 करोड़ टन था।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय चीनी संगठन (ISO) ने भी उत्पादन में 1 प्रतिशत की गिरावट के साथ इसके 18.01 करोड़ टन रहने और वैश्विक स्तर पर करीब 2 लाख टन के घाटे की आशंका जताई है।
भारत, यूरोपीय संघ, थाईलैंड, फिलीपींस और ऑस्ट्रेलिया में प्रतिकूल मौसम के कारण वैश्विक उत्पादन में गिरावट आने की आशंका जताई जा रही है। अल-नीनो के प्रभाव से जहां ब्राजील के कुछ हिस्सों में अत्यधिक बारिश ने पेराई को प्रभावित किया, वहीं भारत और थाईलैंड में सूखे की स्थिति ने गन्ने की पैदावार घटा दी।
हालांकि, चीन और रूस में बेहतर उत्पादन से इस वैश्विक कमी की आंशिक भरपाई होने की उम्मीद है। वैश्विक खपत 17.64 करोड़ टन पर स्थिर रहने के कारण विश्व का अंतिम स्टॉक गिरकर 15 वर्षों के निचले स्तर 3.98 करोड़ टन तक पहुंचने का अनुमान है। । यह 2011-12 के बाद का सबसे निचला स्तर होगा।
दुनिया के दूसरे सबसे बड़े चीनी उत्पादक भारत में भी उत्पादन का गणित बिगड़ता दिख रहा है। घरेलू रेटिंग एजेंसियों और उद्योग संगठनों के अनुसार, 2026-27 में भारत का कुल चीनी उत्पादन घटकर 270 से 290 लाख टन के बीच रह सकता है।
महाराष्ट्र में 300 से अधिक तालुकाओं में सूखे और कर्नाटक के जलाशयों में पानी की कमी के कारण गन्ने की रिकवरी दर प्रभावित हुई है। उत्तर प्रदेश में भी अक्टूबर के अंत में हुई बेमौसम बारिश ने शुरुआती रिकवरी को झटका दिया।
अमेरिकी कृषि विभाग के अनुसार भारत में 2026-27 के दौरान चीनी उत्पादन 295 लाख टन रहने का अनुमान है, जो 2025-26 के अनुमानित 300 लाख टन से 5 लाख टन कम है। हालांकि मिलों द्वारा समय से पहले पेराई शुरू करने के कारण शुरुआती आपूर्ति में तेजी आई है।
इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के आंकड़ों के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 तक देश में 23.59 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका है, जो पिछले साल की समान अवधि (11.49 लाख टन) की तुलना में दोगुने से भी अधिक है।
देश में चीनी की खपत 2 प्रतिशत बढ़कर 3.08 करोड़ टन रहने का अनुमान है। शहरीकरण और आय में वृद्धि के कारण शीतल पेय, बेकरी उत्पादों तथा अन्य प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ रही है। औद्योगिक मांग को खपत में वृद्धि का प्रमुख कारण माना गया है।
घरेलू मांग पूरी करने के लिए भारत को लगभग 30 लाख टन चीनी आयात करनी पड़ सकती है। इसमें टैरिफ रेट कोटा (TRQ) के तहत 10 लाख टन शुल्क-मुक्त आयात भी शामिल है।
भारत में सीजन के अंत में चीनी का भंडार घटकर 43 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले 20 वर्षों का सबसे निचला स्तर होगा। घरेलू उपलब्धता कम होने के कारण चीनी निर्यात में भी 13 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है।
इसके 31 लाख टन रहने का अनुमान है, जो एक दशक का सबसे निचला स्तर होगा। यूएसडीए के अनुसार, भारत का चीनी आयात 2025-26 के 33.30 लाख टन से घटकर 2026-27 में 30.30 लाख टन रह सकता है।
उत्पादन में गिरावट की आशंका और घटते स्टॉक का सीधा असर कीमतों पर पड़ा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्ची चीनी की कीमतें अक्टूबर 2026 में 445 से 450 डॉलर प्रति टन के करीब पहुंच गईं, जो पिछले साल के मुकाबले काफी अधिक हैं। हालांकि, नवंबर के अंत में भारत की तेज पेराई की खबरों से वैश्विक कीमतों में कुछ नरमी आई है और यह 17 सेंट प्रति पाउंड के आसपास स्थिर हो रही हैं।
चीनी उद्योग के विशेषज्ञों का मानना है कि पेराई खत्म होने के बाद एक बार फिर से कीमतों में तेजी आना शुरु होगी। वैश्विक और घरेलू स्तर पर उत्पादन कम होने से इस बार की तेजी हाल ही में आयी तेजी से कहीं ज्यादा होगी।
चीनी कीमतों को लेकर सरकार सतर्क
त्योहारी सीजन में घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों में सालाना आधार पर करीब 30 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। नवंबर 2026 में अखिल भारतीय स्तर पर औसत खुदरा कीमतें 55 से 60 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गईं। थोक बाजार में महाराष्ट्र की एस-ग्रेड चीनी 5,080 से 5,140 रुपये प्रति क्विंटल और उत्तर प्रदेश की एम-ग्रेड चीनी 5,550 से 5,650 रुपये प्रति क्विंटल के उच्च स्तर पर बनी हुई है।
कीमतों को नियंत्रित करने और जमाखोरी रोकने के लिए केंद्र सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं। सरकार ने एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के डायवर्जन पर रोक लगा दी है, व्यापारियों पर स्टॉक सीमा लागू की है और 31 दिसंबर 2026 तक 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी महीनों में पेराई की रफ्तार और सरकारी नीतियां ही तय करेंगी कि आम उपभोक्ता को महंगी चीनी से कितनी राहत मिल पाती है।

